लखनऊ के गोसाईगंज में जनसेवा केंद्र संचालक से लूट का खुलासा हुआ है। पुलिस ने 4 बदमाशों को गिरफ्तार कर 1.5 लाख रुपये और अन्य सामान बरामद किया है।
गिरफ़्तार किए गए आरोपी
- Published: 14 Aug 2026, 03:42 PM IST
- Last Updated: 14 Aug 2026, 03:48 PM IST
लखनऊ कमिश्नरेट के गोसाईगंज थाना क्षेत्र और डीसीपी दक्षिणी की सर्विलांस टीम ने एक बड़ी वारदात का सफल अनावरण करते हुए जनसेवा केंद्र संचालक से हुई लूट के मामले में चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दुकान बंद कर घर लौट रहे संचालक पर डंडे से हमला कर बैग लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.5 लाख रुपये नकद, लूटे गए पैसों से खरीदे गए मोबाइल फोन, वादी के कागजात और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
जनसेवा केंद्र संचालक की रेकी कर दिया था वारदात को अंजाम
घटना के संबंध में वादी राहुल कुमार पुत्र काशीराम निवासी महुरा खुर्द, गोसाईगंज ने थाने में तहरीर दी थी कि 6 अगस्त 2026 की रात जब वह अपनी दुकान बंद करके मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तब अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और डंडे से हमला कर उनका बैग लूट लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शुभम रावत इस जनसेवा केंद्र की गतिविधियों की जानकारी रखता था और उसने ही अन्य साथियों को बताया था कि राहुल प्रतिदिन भारी मात्रा में कैश लेकर घर जाते हैं। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से आरोपियों ने महुराकला के पास इस वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पकड़े गए आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के पर्यवेक्षण और गोसाईगंज पुलिस व सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयास से लगभग 150 से 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए गए। तकनीकी मदद और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 14 अगस्त 2026 की रात चार अभियुक्तों अरुण कुमार उर्फ गोल्डी, शिवा, चंचल यादव उर्फ लाला और शुभम रावत को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि लूटे गए रुपयों से उन्होंने नए मोबाइल फोन खरीदे और विभिन्न होटलों में जाकर पार्टियां कीं।
नगदी, आईफोन और दस्तावेज बरामद, पुलिस टीम पुरस्कृत
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 1.5 लाख रुपये नकद, एक आईफोन 12 प्रो, एक ओप्पो मोबाइल फोन, वादी का Aadhaar Redacted, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
साथ ही एक आरोपी शिवा का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इस सराहनीय खुलासे के बाद पुलिस कमिश्नरेट की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाली गोसाईगंज थाना और सर्विलांस टीम को प्रशस्ति पत्र तथा 15,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।