NEET के नाम पर  AAP के उपद्रवी कर रहे हुड़दंग : संसद में चर्चा से भाग रहा विपक्ष, BJP ने खोले दिल्ली प्रदर्शन के राज - Haribhoomi

Published on 23 जुल॰ 2026

प्रेस वार्ता में विपक्ष पर तीखा हमला बोलकर कहा कि असली नीट अभ्यर्थी अपने भविष्य को लेकर गंभीर होते हैं और धरने-प्रदर्शनों में शामिल नहीं होते। उन्होंने कहा कि विपक्ष विदेशी ताकतों के हाथों खेलकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है।

NEET paper leak protest update

सोनीपत में प्रेस वार्ता करतीं हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता।

  • Published: 23 Jul 2026, 05:53 PM IST
  • Last Updated: 23 Jul 2026, 05:56 PM IST

हरियाणा के सोनीपत में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि विरोधी दल अभ्यर्थियों के कंधों का इस्तेमाल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए कर रहे हैं। सोनीपत में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर नीट (NEET) परीक्षा के नाम पर हंगामा करने वाले असली छात्र नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी से जुड़े हुड़दंगी और उपद्रवी हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नीट विवाद, संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही, दिल्ली में हुए प्रदर्शनों और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर केंद्र सरकार का पक्ष रखा और कांग्रेस, आम आदमी पार्टी तथा समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेताओं की मंशा पर सवाल उठाए। 

संसद छोड़ सड़क पर नाटक कर रहा विपक्ष 
अर्चना गुप्ता ने कहा कि देश में संसद का मानसून सत्र चल रहा है, जहां देश के अहम मुद्दों पर बहस होनी चाहिए लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव संसद में सार्थक चर्चा करने के बजाय सड़कों पर उतरकर माहौल खराब कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार दिनों से विपक्ष लगातार संसद की कार्यवाही में बाधा डाल रहा है और जनता के पैसों की बर्बादी कर रहा है। भाजपा नेता के अनुसार विपक्ष के पास न तो कोई ठोस तथ्य हैं और न ही कोई जायज मुद्दा, इसलिए वे सदन में चर्चा का सामना करने से बच रहे हैं। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष @bjparchanagupta जी ने सोनीपत प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रहित और समसामयिक विषयों पर पार्टी का पक्ष रखा। pic.twitter.com/TgAOeQB5fK

— Haryana BJP (@BJP4Haryana) July 23, 2026

पेपर लीक स्वीकार कर सरकार ने तुरंत लिया एक्शन
नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ी पर बेबाकी से बात रखते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने स्वीकार किया कि परीक्षा में त्रुटि हुई थी और पेपर लीक का मामला सामने आया था। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि केंद्र सरकार ने इस गलती को दबाने की कोशिश नहीं की, बल्कि तत्काल दोबारा परीक्षा करने का फैसला किया।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पेपर लीक से संबंधित मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाएगी, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाई जा सके।

गंभीर छात्र प्रदर्शन नहीं करते, मैं खुद परीक्षार्थियों से मिली हूं 
अर्चना गुप्ता ने कहा कि नीट परीक्षा देने वाले विद्यार्थी अपने करियर को लेकर बेहद गंभीर होते हैं और उनके पास धरना-प्रदर्शनों में समय गंवाने की फुर्सत नहीं होती। उन्होंने बताया कि वे स्वयं पानीपत के सात नीट परीक्षार्थियों से मिल चुकी हैं और दोबारा परीक्षा आयोजित होने के बाद सभी छात्र और उनके अभिभावक पूरी तरह संतुष्ट हैं। 
उन्होंने दावा किया कि जंतर-मंतर पर जो प्रदर्शन हो रहे हैं, वे असली नीट अभ्यर्थी नहीं हैं। इसमें आम आदमी पार्टी के पार्षद, राजनीतिक कार्यकर्ता और हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं, जो छात्रों की आड़ लेकर हिंसा और अराजकता फैलाना चाहते हैं। 

विदेशी ताकतों के प्रभाव और कांग्रेस शासन का दिया हवाला
राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिनका जनाधार समाप्त हो चुका है, वे अब भोले-भाले युवाओं को मोहरा बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज विपक्ष विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है।

अतीत का जिक्र कर उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भी कई बार पेपर लीक हुए थे, लेकिन तब कोई कड़ा कदम नहीं उठाया गया। आज भी तमिलनाडु और झारखंड जैसे गैर भाजपा शासित राज्यों में पेपर लीक के मामले आ रहे हैं, जिन पर विपक्ष चुप है।

अन्ना हजारे ने पवित्र आंदोलन चलाया था... लेकिन केजरीवाल ने फायदा उठाया 
अन्ना हजारे द्वारा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे ने पवित्र आंदोलन चलाया था, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने उसका राजनीतिक फायदा उठाया और बाद में उन्हें भूल गए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह कैबिनेट का निर्णय है और जो भी फैसला होगा वह सर्वमान्य होगा।

दिल्ली पुलिस के जवान की ओर से युवती से कथित अभद्र व्यवहार के वायरल वीडियो पर अर्चना गुप्ता ने कहा कि मामले में जांच जारी है और जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।