MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें: बॉयफ्रेंड को बंधक बनाकर नीट छात्रा से गैंगरेप, सोनम की जमानत रद्द; CM ने 500 रुपए में खरीदा भुट्‌टा - Madhya Pradesh News

Published on 23 जुल॰ 2026

MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

.

दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास.

1. चित्रकूट घूमने गई NEET छात्रा से गैंगरेप, बॉयफ्रेंड को बनाया बंधक

घटना स्थल पर जांच करते हुए पुलिस टीम। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

घटना स्थल पर जांच करते हुए पुलिस टीम। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

सतना के चित्रकूट में घूमने गई NEET छात्रा से तीन युवकों ने गैंगरेप किया। आरोपियों ने खुद को वनकर्मी बताकर छात्रा और उसके बॉयफ्रेंड को रोका। फिर युवक को बंधक बनाकर पहाड़ी पर ले गए और छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद दोनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना ने चित्रकूट जैसे धार्मिक पर्यटन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पढ़ें पूरी खबर

2. उमरिया में जोहिला डैम का गेट खुला, भोपाल में मकान गिरा; बारिश से बढ़ी मुश्किलें

मध्य प्रदेश में लगातार बारिश का असर जारी है। उमरिया में जोहिला डैम का एक गेट खोला गया। भोपाल में एक मकान का हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया। रतलाम रेलवे मंडल में जलभराव और मौसम के असर से सात ट्रेनें देरी से चलीं। कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी है और प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पढ़ें पूरी खबर

3. सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द, तीन हफ्ते में करना होगा सरेंडर

सुप्रीम कोर्ट ने सोनम रघुवंशी की जमानत को रद्द कर दिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने सोनम रघुवंशी की जमानत को रद्द कर दिया है।

राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उसकी जमानत रद्द कर दी और तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करने के आदेश दिए हैं। साथ ही पुलिस को छह महीने में ट्रायल पूरा करने का निर्देश भी दिया गया है। इस फैसले के बाद सोनम को फिर जेल जाना होगा। मामला इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड से जुड़ा है। पढ़ें पूरी खबर

4. दिव्यांग की पुकार पर रुका CM का काफिला, भुट्टा खरीदा और बढ़ाया हौसला

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार दौरे के दौरान बीच रास्ते अपना काफिला रुकवाया। उन्होंने दिव्यांग व्यक्ति से भुट्टा खरीदा, उसे 500 रुपए दिए और पीठ थपथपाकर हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री का यह मानवीय व्यवहार मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे सोशल मीडिया पर काफी साझा किया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर

5. हनीट्रैप गैंग का पर्दाफाश, बेटे को छुड़ाने पहुंचे पिता; VIDEO आया सामने

बेटे को छुड़ाने पहुंचे पिता का वीडियो भी सामने आया है।

बेटे को छुड़ाने पहुंचे पिता का वीडियो भी सामने आया है।

उज्जैन में हनीट्रैप गैंग ने एक युवक को गर्लफ्रेंड के जरिए जाल में फंसाया। अश्लील वीडियो बनाकर उससे फिरौती मांगी गई। बेटे को छुड़ाने पहुंचे पिता का भी वीडियो सामने आया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी कई लोगों को इसी तरह हनीट्रैप का शिकार बना चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर

6. 10 साल से चोरी कर रहा था शातिर, बोला- 5 हजार से ज्यादा नहीं चुराए

रतलाम पुलिस ने ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जो पिछले करीब 10 साल से चोरी की वारदातें कर रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह छोटी-छोटी चोरियां करता था और कभी 5 हजार रुपए से ज्यादा की चोरी नहीं की, इसलिए अधिकतर मामलों में रिपोर्ट ही दर्ज नहीं होती थी। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है। पढ़ें पूरी खबर

7. कपड़े फाड़कर युवक को घसीटा, जूते-चप्पलों से पीटा; VIDEO वायरल

गुना के कुंभराज में युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सामने आया है। आरोपियों ने युवक के कपड़े फाड़कर उसे घसीटा और जूते-चप्पलों से मारपीट की। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी किया गया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की है। वहीं पुराने वारंट के चलते पीड़ित युवक को भी जेल भेजा गया है। पढ़ें पूरी खबर

पॉजिटिव खबर

8. AI से होगी मुंह के कैंसर की शुरुआती पहचान, गांधी मेडिकल कॉलेज को पेटेंट

डॉक्टर ने बताया कि इस तकनीक को भारत सरकार का पेटेंट भी मिल गया है।

डॉक्टर ने बताया कि इस तकनीक को भारत सरकार का पेटेंट भी मिल गया है।

भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ऐसी स्क्रीनिंग तकनीक विकसित की है, जिससे मुंह के कैंसर की शुरुआती पहचान आसान होगी। इस तकनीक को भारत सरकार ने पेटेंट प्रदान किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे समय रहते बीमारी का पता लगाकर इलाज शुरू करने में मदद मिलेगी और मरीजों की जान बचाने की संभावना बढ़ेगी। पढ़ें पूरी खबर

खबर जरा हटके

9. जहर खाए मरीज को मिनरल वाटर की ड्रिप, VIDEO के बाद डॉक्टर-नर्स को नोटिस

डिंडौरी जिला अस्पताल का एक वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी चूक स्वीकार की है। वीडियो में जहर खाए मरीज को मिनरल वाटर की बोतल से ड्रिप चढ़ाते हुए देखा गया। मामले की जांच के बाद संबंधित डॉक्टर और नर्स को नोटिस जारी किया गया है। घटना ने सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पढ़ें पूरी खबर

कल का बिग इवेंट

10. भोपाल में आज मनाया जाएगा 167वां आयकर दिवस, सम्मान समारोह भी होगा

भोपाल में 24 जुलाई को आयकर विभाग का 167वां आयकर दिवस मनाया जाएगा। राजधानी स्थित आयकर भवन में आयोजित कार्यक्रम में आयकर अधिनियम से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों के आमंत्रित अतिथि भी शामिल होंगे।