MP Travel Mart 2026: मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट का सातवां संस्करण शुरू, 34 देशों के 100 से अधिक विदेशी टूर ऑपरेटर्स पहुंचे

Published on 7 अक्टू॰ 2026

मध्य प्रदेश ने भोपाल में सातवां एमपी ट्रैवल मार्ट 2026 का उद्घाटन किया, जिसमें 34+ देशों के 600+ प्रतिभागी और 180 घरेलू ऑपरेटर शामिल हुए। इस कार्यक्रम में ग्रामीण, साहसिक और वन्यजीव पर्यटन, एआई-आधारित डिजिटल पर्यटन और बहुभाषी डिजिटल अनुभवों में समझौता ज्ञापनों पर प्रकाश डाला गया, जो मध्य प्रदेश की बढ़ती पर्यटन क्षमता और नए निवेश के अवसरों को रेखांकित करता है।

By Oneindia Staff

Time Published: Wednesday, October 7, 2026, 23:31 [IST]

भोपाल, 7 अक्टूबर 2026: मध्य प्रदेश में पर्यटन को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने और राज्य की पर्यटन संभावनाओं को दुनिया के सामने रखने के उद्देश्य से ‘मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026’ के सातवें संस्करण का बुधवार को शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में इस आयोजन का उद्घाटन किया।

MP Travel Mart 2026 launches in Bhopal

ट्रैवल मार्ट में 34 से अधिक देशों के 100 से ज्यादा विदेशी टूर ऑपरेटर्स, देशभर के 180 घरेलू टूर ऑपरेटर्स और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अन्य प्रतिनिधियों समेत 600 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों, होमस्टे संचालकों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अन्य हितधारकों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पर्यटन अब केवल घूमने-फिरने और प्राकृतिक स्थलों को देखने तक सीमित नहीं है। यह कला-संस्कृति, रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘देखो अपना देश’, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ट्रिपल टी यानी टेक्नोलॉजी, ट्रेड और टूरिज्म के मंत्र ने देश के पर्यटन को नई दिशा दी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि देश में पर्यटन के लिए अनेक स्थान हैं, लेकिन जब भी पर्यटन के लिए निकलें तो सबसे पहले अपने मध्य प्रदेश को चुनें।

2025 में MP पहुंचे 21 करोड़ से ज्यादा पर्यटक

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2025 में प्रदेश में 21 करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंचे, जो वर्ष 2024 की तुलना में 57 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक और वन्यजीव पर्यटन अब मध्य प्रदेश की पहचान बन चुके हैं। प्रदेश के 12 नेशनल पार्क और 9 टाइगर रिजर्व जैव विविधता का बड़ा खजाना हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रैकिंग और एडवेंचर के साथ अब वेलनेस और स्पिरिचुअल टूरिज्म भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। चीतों के पुनर्स्थापना कार्यक्रम के बाद प्रदेश में वन पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में चीतों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है और वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व चीतों का तीसरा आश्रय स्थल बन गया है।

ट्रैवल मार्ट से वैश्विक पर्यटन बाजार में मजबूत होगी पहचान

संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता, परंपराएं और आध्यात्मिक धरोहर देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट पर्यटन क्षेत्र के विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाने के साथ पर्यटकों की संख्या बढ़ाने, नए पर्यटन अवसर विकसित करने और प्रदेश की वैश्विक पर्यटन पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कहा कि प्रदेश पर्यटन क्षेत्र में ‘इंटीग्रेट, इनोवेट और इंस्पायर’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने वर्ष 2025 में पर्यटकों की संख्या में 57 प्रतिशत की वृद्धि को पर्यटन क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

पर्यटन परियोजनाओं के लिए छह महत्वपूर्ण MoU

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड और विभिन्न संस्थाओं के बीच छह महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान हुआ। इन समझौतों में ग्रामीण पर्यटन, साहसिक पर्यटन, मोटरस्पोर्ट्स, फिल्म एवं कंटेंट निर्माण, AI आधारित डिजिटल पर्यटन और वन्यजीव पर्यटन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

AI आधारित डिजिटल टूरिज्म के लिए Explurger से समझौता

Explurger के साथ AI आधारित डिजिटल पर्यटन और पर्यटक अनुभव को मजबूत करने के लिए समझौता हुआ। इसके तहत AI एजेंट के माध्यम से चयनित पर्यटन स्थलों पर बहुभाषी डिजिटल सहायता, पर्यटक मार्गदर्शन और स्टोरीटेलिंग उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा 100 पर्यटन स्थलों पर चरणबद्ध तरीके से 1,000 QR बोर्ड स्थापित किए जाएंगे।

