Jharkhand News: पलामू में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए जिला प्रशासन तीन अनुमंडलों में लाइब्रेरी सह कोचिंग सेंटर खोलेगा. गरीब छात्रों को मुफ्त पढ़ाई, किताबें और स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराने की तैयारी है.
Jharkhand News: पलामू में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए जिला प्रशासन तीन अनुमंडलों में लाइब्रेरी सह कोचिंग सेंटर खोलेगा. गरीब छात्रों को मुफ्त पढ़ाई, किताबें और स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराने की तैयारी है.
![]()
New Update
/newsnation/media/media_files/2026/10/18/library-2026-10-18-16-04-39.jpg)
पलामू के तीन अनुमंडलों में खुलेंगे लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर Photograph: (Canva)
Jharkhand News: झारखंड के पलामू जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है. जिला प्रशासन गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की मदद के लिए नई योजना पर काम कर रहा है. इसके तहत जिले के तीन अनुमंडलों में लाइब्रेरी सह कोचिंग सेंटर खोले जाएंगे. यहां छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. इससे उन छात्रों को सबसे ज्यादा फायदा होगा, जो आर्थिक परेशानी के कारण दूसरे शहरों में जाकर पढ़ाई नहीं कर पाते हैं.
मेदिनीनगर, छतरपुर और हुसैनाबाद में खुलेंगे सेंटर
जिला प्रशासन की योजना के अनुसार, पहले चरण में मेदिनीनगर, छतरपुर और हुसैनाबाद अनुमंडल में लाइब्रेरी सह कोचिंग सेंटर शुरू किए जाएंगे. शुरुआत में हर अनुमंडल में करीब 100 छात्रों को पढ़ाने की व्यवस्था होगी. इसके बाद छात्रों की उपस्थिति और जरूरत को देखते हुए उनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है. अगर अनुमंडल स्तर पर इस योजना को अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है, तो प्रशासन प्रखंड स्तर पर भी लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर खोलने पर विचार करेगा. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले छात्रों को अपने घर के आसपास ही पढ़ाई करने की सुविधा मिल सकेगी.
बैंकिंग और रेलवे की परीक्षाओं की मिलेगी तैयारी
इन कोचिंग सेंटरों में छात्रों को बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग यानी एसएससी की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी. इसके लिए विषयों के जानकार शिक्षकों की मदद ली जाएगी. विशेषज्ञ शिक्षक ऑनलाइन माध्यम से छात्रों की कक्षाएं लेंगे. जिला प्रशासन छात्रों को पढ़ाई के लिए जरूरी किताबें और स्टडी मटेरियल भी उपलब्ध कराएगा. इसके लिए अनुमंडल स्तर पर मौजूद सरकारी भवनों का इस्तेमाल किया जाएगा. प्रशासन इन भवनों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है. योजना को अगले कुछ दिनों में शुरू करने की तैयारी है.
आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मिलेगा फायदा
पलामू के ग्रामीण इलाकों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पर्याप्त कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी नहीं हैं. ऐसे में कई छात्रों को पढ़ाई के लिए मेदिनीनगर या दूसरे शहरों में जाना पड़ता है. बाहर रहने और कोचिंग करने का खर्च अधिक होने के कारण गरीब परिवारों के छात्र पीछे रह जाते हैं. जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. असीम कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के ऐसे छात्रों की मदद के लिए यह योजना शुरू की जा रही है, जो आर्थिक और दूसरी परेशानियों के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते हैं. उन्हें बेहतर पढ़ाई के साथ जरूरी सामग्री और सुविधाएं भी दी जाएंगी.
ग्रामीण छात्रों ने फैसले का किया स्वागत
पलामू के बिश्रामपुर प्रखंड निवासी कौशल कुमार ने जिला प्रशासन की इस पहल को अच्छा कदम बताया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 12वीं तक की पढ़ाई करना आसान है, लेकिन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं नहीं मिलतीं. ऐसे में लाइब्रेरी सह कोचिंग सेंटर खुलने से छात्रों को काफी मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें- Jharkhand News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिखाया बड़ा दिल, 6 साल के अनूप के इलाज के लिए दिए 10 लाख रुपये
हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें! विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें
