Keemo Paul: टीम में 4 साल बाद वापसी, लौटते ही आधी टीम इंडिया को निपटाया, 2 ओवर में ऐसे बदली कहानी

Published on 14 अक्टू॰ 2026

Keemo Paul: टीम में 4 साल बाद वापसी, लौटते ही आधी टीम इंडिया को निपटाया, 2 ओवर में ऐसे बदली कहानी

कीमो पॉल ने भारत के 5 विकेट गिराएImage Credit source: PTI

गिरकर उठना और फिर वापसी करना अगर कहीं सबसे ज्यादा दिखता है तो वो खेलों की दुनिया है. हर साल दर्जनों ऐसे उदाहरण मिल जाते हैं, जहां कोई खिलाड़ी या कोई टीम अपने खराब दौर से वापसी करते हुए सफलता की नई कहानी लिखते हैं. भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज में ऐसी एक वापसी की है कीमो पॉल ने. वेस्टइंडीज के इस बॉलिंग-ऑलराउंडर ने करीब 4 साल तक टीम से बाहर रहने के बाद वापसी की और चौथे टी20 में 5 विकेट लेकर जोरदार जीत दिलाई.

हैदराबाद का राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम कीमो पॉल के इस यादगार प्रदर्शन का गवाह बना. 14 अक्टूबर को यहां भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का चौथा मैच खेला गया. इस मैच के स्टार वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप रहे, जिन्होंने सिर्फ 50 गेंदों में 102 रन की नाबाद पारी खेली. ये उनका सीरीज में दूसरा शतक था और इसके दम पर ही वेस्टइंडीज ने 247 रन बनाए. टीम की जीत के बाद उन्हें ही प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

2 ओवर में पॉल ने पलट दिया मैच

मगर राजीव गांधी स्टेडियम की सपाट पिच पर टीम इंडिया भी ऐसी ही अंधाधुंध बल्लेबाजी कर रही थी और उसे रोकने में बड़ी भूमिका निभाई मीडियम पेसर कीमो पॉल ने. भारत ने सिर्फ 4 ओवर में 60 रन बना लिए थे लेकिन 5वें ओवर में कीमो पॉल ने ही संजू सैमसन और ईशान किशन को आउट कर वेस्टइंडीज की वापसी कराई.

इसके बाद जब नीतीश कुमार रेड्डी छ्क्के-चौके उड़ाते हुए टीम इंडिया की जीत की उम्मीदों को जिंदा रख रहे थे, तब 19वें ओवर में पॉल ने उन्हें और अक्षर पटेल को आउट कर सारी उम्मीदें खत्म कर दीं. इसी ओवर में पॉल ने प्रिंस यादव का भी विकेट लिया, जिन्होंने पिछले मैच में आखिर में 3 बाउंड्री बटोरकर जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी.

4 साल बाद वापसी, 8 साल बाद तहलका

इस तरह अपने 4 ओवर में कीमो पॉल ने 41 रन देकर 5 विकेट झटके और दोनों टीम के बीच का अंतर साबित हुए. टी20 इंटरनेशनल करियर में कीमो पॉल ने दूसरी बार एक पारी में 5 विकेट लिए. इससे पहले 2018 में यानि 8 साल पहले उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ ये कमाल किया था. वो टी20 इंटरनेशनल में दो बार पारी में 5 विकेट लेने वाले सिर्फ छठे गेंदबाज हैं. साथ ही भारत के खिलाफ 5 विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज हैं.

कीमो पॉल के लिए ये मैच बेहद खास रहा क्योंकि दिसंबर 2022 के बाद इसी सीरीज से उनकी वापसी हुई थी. इन 4 साल में उन्होंने वेस्टइंडीज के किसी भी फॉर्मेट में कोई मैच नहीं खेला था. फिर पिछले टी20 मैच से ही उनकी वापसी हुई थी और अब दूसरे मैच में ही उन्होंने अपनी बॉलिंग से टीम को जीत दिला दी.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button