IND vs PAK टक्कर में किसने जीता प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड? दुबई में ‘डबल झटके’ ने लगाए चार चांद

Published on 6 सित॰ 2026

Sep 06, 2026 10:09 am ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

India vs Pakistan Player of the Match: श्री चरणी ने पाकिस्तान के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड अपने नाम किया। भारतीय टीम ने दुबई के मैदान पर धमाकेदार जीत हासिल की।

INDW vs PAKW Player of the Match Shree Charani

कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ श्री चरणी

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने महिला एशिया कप 2026 में पाकिस्तान को सात विकेट से रौंदा। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित हुआ मैच एकतरफा रहा। भारत ने 18.1 ओवर में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 55 रनों पर समेटा। जवाब में हरमन ब्रिगेड ने 8.4 ओवर में आसानी से तीन विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। यह भारतीय महिला क्रिकेट टीम की टी20 इंटरनेशनल में शेष गेंदों के हिसाब से पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत है। वहीं, भारत ने महिला टी20 एशिया कप और सबसे छोटे फॉर्मेट में शेष गेंदों के लिहाज से चौथी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। पाकिस्तान को सस्ते में समेटने में स्पिनर श्री चरणी ने अहम भूमिका निभाई। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दुबई में ‘डबल झटके’ ने लगाए चार चांद

उन्होंने चार ओवर में सात रन देकर तीन विकेट लिए और पाकिस्तान को शीर्षक्रम को झकझोरा। चरणी ने छठे ओवर में 'डबल झटका' दिया, जिससे भारत की खुश में चार चांद लग गए। उन्होंने इस ओवर की दूसरी गेंद पर ओपनर शवाल ज़ुल्फिकार (14) को एलबीडब्ल्यू किया और छठी गेंद पर गुल फिरोजा (0) का शिकार किया, जिसके बाद पाकिस्तान उबर नहीं पाया। चरणी ने आयशा जफर (2) आठवें ओवर में आउट किया। चरणी के अलावा प्रेमा रावत ने भी तीन शिकार किए। उन्होंने चार ओवर के स्पेल में 9 रन खर्च किए। दीप्ति शर्मा ने दो और शेफाली वर्मा ने एक शिकार किया। पाकिस्तान की एक प्लेयर रनआउट होकर पवेलियन लौटी।

प्लेयर ऑफ द मैच बनने पर क्या बोलीं चरणी?

22 वर्षीय चरणी ने प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के बाद कहा, ''यह शानदार एहसास है। अपनी टीम की जीत में योगदान देकर बहुत अच्छा लग रहा है। मैं बस अपनी ताकत और फील्ड के हिसाब से बॉलिंग करने का प्रयास किया।'' अप्रैल 2025 में डेब्यू करने वाली चरणी 50वें विकेट की दहलीज पर पहुंच गई है। वह 28 T20I मैचों में 49 विकेट ले चुकी हैं। चरणी से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि यह नॉर्मल है। यह एक दिन होगा। हालांकि, यह खास होगा। मैं अपने देश के लिए और प्रदर्शन करना चाहती हूं।'' बता दें कि चरणी आईसीसी की महिला T20I रैंकिंग में नंबर-1 गेंदबाज हैं।

'हमारे लिए बहुत अहम मुकाबला था'

हरमनप्रीत कौर इस बात से बेहद खुश हैं कि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती और शानदार जीत दर्ज की। भारतीय कप्तान ने मैच के बाद कहा, ''यह हमारे लिए बहुत अहम मुकाबला था। हम आक्रामक रवैया अपनाने की बात करते हैं, इसलिए मैं बहुत खुश हूं। सभी गेंदबाज शानदार रहे। उन्होंने योजनाओं पर अमल किया, पिच को अच्छी तरह पढ़ा और उसी के अनुसार गेंदबाजी की।'' पाकिस्तान के खिलाफ हरमनप्रीत ने बतौर कप्तान अपना 150वां टी20 इंटरनेशनल मैच खेला और पुरुष एवं महिला क्रिकेट में इस उपलब्धि तक पहुंचने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बनीं।

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।

अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।

विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें