
न्यूजीलैंड को लगा बड़ा झटका. (फोटो- GETTY)
IND vs NZ Series: भारतीय क्रिकेट टीम के न्यूजीलैंड दौरे से ठीक पहले मेजबान टीम की परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं. पहले टी20 टीम के अहम बल्लेबाज मार्क चैपमैन और तेज गेंदबाज जैक फाउल्क्स चोटिल होकर पांच मैचों की टी20 सीरीज से बाहर हुए थे, अब टेस्ट और वनडे सेटअप को बड़ा झटका लगा है. न्यूजीलैंड के अहम तेज गेंदबाज विलियम ओरूर्के चोट से पूरी तरह न उबर पाने के चलते भारत के खिलाफ पूरे दौरे से बाहर हो गए हैं.
न्यूजीलैंड को लगा बड़ा झटका
न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने आधिकारिक बयान जारी करके पुष्टि की है कि ओरूर्के बाएं हैमस्ट्रिंग और काफ की चोट के रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं. बोर्ड और टीम मैनेजमेंट ने आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर उन्हें भारत के खिलाफ मैदान पर न उतारने का फैसला किया है. विलियम ओरूर्के के लिए यह झटका इसलिए भी बड़ा है क्योंकि वो लंबे समय से अपने घरेलू मैदानों पर इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए तरस रहे हैं.
पिछले समर सीजन में पीठ के स्ट्रेस फ्रैक्चर के चलते वो घरेलू सीजन से बाहर रहे थे और उन्होंने अप्रैल 2025 के बाद से अपने देश में कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है. सात महीने तक मैदान से दूर रहने के बाद उन्होंने अप्रैल में बांग्लादेश के खिलाफ तीनों वनडे मैच खेलकर वापसी की थी. इसके बाद जून में इंग्लैंड दौरे पर तीनों टेस्ट मैचों में वो खेले, जहां नॉटिंघम में तीसरे टेस्ट के आखिरी दिन उनके हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था. इसके बाद अगस्त के अंत में ट्रेनिंग के दौरान उनकी पिंडली की मांसपेशी में भी खिंचाव आ गया था.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट पर टिकी नजरें
ओरूर्के का टारगेट अब 9 दिसंबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच तक पूरी तरह फिट होना है. हेड कोच रॉब वॉल्टर के मुताबिक, आदर्श स्थिति यह होगी कि वो दिसंबर के अंत में प्लंकेट शील्ड में कैंटरबरी के लिए खेलकर अपनी लय हासिल करें और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की अहम सीरीज के लिए उपलब्ध रहें.
भारत के न्यूजीलैंड दौरे का पूरा शेड्यूल
- टी20 सीरीज (5 मैच): 22 अक्टूबर से शुरुआत.
- वनडे सीरीज (5 मैच): 1 नवंबर 2026 से आगाज.
- टेस्ट सीरीज (2 मैच): 19 नवंबर से पहला टेस्ट वेलिंगटन में, जबकि दूसरा टेस्ट क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More