हाथ पर लड़की का नाम और Miss You लिखा: रीवा में लड़की ने किया था दुष्कर्म का केस, बाल सुधारगृह में फंदे पर मिला नाबालिग आरोपी - Rewa News

Published on 14 जुल॰ 2026

रीवा के बाल संप्रेषण गृह (बाल सुधार गृह) में सोमवार देर रात एक नाबालिग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस जांच में नया तथ्य सामने आया है। मृतक के हाथ पर एक नाबालिग लड़की का नाम और 'Miss You' लिखा मिला है। पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। मा

.

एक सप्ताह पहले भेजा गया था बाल सुधार गृह

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक पटेल (पिता- चंद्रशेखर पटेल) के रूप में हुई है। उसे बीते सप्ताह पॉक्सो एक्ट के एक मामले में न्यायालय के आदेश पर रीवा के बाल संप्रेषण गृह में निरुद्ध किया गया था।

सोमवार देर रात बाल सुधार गृह में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान अमित कुमार तिवारी ने नाबालिग को फंदे से लटका देखा। उन्होंने अन्य कर्मचारियों की मदद से उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

पिता बोले- दोनों के बीच था प्रेम प्रसंग

मृतक के पिता चंद्रशेखर पटेल का दावा है कि उनके बेटे और संबंधित नाबालिग लड़की के बीच प्रेम प्रसंग था। उनका आरोप है कि लड़की के पिता ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। इसके बाद किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर उसे बाल सुधार गृह भेजा गया। उनका कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद से उनका बेटा मानसिक तनाव में था।

हाथ पर मिला लड़की का नाम

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के हाथ पर संबंधित नाबालिग लड़की का नाम और 'Miss You' लिखा मिला। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस ने इसे भी जांच का हिस्सा बनाया है।

जांच में सामने आया कि नाबालिग ने सोमवार रात खाना नहीं खाया था। कर्मचारियों ने उसे भोजन करने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके कुछ देर बाद उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना से पहले उसकी मानसिक स्थिति कैसी थी।

हर पहलू से जांच जारी

पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, बाल सुधार गृह के कर्मचारियों और परिजनों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों और बाल सुधार गृह की परिस्थितियों सहित सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…

रीवा बाल सुधार गृह में नाबालिग ने लगाई फांसी

रीवा के बाल सुधार गृह (बाल संप्रेषण गृह) में सोमवार देर रात एक नाबालिग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पूरी खबर पढ़ें…