
भारतीय टीम ने सीरीज अपने नाम की
टी20 सीरीज के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज भी जीत ली है. नई कप्तान स्मृति मंधाना के नेतृत्व में भारतीय टीम ने वडोदरा में खेले गए दूसरे वनडे मैच में जिम्बाब्वे को 121 रन से हरा दिया. पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर और नई उप-कप्तान दीप्ति शर्मा के शतकों की मदद से भारतीय टीम ने 328 रन बनाए थे, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 48.5 ओवर में 207 रन पर ऑलआउट हो गई. इस तरह 3 मैच की सीरीज में भारतीय टीम 2-0 से आगे हो गई है.
हरमन-दीप्ति के यादगार शतक
कोटाम्बी स्टेडियम में रविवार 25 अक्टूबर को खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बैटिंग की. मगर भारतीय पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही. कप्तान स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा जल्दी पवेलियन लौट गईं, जिससे टीम का स्कोर 19 रन पर दो विकेट हो गया. यहां पर ओपनर प्रतिका रावल ने पूर्व कप्तान हरमनप्रीत के साथ 124 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला.
इसके बाद हरमनप्रीत और दीप्ति शर्मा जम गए और दोनों ने मिलकर 153 रन की शानदार साझेदारी कर दी. इस दौरान हरमनप्रीत ने 100 गेंदों में अपना 8वां WODI शतक पूरा किया. हरमनप्रीत आखिरकार 126 रन (121 गेंद, 15 चौके) बनाकर आउट हुईं. मगर दूसरी ओर से दीप्ति ने रनरेट को धीमा नहीं होने दिया. उन्होंने 83 गेंदों में अपना दूसरा वनडे शतक जड़ा. यह शतक 3,450 दिनों के लंबे इंतजार के बाद आया था. दीप्ति 106 रन (86 गेंद) बनाकर नाबाद रहीं.
वैष्णवी की शानदार वापसी
जिम्बाब्वे को भारत के विशाल स्कोर का पीछा करने के लिए अच्छी शुरुआत की जरूरत थी, लेकिन श्री चरणी ने लॉरीन फिरी (6) को जल्दी आउट कर. यहां पर मोडेस्टर मुपाचिक्वा और चिप मुगेरी तिरिपानो ने दूसरे विकेट के लिए 69 रन जोड़कर जिम्बाब्वे को कुछ उम्मीद की किरण दिखाई. मगर यहीं पर युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने मुपाचिक्वा को आउट कर साझेदारी तोड़ी. चोट के बाद लौटीं वैष्णवी के करियर का ये पहला विकेट था.
मगर वैष्णवी सिर्फ एक विकेट से संतुष्ट नहीं हुईं. उन्होंने इसके बाद बिलवेड बीजा, मिशेल मावुंगा और जोसेफिन नकोमो को भी आउट करते हुए 39 रन देकर चार विकेट झटके. वहीं शतक लगाने वाली दीप्ति शर्मा ने 46वें ओवर में लगातार गेंदों पर न्याशा ग्वांज़ुरा और नोमवेलो सिबांदा को आउट किया आखिरकार पूरी टीम 207 रन तक ही पहुंच पाई और भारत ने ये मैच आसानी से जीत लिया.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More