
आकिब-गुरनूर के शर्मनाक रिकॉर्ड. (फोटो- PTI)
IND vs WI 2nd ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में कैरेबियाई बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए इतिहास रच दिया. गुवाहाटी के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 50 ओवरों में 7 विकेट पर 405 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. वनडे क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है जब वेस्टइंडीज की टीम ने 400 या उससे ज्यादा रनों का आंकड़ा छुआ है. इस दौरान आकिब नबी और गुरनूर बराड़ का बुरा हाल भी देखने को मिला.
51 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
तेज गेंदबाज आकिब नबी के लिए इंटरनेशनल वनडे क्रिकेट में आगाज काफी कड़वा साबित हुआ. डेब्यू मैच खेल रहे आकिब अपने पूरे 10 ओवर भी पूरे नहीं कर सके और उन्होंने सिर्फ 8.5 ओवरों में 84 रन लुटा दिए. उन्हें इस दौरान एक भी सफलता नहीं मिली. इसके साथ ही वो वनडे डेब्यू पर भारत के लिए सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज बन गए. उन्होंने करसन घावरी के 1975 के 51 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
वनडे डेब्यू पर भारत के लिए सबसे महंगे गेंदबाजी स्पेल
- 84 रन (8.5 ओवर) — आकिब नबी बनाम वेस्टइंडीज (गुवाहाटी, 2026)
- 83 रन (11 ओवर) — करसन घावरी बनाम इंग्लैंड (लॉर्ड्स, 1975)
- 76 रन (10 ओवर) — मोहम्मद सिराज बनाम ऑस्ट्रेलिया (एडिलेड, 2019)
गुरनूर बराड़ की भी जमकर कुटाई
दूसरे छोर से तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ का हाल भी कुछ अच्छा नहीं रहा. हालांकि उन्होंने 2 विकेट जरूर चटकाए, लेकिन अपने 10 ओवरों के कोटे में उन्होंने 96 रन खर्च कर डाले. यह वनडे क्रिकेट में भारत के किसी भी गेंदबाज की ओर से फेंका गया चौथा सबसे महंगा स्पेल है. दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट के टॉप 4 स्पेल में से दो अनचाहे रिकॉर्ड अकेले गुरनूर बराड़ के नाम इसी साल दर्ज हो चुके हैं.
वनडे मैच में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले भारतीय गेंदबाज
- 106 रन — भुवनेश्वर कुमार बनाम साउथ अफ्रीका (वानखेड़े, 2015)
- 102 रन — विनय कुमार बनाम ऑस्ट्रेलिया (बेंगलुरु, 2013)
- 97 रन — गुरनूर बराड़ बनाम इंग्लैंड (लॉर्ड्स, 2026)
- 96 रन — गुरनूर बराड़ बनाम वेस्टइंडीज (गुवाहाटी, 2026)
इसके साथ ही यह वनडे क्रिकेट में भारत के खिलाफ बनाया गया अब तक का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर बन गया है.
- 438/4 – साउथ अफ्रीका (वानखेड़े, 2015)
- 411/8 – श्रीलंका (राजकोट, 2009)
- 405/7 – वेस्टइंडीज (गुवाहाटी, 2026)
- 389/4 – ऑस्ट्रेलिया (सिडनी, 2020)
- 387/3 – इंग्लैंड (लॉर्ड्स, 2026)

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More