
LSG की नजर इस युवा खिलाड़ी पर. (फोटो- PTI)
IPL 2027 Trade: आईपीएल 2027 के ऑक्शन से पहले ही फ्रेंचाइजियों के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर हलचल तेज हो गई है. आगामी सीजन के लिए अपनी टीम का नए सिरे से तैयार कर रही चेन्नई सुपर किंग्स को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, लखनऊ सुपर जायंट्स के मैनेजमेंट ने सीएसके से संपर्क किया है और युवा आक्रामक बल्लेबाज उर्वील पटेल के बदले भारत के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को ट्रेड करने का एक बड़ा ऑफर दिया है.
मोहम्मद शमी के बदले उर्वील पटेल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम अपनी बल्लेबाजी लाइन-अप को मजबूत करने के लिए उर्वील पटेल को अपनी टीम में शामिल करना चाहती है. इसके बदले में लखनऊ अपने अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को रिलीज करके येलो आर्मी में भेजने के लिए पूरी तरह तैयार है. बता दें, उर्वील पटेल को चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2025 के ऑक्शन में सिर्फ 30 लाख रुपए में खरीदा था. 2025 के सीजन में उन्हें सिर्फ 3 पारियों में मौका मिला जहां उन्होंने 68 रन बनाए. हालांकि, आईपीएल 2026 में जब युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे चोटिल हुए, तो उर्वील को नंबर 3 पर खेलने का मौका मिला. उर्वील ने इस मौके को भुनाते हुए 201.5 के स्ट्राइक रेट से 129 रन ठोके और अपनी आक्रामक छाप छोड़ी.
लेकिन अगले सीजन में आयुष म्हात्रे की वापसी के बाद उर्वील पटेल को प्लेइंग 11 में जगह मिलना मुश्किल हो सकता है. ऐसे में सीएसके अगर इस ट्रेड को मान सकती है, तो उन्हें मोहम्मद शमी जैसा अनुभवी और मैच-विनर गेंदबाज मिल जाएगा. चेन्नई को पावरप्ले और डेथ ओवर्स में खलील अहमद का साथ निभाने के लिए एक अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज की सख्त जरूरत है. शमी के आने से स्पेंसर जॉनसन और मैट हेनरी जैसी मौजूदगी वाले उनके तेज गेंदबाजी यूनिट को नई मजबूती मिलेगी.
पिछले सीजन ही ट्रेड हुए थे शमी
मोहम्मद शमी आईपीएल 2026 सीजन से पहले सनराइजर्स हैदराबाद से लखनऊ सुपर जायंट्स में आए थे. शमी ने सीजन की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी, हालांकि बाद के मुकाबलों में उनकी फॉर्म में थोड़ी गिरावट देखी गई. उन्होंने आईपीएल 2026 के 13 मैचों में 9.00 की इकॉनमी से 12 विकेट चटकाए थे. अब लखनऊ अपने टॉप ऑर्डर को आक्रामक बनाने के लिए शमी जैसे दिग्गज को छोड़ने का मन बना रही है. जिसकी वजह ऋषभ पंत भी हैं, जो अब दिल्ली की टीम में शामिल हो गए हैं.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More