अमित शाह से मिले NCP के दोनों गुटों के बड़े नेता, महाराष्ट्र में मचा सियासी भूचाल, विलय की अटकलें तेज!

Published on 27 जुल॰ 2026

अमित शाह से मिले NCP के दोनों गुटों के बड़े नेता, महाराष्ट्र में मचा सियासी भूचाल, विलय की अटकलें तेज!

सुप्रिया सुले ने अमित शाह से की मुलाकात.

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से सोमवार को एनसीपी के दोनों धड़ों, अजित पवार गुट और शरद पवार गुट के नेताओं की अलग-अलग मुलाकातों ने महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है. सबसे पहले अजित पवार गुट के महाराष्ट्र अध्यक्ष सुनील तटकरे ने अमित शाह से मुलाकात की. इसके कुछ समय बाद शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले और बीड से सांसद बजरंग सोनावने ने भी केंद्रीय गृहमंत्री से मुलाकात की.

मुलाकात के बाद सांसद बजरंग सोनावने ने कहा कि हम लोग सुप्रिया सुले की बेटी रेवती के विवाह समारोह के रिसेप्शन का निमंत्रण देने आए थे. इसके अलावा उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े कुछ मुद्दों पर भी गृहमंत्री से चर्चा की.

विलय के बाद एनडीए का हिस्सा बनें दोनों गुट!

हालांकि, राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि बीजेपी चाहती है कि एनसीपी के दोनों धड़े पहले एकजुट हों और उसके बाद (NDA) का हिस्सा बनें. सूत्रों के अनुसार, इसी दिशा में बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व और एनसीपी के दोनों गुटों के बीच बातचीत जारी है. हालांकि, अब तक किसी दल ने भी इन बैठकों के राजनीतिक एजेंडे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

शरद पवार की पीएम मोदी से मुलाकात

इससे पहले शरद पवार की पीएम मोदी और प्रफुल्ल पटेल के साथ बैठक के बाद भी विलय को लेकर अटकलें तेज हुई थीं. हालांकि पीएम मोदी से मुलाकात के बाद शरद पवार ने कहा कि उन्होंने और सुप्रिया सुले ने पीएम के साथ नीट पेपर लीक’ से संबंधित छात्रों की मांगों, किसानों की समस्याओं, जल प्रबंधन और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की थी.

बता दें कि एनसीपी के एक गुट का नेतृत्व शरद पवार कर रहे हैं और दूसरे का अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार नेतृत्व कर रही हैं. सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी एनडीए का हिस्सा है. महाराष्ट्र सरकार में सुनेत्रा पवार डिप्टी सीएम भी हैं. वहीं शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है.

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button