अंबिकापुर नगर निगम के 9 मनोनीत एल्डरमैन में से 7 ने मंगलवार को शपथ ली। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव रहे। इस दौरान महापौर मंजूषा भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व सभापति ललन प्रताप सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
राज्य सरकार ने नगर निगम अंबिकापुर के लिए 9 एल्डरमैन मनोनीत किए हैं। इनमें करता राम गुप्ता, राज बहादुर शास्त्री, सावित्री जायसवाल, संतोष दास, रमेश जायसवाल, शरद सिन्हा और श्रीधर केशरी ने शपथ ली। वहीं तेजिंदर बग्गा और किरण सोनी की अनुपस्थिति के कारण उन्हें शपथ नहीं दिलाई जा सकी।

मनोनीत पार्षदों के साथ अतिथि एवं भाजपा पदाधिकारी
जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की अपील
मुख्य अतिथि अनुराग सिंहदेव ने सभी मनोनीत एल्डरमैन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें और निगम क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।
महापौर बोलीं- अब टीम और मजबूत हुई
महापौर मंजूषा भगत ने सभी एल्डरमैन को बधाई देते हुए कहा कि उनके जुड़ने से नगर निगम की टीम और मजबूत हुई है। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि मनोनीत पार्षदों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्हें जनता की आवाज बनकर कार्य करना चाहिए।
समारोह में नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप, निगम पार्षदों सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

निगम के एमआईसी की बैठक आयोजित
तीन चौकों पर लगेंगे ट्रैफिक सिग्नल
महापौर मंजूषा भगत की अध्यक्षता में मंगलवार को मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक हुई। बैठक में 15 एजेंडों पर चर्चा की गई। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए शहर के तीन प्रमुख चौकों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने का निर्णय लिया गया।
आवारा मवेशियों के लिए बनेगा पुनर्वास केंद्र
बैठक में सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों के लिए पुनर्वास केंद्र स्थापित करने का फैसला किया गया। साथ ही सड़कों पर मवेशी छोड़ने वाले पशुपालकों को नोटिस जारी करने का भी निर्णय लिया गया।
सड़कों पर मवेशियों से हो रहे हादसों पर चिंता
महापौर ने कहा कि मवेशी गर्मी से बचने के लिए सड़कों पर बैठते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसे में पशुपालकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी
एमआईसी ने सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण एवं संचालन, वॉल राइटिंग विज्ञापन शुल्क निर्धारण, अहाता निर्माण की अनुमति सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी दी।
दो सामुदायिक भवनों का बदला जाएगा नाम
बैठक में कबीर वार्ड स्थित सामुदायिक भवन का नाम बिरसा मुंडा सामुदायिक भवन तथा रामानुज वार्ड स्थित सामुदायिक भवन का नाम महारानी अहिल्याबाई होल्कर सामुदायिक भवन रखने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगाई गई।