
iPhone Duo की कीमत में घर आ सकती हैं ये कारें
Apple ने अपना पहला फोल्डेबल iPhone Duo लॉन्च कर दिया है. फोन के लॉन्च के साथ ही इसकी कीमत भी चर्चा में आ गई है. खासकर इसका 2TB स्टोरेज वाला मॉडल काफी महंगा है. इसकी कीमत 4.49 लाख रुपये रखी गई है. अब सवाल यह है कि इतने पैसे में क्या खरीदा जा सकता है? एक स्मार्टफोन और कार की तुलना थोड़ी अजीब जरूर लग सकती है, लेकिन iPhone Duo की कीमत इतनी ज्यादा है कि इस बजट में भारत में एक नई कार तक खरीदी जा सकती है. चलिए आपको बताते हैं आप इस कीमत में कौन-कौन सी कार खरीद सकते हैं.
मारुति सुजुकी एस-प्रेसो
मारुति सुजुकी एस-प्रेसो देश की सबसे सस्ती कारों में शामिल है. छोटी होने के बावजूद इसका डिजाइन SUV जैसा दिखाई देता है. शहर में चलाने के लिए इसका छोटा आकार काफी काम आता है. इसमें 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है. बेहतर माइलेज के लिए इसमें इंजन को जरूरत के हिसाब से अपने आप बंद और चालू करने की सुविधा भी दी गई है. इसकी कीमत 3.49 लाख से 5.27 लाख रुपये, एक्स-शोरूम है.
मारुति सुज़ुकी ऑल्टो K10
मारुति सुज़ुकी ऑल्टो K10 लंबे समय से भारतीय ग्राहकों के बीच पसंद की जाने वाली छोटी कार है. कम कीमत और आसान रखरखाव इसकी बड़ी खूबियां हैं.इसमें 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है. ग्राहक इसमें मैनुअल या ऑटोमैटिक गियरबॉक्स चुन सकते हैं. ज्यादा माइलेज चाहने वालों के लिए इसका CNG मॉडल भी उपलब्ध है. इसकी कीमत 3.69 लाख से 5.44 लाख रुपये, एक्स-शोरूम है.
रेनॉल्ट क्विड
रेनॉल्ट क्विड अपने SUV जैसे लुक के कारण छोटी कारों में अलग नजर आती है. इसमें 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है. कार में 8-इंच टचस्क्रीन, LED DRL, दो एयरबैग, ABS और हिल स्टार्ट असिस्ट जैसे फीचर मिलते हैं. हालांकि इसकी शुरुआती कीमत iPhone Duo के 2TB मॉडल से थोड़ी ज्यादा है. इसकी कीमत 4.53 लाख से 5.60 लाख रुपये, एक्स-शोरूम है.
टाटा टियागो
टाटा टियागो भी इस बजट में एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. डीलरशिप पर मिलने वाली छूट के बाद इसका शुरुआती मॉडल करीब 4.5 लाख रुपये के आसपास पड़ सकती है.Tiago में पेट्रोल और CNG दोनों ऑप्शन मिलते हैं. इसमें मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन भी है. इसका इलेक्ट्रिक मॉडल Tiago EV भी बाजार में मौजूद है. इसकी कीमत 4.70 लाख से 8.55 लाख रुपये, एक्स-शोरूम है.
मारुति सुज़ुकी सेलेरियो
Celerio अपनी अच्छी माइलेज और शहर में आसान ड्राइविंग के लिए जानी जाती है. इसमें 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है और मैनुअल के साथ AMT का ऑप्शन भी दिया गया है. Celerio का CNG मॉडल भी उपलब्ध है, जो कम खर्च में ज्यादा चलने वाले लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है. इसकी कीमत 4.69 लाख से 6.75 लाख रुपये, एक्स-शोरूम है.
फोन या कार ये फैसला आपका
iPhone Duo का 2TB मॉडल 4.49 लाख रुपये का है. इतनी रकम में आप S-Presso या Alto K10 जैसी कार खरीद सकते हैं. कुछ बजट बढ़ाकर Kwid, Tiago या Celerio जैसे ऑप्शन भी देखे जा सकते हैं. यानी अगर आपके सामने iPhone Duo और नई कार में से किसी एक को चुनने का सवाल है, तो यह तुलना जरूर सोचने पर मजबूर कर सकती है कि लाखों रुपये स्मार्टफोन पर खर्च करना बेहतर है या उसी रकम से घर में एक नई कार लाना.
यह भी पढ़ें- 27KM का माइलेज, सनरूफ और कीमत सिर्फ ₹5.59 लाख, मिडिल क्लास की बनी पहली पसंद
कार में CNG किट लगवाने से वारंटी और इंश्योरेंस पर क्या होता है असर? ये हैं नियम

आयुषी चतुर्वेदी
आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.
Read More