क्रिकेट
- Authored by: उमेश कुमार
- Updated Jul 11, 2026, 02:31 PM IST
नेपाल क्रिकेट बोर्ड तीन टी20 मैच की सीरीज के लिए इंडिया ए टीम की मेजबानी करेगा। सीरीज का शेड्यूल जारी करते हुए नेपाल क्रिकेट बोर्ड ने इसकी पुष्टि की। यह सीरीज इस साल के आखिरी महीने में खेली जाएगी। इंडिया ए टीम में आईपीएल के स्टार खिलाड़ियों को शामिल किए जाने की संभावना है।
![]()
इंडिया-ए टीम करेगी नेपाल का दौरा। फोटो- BCCI
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के इंग्लैंड दौरे के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। टीम इंडिया के नेपाल दौरे का ऐलान हुआ है। भारतीय मेंस ए टीम इस साल के अंत यानी दिसंबर में नेपाल का दौरा करेगी। इस सीरीज की पुष्टि एडिनबर्ग में हुई आईसीसी की सालाना कॉन्फ्रेंस के दौरान, बीसीसीआई और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल (CAN) के अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद की गई।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। शेड्यूल के मुताबिक, पहला टी20 मैच 9 दिसंबर को खेला जाएगा। दूसरा मैच 11 दिसंबर को और तीसरा मैच 13 दिसंबर को खेला जाएगा। सीरीज के सभी मुकाबले कीर्तिपुर स्थित त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाएंगे।
नेपाल को मिलेगा फायदा
इंडिया ए टीम का नेपाल दौरा उनके क्रिकेट के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि इंडिया ए टीम में आईपीएल में उम्दा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जगह मिल सकती है। ऐसे में नेपाल की टीम को एक मजबूत से मुकाबला करने को मिलेगा। यह सीरीज BCCI और नेपाल के क्रिकेट बोर्ड के बीच बढ़ते अच्छे रिश्तों को दर्शाती है।
भारत में ली है क्रिकेट की ट्रेनिंग
याद हो कि साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए नेपाल की टीम ने गुजरात और बड़ौदा की घरेलू टीमों के साथ एक ट्राई सीरीज खेली थी। इसके अलावा बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रैक्टिस की थी। क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 की तैयारी के लिए भी नेपाल की टीम ने भारत में ही अभ्यास किया था।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में किया उम्दा प्रदर्शन
अपने खेल में नेपाल ने जबरदस्त सुधार किया है। साल 2026 टी20 वर्ल्ड कप में नेपाल ने दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने स्कॉटलैंड को बुरी तरह से हराया। वहीं, इंग्लैंड जैसी बड़ी टीम के पसीने छुड़ा दिए थे। नेपाल ने अपने खेल से क्रिकेट फैंस के दिल जीत लिए थे।
![]()
उमेश कुमार author
उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें
- Hindi News
- Sports
- Cricket
End of Article