Ketan Agarwal: 'मेरी कोख उजड़ गई', केतन की मां ने PM मोदी को लिखा लेटर, कहा- हमदर्दी नहीं इंसाफ चाहिए

Published on 14 जुल॰ 2026

Time Updated: Tuesday, July 14, 2026, 19:54 [IST]

Ketan Agarwal: पुणे के चर्चित केतन मर्डर केस ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है , केतन के परिवार वाले गहरे सदमे में हैं तो वहीं अब मृतक कारोबारी की मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक इमोशनल लेटर लिखकर न्याय की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में अपनी सूनी कोख का जिक्र करते हुए PM से अपील की है कि 'उन्हें हमदर्दी या मदद नहीं बल्कि इंसाफ चाहिए।' उनकी चिठ्ठी में लिखा एक-एक शब्द किसी का भी सीना छलनी कर देगा।।

उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि - 'आदरणीय पीएम मोदी जी, प्रणाम, मेरा नाम राखी अग्रवाल है और मैं केतन अग्रवाल की मां हूं। किसी भी दूसरी मां की तरह मैंने भी कभी नहीं सोचा था कि मुझे अपने ही बेटे के लिए इंसाफ़ की गुहार लगानी पड़ेगी और प्रधानमंत्री को इस तरह से चिट्ठी लिखनी पड़ेगी।'

Ketan Agarwal

'मैं उसके लिए एक सुंदर ज़िंदगी बनाना चाहती थीं, उसकी शादी करना चाहती थीं और उसके परिवार के साथ बुढ़ापा बिताना चाहती थीं। लेकिन मैं उसकी अंतिम यात्रा से गुजरी हूं, एक मां के लिए इससे बड़ा दर्द और कोई नहीं होता।'

'मेरी पूरी दुनिया चली गई, मेरी कोख उजड़ गई'

'मेरे बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई, और उसके साथ ही मेरी पूरी दुनिया चली गई,मेरी कोख उजड़ गई'। मेरे घर का हर कोना मुझे केतन की याद दिलाता है, उसका कमरा, उसके कपड़े, उसकी तस्वीरें , हर वक्त मुझे उसकी याद दिलाते हैं लेकिन मुझे पता है कि अब वो कभी भी मेरे पास लौटकर नहीं आएगा।'

'केतन की हत्या के ठीक 20 दिन बाद मेरे ससुर का भी निधन हो गया।वह अपने पोते के बहुत करीब थे और यह दुख बर्दाश्त नहीं कर पाए। राखी ने कहा कि कुछ ही दिनों में परिवार ने दो पीढ़ियां खो दीं। लगातार हुई इन मौतों ने परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है।'

Ketan Agarwal

'मोदी जी, मैं बस एक मां हूं , मुझे इंसाफ चाहिए'

राखी अग्रवाल ने आगे लिखा कि 'मोदी जी, मैं बस एक मां हूं, मैं बस न्याय मांग रही हूं। जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं, न्याय न मिलने का दर्द और गहरा होता जा रहा है। केतन कभी वापस नहीं आ सकता इसलिए उसके बेटे की हत्या के लिए ज़िम्मेदार लोगों को कानून के तहत सबसे कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए। मैं बस इतना चाहती हूं कि मेरे बेटे को इंसाफ़ मिले, कृपया केतन को सिर्फ़ एक केस फाइल न बनने दें, केतन किसी का बेटा, भाई और पोता था लेकिन मेरे लिए वह पूरी दुनिया था।'

Ketan Agarwal

'मां अभी भी तेरे लिए लड़ रही है बेटा, तुझे मिलेगा इंसाफ'

राखी ने अपने लेटर के आखिर में कहा कि वह केतन की तस्वीर देखती हैं और उससे कहती हैं कि 'बेटा तेरी मां अभी भी तेरे लिए लड़ रही है,तुझे इंसाफ मिलेगा', राखी ने हाथ जोड़कर अपना लेटर खत्म करने से पहले लिखा, 'मुझे पूरी उम्मीद है कि आप एक दुखी मां की आवाज सुनेंगे।'

'अगर सिया दोषी तो उसे भी खाई में फेंक दो'

आपको बता दें कि केतन अग्रवाल की हत्या का आरोप उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके तथाकथित प्रेमी चेतन चौधरी पर है, फिलहाल दोनों 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में हैं। सिया के मम्मी-पापा ने मीडिया में बयान दिया है कि 'अगर उनकी बेटी दोषी पाई जाती है तो उसको भी उसी खाई में फेंक देना चाहिए, जहां से केतन को धक्का दिया गया है।'