वन्यजीव पर्यटन में ₹520 करोड़ के निवेश की संभावना

राजसन होटल्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ बांधवगढ़, सतपुड़ा और कान्हा टाइगर रिजर्व में प्रस्तावित वन्यजीव पर्यटन परियोजनाओं के विकास के लिए समझौता हुआ है। इस परियोजना में ₹520 करोड़ के संभावित निवेश और करीब 375 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना जताई गई है।

ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे को मिलेगा बढ़ावा

‘ग्राम स्टे–कनेक्टिंग विलेजेज ऑफ India’ के साथ ग्रामीण पर्यटन, डिजिटल विजिबिलिटी और होमस्टे की ऑनलाइन बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए समझौता हुआ। वहीं TVF तथा KRARK फैमिली ऑफिस एवं प्रमोटर ग्रुप के साथ फिल्म निर्माण, कौशल विकास, कंटेंट निर्माण और फिल्म पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए सहयोग किया गया। ATOAI के साथ साहसिक पर्यटन और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने तथा NATRAX के साथ मोटरस्पोर्ट्स और एडवेंचर टूरिज्म के विकास के लिए भी समझौते हुए।

₹60 करोड़ की पर्यटन परियोजनाओं के लिए LOA

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में पर्यटन परियोजनाओं की स्थापना के लिए दो लेटर ऑफ अवार्ड (LOA) भी प्रदान किए गए। ग्वालियर की पालिया कंस्ट्रक्शन को निवाड़ी जिले के ग्राम ओरछा में ₹50 करोड़ के प्रस्तावित निवेश से रिसॉर्ट परियोजना स्थापित करने के लिए LOA दिया गया। वहीं वीरेंद्र जादौन को पन्ना जिले के लक्ष्मीपुर पैलेस में ₹10 करोड़ के प्रस्तावित निवेश से हेरिटेज होटल परियोजना स्थापित करने के लिए LOA प्रदान किया गया।

छह भाषाओं में उपलब्ध होगी MP Tourism की वेबसाइट

वैश्विक पर्यटकों को बेहतर डिजिटल अनुभव देने के लिए मध्य प्रदेश पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट mptourism.com के बहुभाषी संस्करण का भी लोकार्पण किया गया। वेबसाइट अब हिंदी और अंग्रेजी के अलावा जर्मन, स्पैनिश, फ्रेंच और जापानी भाषाओं में भी उपलब्ध होगी।

इसके साथ ही ‘टेलमी डिजीइन्फोटेक’ के सहयोग से विकसित ‘MP Travel Handbook’ का भी शुभारंभ किया गया। यह एक डायनेमिक डिजिटल कॉफी टेबल बुक है, जिसमें 360-डिग्री व्यू, AI स्टोरीटेलिंग, VR लिंक और ऑडियो नैरेशन जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

‘अमृतस्य मध्यप्रदेश’ में दिखी प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत

कार्यक्रम में कोरियोग्राफर मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में 100 से अधिक कलाकारों ने ‘अमृतस्य मध्यप्रदेश’ नामक सांस्कृतिक नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। इस प्रस्तुति में भीमबेटका, सांची, खजुराहो, ग्वालियर और ओरछा की ऐतिहासिक विरासत के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक और वस्त्र परंपराओं को प्रदर्शित किया गया।

प्रस्तुति में मध्य प्रदेश के वन्यजीवों, उज्जैन के सांदीपनि आश्रम, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर और मां नर्मदा के आध्यात्मिक वैभव को भी दर्शाया गया। कार्यक्रम का समापन मां नर्मदा की आरती और वर्ष 2028 के सिंहस्थ कुंभ के दृश्यों के साथ हुआ।

विदेशी टूर ऑपरेटर्स ने साझा किए मध्य प्रदेश के अनुभव

ट्रैवल मार्ट के दौरान मध्य प्रदेश के फेम (FAM) टूर पर आए विदेशी टूर ऑपरेटर्स के अनुभव आधारित वीडियो भी लॉन्च किए गए। इन वीडियो में विदेशी प्रतिनिधियों ने प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, होमस्टे, वन्यजीव और यहां मिले आतिथ्य के अपने अनुभव साझा किए।

आयोजन में पर्यटन मंत्रालय के केंद्रीय सचिव भुवनेश कुमार समेत पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी, फिल्म और ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े कई प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे। 34 से अधिक देशों के विदेशी टूर ऑपरेटर्स और 180 घरेलू टूर ऑपरेटर्स सहित 600 से अधिक प्रतिनिधियों की भागीदारी से मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट को वैश्विक स्तर पर पर्यटन नेटवर्किंग का मंच बनाने पर जोर दिया गया।

Read more about: