Jharkhand Weather :  अगले 5 दिनों तक बारिश का दौर, 10 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Published on 27 अग॰ 2026

Ranchi News :  झारखंड में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है. मौसम विभाग ने 27 अगस्त से 1 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. आईएमडी ने वज्रपात के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है.

27 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, 27 अगस्त को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान कहीं-कहीं गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है. गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भारी बारिश की संभावना है. इन जिलों से सटे हजारीबाग और कोडरमा में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.

28, 29 और 30 को भी मौसम रहेगा खराब

28 अगस्त को भी राज्य में वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है. चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. 29 और 30 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में गर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की चेतावनी दी गई है.

इन दोनों दिनों में दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह में भारी बारिश हो सकती है. धनबाद में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी भारी बारिश हो सकती है.

31 को अलर्ट नहीं, 1 सितंबर को फिर बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 31 अगस्त को राज्य के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है. हालांकि कई जगहों पर बारिश और मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी. वहीं 1 सितंबर को फिर राज्य के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन होने की संभावना है.

रांची में तापमान में आएगी गिरावट

आने वाले दिनों में रांची के तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है. 27 अगस्त को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने का अनुमान है. 28 अगस्त को अधिकतम तापमान 29 डिग्री रहेगा. 29 और 30 अगस्त को यह घटकर 28 डिग्री तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहेगा.

झारखंड में सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश

इस मॉनसून सीजन में अब तक झारखंड में 679.8 मिलीमीटर बारिश हुई है. सामान्य तौर पर इस अवधि में 759.1 मिलीमीटर बारिश होती है. यानी राज्य में अब तक सामान्य से करीब 10 फीसदी कम बारिश हुई है. वहीं पाकुड़ में सामान्य से 53 फीसदी, देवघर में 48 फीसदी, कोडरमा में 45 फीसदी और चतरा में 44 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है.

पश्चिमी सिंहभूम में सबसे ज्यादा बारिश

राज्य में अब तक सबसे ज्यादा बारिश पश्चिमी सिंहभूम में 1099 मिलीमीटर दर्ज की गई है. यहां सामान्य से 44 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है. वहीं सिमडेगा में 1052.4 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 7 फीसदी ज्यादा है.

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट,  भूस्खलन, वज्रपात की चेतावनी
JPSC-JSSC गड़बड़ी : अभय तिवारी के ‘गुरु’ मिथिलेश सिंह के कारोबार से लेकर पैसों के लेनदेन तक जांच के घेरे में, कई राज्यों में CID की पड़ताल

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें