
AppleCare के साथ iPhone Duo की स्क्रीन कितने रुपये में बदलेगी?
Apple ने सितंबर में अपना पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo पेश किया था. यह अब तक का कंपनी का सबसे महंगा iPhone है. भारत में इसकी शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपए रखी गई है, यानी फोन खरीदते के लिए करीब 3 लाख रुपए खर्च करने होंगे. अभी इसकी प्री-बुकिंग शुरु नहीं हुई है, लेकिन इसे खरीदने की सोच रहे लोगों के लिए एक और जरूरी बात सामने आई है. अगर फोन की स्क्रीन टूट जाती है या उसे वारंटी के बाहर ठीक कराना पड़ता है, तो खर्च भी काफी ज्यादा हो सकता है.
Apple की सपोर्ट वेबसाइट पर iPhone Duo की मरम्मत के लिए अलग-अलग चार्ज बताए गए हैं. इनमें सबसे महंगा काम अंदर की बदलना है. इसके लिए कंपनी 1,49,900 रुपये लेगी. यानी सिर्फ अंदर की स्क्रीन ठीक कराने में ही फोन की शुरुआती कीमत का करीब आधा हिस्सा खर्च हो सकता है. यह रकम iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये के भी काफी करीब है.
iPhone Duo की स्क्रीन रिपेयर का कितना है खर्च?
iPhone Duo में दो डिस्प्ले दिए गए हैं, इसलिए इनकी मरम्मत का खर्च भी अलग-अलग है. Apple की लिस्ट के मुताबिक, अंदर की स्क्रीन बदलवाने के लिए 1,49,900 रुपये देने होंगे. वहीं, बाहर की स्क्रीन की मरम्मत का चार्ज 42,900 रुपये है.
अगर बाहर की स्क्रीन के साथ पीछे का ग्लास भी टूट जाता है, तो मरम्मत का खर्च बढ़कर 55,900 रुपये हो जाएगा. पीछे का ग्लास अकेले बदलवाने के लिए 20,900 रुपये देने होंगे. इसके अलावा, बैटरी सर्विस का चार्ज 24,900 रुपये और रियर कैमरे की मरम्मत का खर्च 26,900 रुपये है.
फोन की बाहरी कवर लेयर को नुकसान पहुंचने पर 5,900 रुपये देने होंगे. वहीं, कंपनी की लिस्ट में अन्य तरह के नुकसान की मरम्मत का चार्ज 2,24,900 रुपये तक है. ऐसे में फोन को गंभीर नुकसान पहुंचने पर खर्च काफी ज्यादा हो सकता है.
AppleCare लेने पर कितनी होगी बचत?
मरम्मत के इतने महंगे खर्च से बचने के लिए AppleCare प्लान लेना एक विकल्प हो सकता है. हालांकि, iPhone Duo के लिए इस प्लान की कीमत भी कम नहीं है. इसकी फीस 51,900 रुपये रखी गई है. इसके तहत तय शर्तों के मुताबिक, गिरने या पानी और दूसरे लिक्विड प्रोडक्ट्स से होने वाले नुकसान जैसी दुर्घटनाओं की मरम्मत कराई जा सकती है. साथ ही Apple के विशेषज्ञों से प्राथमिकता के आधार पर मदद मिलती है.
हालांकि, AppleCare लेने का मतलब यह नहीं है कि हर मरम्मत मुफ्त होगी. कवर में शामिल नुकसान के लिए भी अलग से सर्विस फीस देनी पड़ती है. चोरी होने या फोन खो जाने पर इस प्लान में सुरक्षा नहीं मिलती.
AppleCare के तहत बैटरी सर्विस का चार्ज शून्य रुपये है. कवर लेयर की मरम्मत के लिए 1,900 रुपये, जबकि पीछे के ग्लास या बाहरी स्क्रीन की मरम्मत के लिए 2,500 रुपये देने होंगे. सबसे अहम बात यह है कि अंदर की स्क्रीन बदलवाने का खर्च इस प्लान के साथ 8,900 रुपये रह जाता है. अन्य कवर किए गए दुर्घटनाजनित नुकसान के लिए भी 8,900 रुपये का चार्ज है.
बिना AppleCare के लाखों तक पहुंच सकता है खर्च
अगर फोन की अंदर वाली स्क्रीन टूट जाती है, तो बिना AppleCare के 1,49,900 रुपये खर्च करने पड़ेंगे. वहीं, प्लान के तहत इसी मरम्मत के लिए 8,900 रुपये देने होंगे. यानी इस मामले में करीब 1.41 लाख रुपये की बचत हो सकती है.
हालांकि, AppleCare के लिए पहले ही 51,900 रुपये देने होंगे और इसके बाद भी हर कवर की गई घटना पर तय सर्विस फीस लागू होगी. इसलिए iPhone Duo खरीदने वालों को फोन की कीमत के साथ उसकी मरम्मत और सुरक्षा पर होने वाले खर्च को भी ध्यान में रखना चाहिए. करीब 3 लाख रुपये का यह फोन खरीदना जितना महंगा है, उसे नुकसान से बचाकर रखना भी उतना ही जरूरी होगा.
यह भी पढ़ें- WhatsApp पर बिना अकाउंट बनाए भी कर सकेंगे कॉल, बस लिंक पर क्लिक करते ही जुड़ जाएंगे गेस्ट यूजर्स
त्योहारी सेल में भी नहीं बिक रहे स्मार्टफोन, 2025 में बढ़ी थी सेल; 2026 में क्यों घट गई मांग?

आयुषी चतुर्वेदी
आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.
Read More