Indian Cricket Team: अफगानिस्तान के खिलाफ T20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, बुमराह समेत इन सितारों को मिली जगह - Haribhoomi

Published on 1 सित॰ 2026

Indian Cricket Team: अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है। वहीं धाकड़ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे।

Team India announced for Afghanistan t20 series

अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान।

  • Published: 01 Sep 2026, 07:29 PM IST
  • Last Updated: 01 Sep 2026, 07:29 PM IST

Indian Cricket Team: अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। टीम में जसप्रीत बुमराह, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा और वॉशिंगटन सुंदर को जगह मिली है, लेकिन चारों की उपलब्धता BCCI के Centre of Excellence से फिटनेस क्लियरेंस मिलने पर निर्भर करेगी।

सैमसन, अर्शदीप और अक्षर की वापसी

जिम्बाब्वे के खिलाफ जुलाई में हुई पिछली T20I सीरीज में आराम करने वाले संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल की टीम में वापसी हुई है। वहीं, चोट से उबर रहे हार्दिक पंड्या को 15 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। हैमस्ट्रिंग चोट के कारण जिम्बाब्वे दौरे से बाहर हुए वरुण चक्रवर्ती भी टीम में लौट आए हैं। उन्हें जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ T20I सीरीज के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी।

बुमराह समेत इन खिलाड़ियों को चोट ने किया था परेशान

बुमराह के बाएं घुटने की चोट फिर उभर आई थी। इसी वजह से वह जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे ODI और अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में नहीं खेल पाए थे। यह चोट उन्हें इस साल हुए T20 World Cup के बाद से परेशान कर रही है। इंग्लैंड दौरे पर हर्षित राणा और वॉशिंगटन सुंदर को भी हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी। वहीं, नितीश कुमार रेड्डी को जून में अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज के दौरान क्वाड्रिसेप्स में चोट लगी थी।

ये भी पढ़ें : pakistan cricket: पाकिस्तान क्रिकेट में हार से हाहाकार... दिग्गज क्रिकेटर को देना पड़ा इस्तीफा

जिम्बाब्वे दौरे वाली टीम से कई खिलाड़ी बाहर

अफगानिस्तान सीरीज के लिए चुनी गई टीम में जिम्बाब्वे दौरे पर गई टीम के कई खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली। इनमें रिंकू सिंह, प्रभसिमरन सिंह, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, अशोक शर्मा, प्रिंस यादव, मयंक यादव और यश ठाकुर शामिल हैं।

दिल्ली में होंगे तीनों मुकाबले

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन T20I मुकाबले 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाएंगे। तीनों मैच दिल्ली में होंगे। खास बात यह है कि मुकाबले भारत में होने के बावजूद इस द्विपक्षीय सीरीज में अफगानिस्तान आधिकारिक मेजबान है।

अय्यर संभालेंगे कप्तानी

भारतीय टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी। उनके साथ अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा टीम का हिस्सा हैं। बुमराह और बाकी चोट से लौट रहे खिलाड़ियों की फिटनेस पर अब सबकी नजर रहेगी। फिटनेस क्लियरेंस मिलने के बाद ही उनके अफगानिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरने की तस्वीर साफ होगी।