क्रिकेट
- Authored by: उमेश कुमार
- Updated Aug 12, 2026, 11:51 PM IST
अफगानिस्तान ने आयरलैंड के खिलाफ पांच वनडे मैच की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली है। पहला वनडे मैच बारिश की भेंट चढ़ने के बाद अफगानिस्तान ने तीनों वनडे मैच लगातार जीते। बुधवार को खेले गए चौथे वनडे मैच में अफगानिस्तान ने मेजबान आयरलैंड को 42 रन से मात दी। एक फिर राशिद खान ने घातक गेंदबाजी की।
![]()
अफगानिस्तान ने जीती वनडे सीरीज। फोटो- सोशल मीडिया
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इब्राहिम जादरान और सेदुकुल्लाह अटल की शतकीय पारी के बाद यामीन अहमदजई और राशिद खान की घातक गेंदबाजी के दम पर अफगानिस्तान ने आयरलैंड को चौथे वनडे मैच में 42 रन से मात दी। लगातार तीसरी जीत के साथ ही अफगानिस्तान ने पांच वनडे मैच की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। पहला वनडे मैच में बारिश की भेंट चढ़ गया था।
चौथे मैच में आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। यह फैसला तब गलत साबित हुआ, जब सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान और सेदुकुल्लाह अटल ने क्रीज पर अपने पैर जमा दिए। दोनों ने तेज से खेलते हुए आयरलैंड के गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 220 गेंद पर 231 रन की साझेदारी की।
जादरान और अटल की शतकीय पारी
इब्राहिम जादरान 118 गेंद पर 107 रन और अटल ने 120 गेंद पर 147 रन की तूफानी पारी खेली। इसकी बदौलत अफगानिस्तान ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 343 रन का विशाल स्कोर बनाया। आयरलैंड के लिए बायरन मैकडोनो ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए।
अफगानिस्तान के दिए 344 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड ने समय अंतराल पर विकेट गंवाए। हालांकि, अनुभवी बल्लेबाज एंड्रयू बालबर्नी ने एक छोर संभालने रखा और हैरी टेक्टर (34) के साथ तीसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की। इसके बाद बालबर्नी ने कर्टिस कैम्फर (84) के साथ पांचवीं विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की। बालबर्नी ने 119 गेंद पर 109 रन की पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
अहमदजई और राशिद की घातक गेंदबाजी
अफगानिस्तान के लिए यामीन अहमदजई और राशिद खान ने कमाल की गेंदबाजी की। अहमदजई ने 10 ओवर में 71 रन देकर चार विकेट चटकाए। वहीं, राशिद खान ने 10 ओवर में 48 रन देकर तीन विकेट चटकाए। राशिद तीन मैच में कुल 12 विकेट चटका चुके हैं। सेदुकुल्लाह अटल को उनकी उम्दा पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला।
![]()
उमेश कुमारauthor
उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।
और पढ़ें
- Hindi News
- Sports
- Cricket
End of Article