
तिरुवनंतपुरम में चला कुलदीप यादव का जादू. (फोटो- PTI)
Kuldeep Yadav vs West Indies: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में भारतीय चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव ने अपनी जादुई गेंदबाजी से मैच का पूरा रुख पलट दिया. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाजों ने 19 ओवरों तक भारतीय तेज गेंदबाजों को बेअसर करते हुए 135 रनों की मजबूत साझेदारी की. भारत को पहली सफलता का इंतजार था और उस वक्त कप्तान ने गेंद कुलदीप यादव के हाथों में थमाई. फिर कुलदीप यादव ने विकेट की झड़ी लगा दी.
135 रन की साझेदारी तोड़ी, फिर लगाया विकेटों का अंबार
इस मुकाबले में कुलदीप ने 10 ओवर के अपने कोटे में 1 मेडन फेंकते हुए सिर्फ 40 रन दिए और 4 बड़े विकेट चटकाकर कैरेबियाई बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी. उनकी इस घातक गेंदबाजी के दम पर वेस्टइंडीज की आधी टीम 198 के स्कोर पर पवेलियन लौट गई. वहीं, 50 ओवर के खेल के बाद वेस्टइंडीज की टीम 7 विकेट के नुकसान पर 295 रनों तक ही पहुंच सकी. इस दौरान कुलदीप यादव ने 20वें ओवर में सेट बल्लेबाज जॉन कैम्पबेल को प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद उन्होंने विंडीज बल्लेबाजों को पैर जमाने का कोई मौका नहीं दिया.
कैम्पबेल के आउट होने के बाद कुलदीप ने वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप को रवींद्र जडेजा के हाथों लपकवाया. इसके बाद कुलदीप ने 101 रनों की शानदार शतकीय पारी खेलने वाले ओपनर जस्टिन ग्रीव्स को LBW कर कैरेबियाई खेमे को सबसे बड़ा झटका दिया. वो यही नहीं रुके और अगली ही गेंद पर कुलदीप ने नए बल्लेबाज ज्वेल एंड्रयू को रोहित शर्मा के हाथों कैच आउट कराकर विंडीज का स्कोर 198/5 कर दिया.
अजीत अगरकर की बराबरी
इस मैच में 4 विकेट चटकाने के साथ ही कुलदीप यादव ने भारत के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 4-विकेट हॉल लेने के मामले में पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर अजीत अगरकर की बराबरी कर ली है. कुलदीप यादव ने अपने वनडे करियर में 12वीं बार एक पारी में 4 विकेट लेने का कारनामा किया.
वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा 4-विकेट हॉल
- मोहम्मद शमी — 16 बार
- अजीत अगरकर — 12 बार
- कुलदीप यादव — 12 बार*
- अनिल कुंबले — 10 बार
- जवागल श्रीनाथ — 10 बार
- रवींद्र जडेजा — 9 बार
200 वनडे विकेट के काफी करीब
इस धाकड़ प्रदर्शन के साथ कुलदीप यादव के वनडे करियर में अब 198 विकेट हो गए हैं और वो इस फॉर्मेट में 200 विकेट पूरे करने से सिर्फ दो कदम दूर हैं. दिलचस्प बात यह है कि वनडे इंटरनेशलन क्रिकेट में वेस्टइंडीज कुलदीप की सबसे पसंदीदा टीम साबित हुई है. उन्होंने अपने 198 विकेट में से सबसे ज्यादा 37 विकेट अकेले वेस्टइंडीज के खिलाफ ही हासिल किए हैं.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More