IND vs WI: शे होप का हाहाकारी शतक, वेस्टइंडीज को दिलाई जोरदार जीत, 249 रन बनाकर भी हारी टीम इंडिया

Published on 9 अक्टू॰ 2026

IND vs WI: शे होप का हाहाकारी शतक, वेस्टइंडीज को दिलाई जोरदार जीत, 249 रन बनाकर भी हारी टीम इंडिया

वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप ने टीम इंडिया से मैच छीन लियाImage Credit source: PTI

रांची में साढ़े 3 साल बाद भी टीम इंडिया की किस्मत नहीं बदल सकी. 2023 में न्यूजीलैंड के हाथों इसी मैदान पर हारने वाली टीम इंडिया को इस बार वेस्टइंडीज के हाथों करारी शिकस्त मिली. JSCA स्टेडियम में खेले गए टी20 सीरीज के इस दूसरे मैच में टीम इंडिया ने 249 रन का जबरदस्त स्कोर खड़ा किया. मगर कप्तान शे होप के जबरदस्त शतक और शरफेन रदरफोर्ड की विस्फोटक पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने इस लक्ष्य को भी हासिल कर लिया और रिकॉर्ड कायम करते हुए सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली.

लखनऊ के बाद रांची में भी बल्लेबाजों की ही मौज रही और गेंदबाज एक बार फिर संघर्ष करते हुए नजर आए. बस इस बार नुकसान भारतीय टीम का हुआ. इसकी एक बड़ी वजह टॉस भी साबित हुआ. पिछले मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने वाली भारतीय टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की थी. तब कप्तान श्रेयस अय्यर ने शतक जमाकर टीम को जीत दिलाई थी. इस बार कहानी बिल्कुल इसके उलट रही. भारतीय टीम टॉस हारी और उसे पहले बैटिंग करनी पड़ी. फिर रन चेज करते हुए वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की और उसके कप्तान होप ने शतक जमाया.

टीम इंडिया की ओर से इस मैच में संजू सैमसन ने एक विस्फोटक पारी खेली, जिनके लिए पिछले कुछ मैच अच्छे नहीं गुजरे थे. मगर 2 जीवनदान का फायदा उठाते हुए सैमसन ने सिर्फ 41 गेंदों में 82 रन बनाए. वहीं रांची के ‘लोकल बॉय’ ईशान किशन ने भी उनका अच्छा योगदान दिया और इस मैदान पर अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया. फिर बारी आई कप्तान श्रेयस अय्यर और उप-कप्तान तिलक वर्मा की, जिन्होंने मिलकर सिर्फ 33 गेंदों में 83 रन की धुआंधार साझेदारी की और टीम को 249 रन तक पहुंचाया.

वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का ये सबसे बड़ा स्कोर है. वेस्टइंडीज का हर गेंदबाद 10 रन प्रतिओवर की दर से पिटता रहा. मगर इस बीच स्पिनर रॉस्टन चेज ने कमाल की गेंदबाजी की और 4 ओवर में सिर्फ 24 रन खर्चते हुए 3 विकेट लिए. उनका शिकार बने अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और शिवम दुबे. यही कारण था कि भारतीय टीम अपने स्कोर में और इजाफा नहीं कर सकी.

दूसरी ओर वेस्टइंडीज की शुरुआत इतनी खराब थी कि पहले ओवर में ही मयंक यादव की तेज रफ्तार गेंदों पर लगातार 2 विकेट गिर गए. मगर इसके बाद कप्तान शे होप ने काउंटर अटैक शुरू कर दिया, जिसमें उन्हें कुछ देर रोवमैन पावेल का भी साथ मिला. पावेल को भी मयंक ने ही पवेलियन लौटाया. मगर इसके बाद आए शरफेन रदरफोर्ड ने कहानी बदल दी. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सिर्फ होप का साथ दिया, बल्कि उनसे भी ज्यादा आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए हर भारतीय गेंदबाज की बुरी तरह धुनाई कर दी.

रदरफोर्ड को इस दौरान दो बार जीवनदान भी मिला और इसका खामियाजा ही टीम इंडिया ने उठाया. हालांकि वो अपना शतक पूरा नहीं कर सके लेकिन उनके विकेट से जगी जीत की उम्मीदों को कप्तान होप और रोमारियो शेफर्ड ने ध्वस्त कर दिया. दोनों ने सिर्फ 26 गेंदों में नाबाद 74 रन कूटते हुए 18.3 ओवर में ही 250 रन बनाए और वेस्टइंडीज को जीत दिला दी. ये टी20 क्रिकेट में दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज है. होप ने 19वें ओवर में 2 छक्के जमाकर अपना शतक और टीम की जीत पूरी की.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button