
TNPL में खिलाड़ी पर जुर्माना
BCCI की एंटी करप्शन यूनिट ने एक खिलाड़ी को लाइव मैच के दौरान मोबाईल फोन का इस्तेमाल करते पकड़ा. जांच हुई तो पता चला कि वो अपनी गर्लफ्रेंड को मैसेज कर रहा था. मामले के सामने आने के बाद BCCI ने उस खिलाड़ी को सजा सुनाई है. ये घटना तमिलनाडु प्रीमियर लीग यानी TNPL की है. इसी लीग के मुकाबले के दौरान अपनी टीम के डगआउट में बैठकर वो खिलाड़ी गर्लफ्रेंड को मैसेज कर रहा था. हालांकि, वो खिलाड़ी कौन है, उसका पता नहीं चल सका है.
खिलाड़ी पर लगा 1 लाख रुपये का जुर्माना
BCCI ने खिलाड़ी की गलती के लिए उस पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. हालांकि, PTI की रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिशन उस पर 2 साल का बैन लगाने पर विचार कर रहा था. मगर फिर मामले को उतना गंभीर ना पाते हुए उसने अपना वो इरादा टाल दिया.
कौन है वो लेफ्ट हैंडर, जो कर रहा था गर्लफ्रेंड को मैसेज?
तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिशन के अधिकारी ने PTI से बातचीत में कहा कि जब तक जांच चल रही है, हम उस खिलाड़ी का नाम उजागर नहीं कर सकते. इतना जरूर कह सकता हूं कि वो एक लेफ्ट हैंड बल्लेबाज है और रणजी ट्रॉफी में पिछले साल 2 अर्धशतक लगा चुका है. मैच के दौरान उस खिलाड़ी को अपनी गर्लफ्रेंड को मैसेज करते हुए पकड़ा गया. ये कोई करप्शन का मामला नहीं है. प्लेइंग एरिया में मोबाईल फोन के इस्तेमाल पर पाबंदी है. ऐसे में ये बस प्रोटोकॉल का उल्लंघन है.
रणजी ट्रॉफी में पिछले साल तमिलनाडु के 5 बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए हैं, जिसमें से 4 लेफ्ट हैंडर हैं. ऐसे में उस खिलाड़ी के नाम पर सस्पेंस और गहरा गया है.
मोबाईल फोन के इस्तेमाल को लेकर क्या है BCCI का नियम?
BCCI की ओर से ये निर्देश होते हैं कि कोई भी खिलाड़ी या मैच अधिकारी प्लेयर एंड मैच ऑफिशियल एरिया- PMOA में मोबाइल फोन, लैपटॉप या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपलकरण का इस्तेमाल नहीं कर सकता. सिर्फ टीम एनालिस्ट को लैपटॉप रखने की इजाजत होती है. IPL 2026 सीजन के दौरान राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर भी ऐसे ही मामले में पकड़े गए थे.

साकेत शर्मा
'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.
Read More