हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) परीक्षा-2025 में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने वाले गोहाना के अभिषेक सरोहा से शनिवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मुलाकात की। सेक्टर-7 स्थित उनके निवास पर पहुंचकर उन्होंने अभिषेक और उनके परिजनों को बधाई
.
डॉ. गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने पारदर्शी भर्ती व्यवस्था को मजबूती दी है, जिससे युवाओं को योग्यता और प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने अभिषेक की सफलता को मेहनत, लगन और काबिलियत का उदाहरण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रशासनिक सेवाओं में जाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से युवाओं का बढ़ा भरोसा
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को उनकी योग्यता और प्रतिभा के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। निष्पक्ष चयन प्रक्रिया से युवाओं का व्यवस्था पर भरोसा मजबूत हुआ है। अब युवा मेहनत और काबिलियत के दम पर अपने लक्ष्य हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था युवाओं के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

गोहाना के अभिषेक सरोहा के परिवार के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता
अभिषेक की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा
डॉ. गुप्ता ने कहा कि एचसीएस परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करना अभिषेक सरोहा की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उनकी उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो प्रशासनिक सेवाओं में शामिल होकर जनसेवा करना चाहते हैं। उन्होंने अभिषेक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह अपनी प्रतिभा और जिम्मेदारियों के माध्यम से प्रदेश की जनता की सेवा करेंगे।
परिवार के सहयोग को बताया अहम
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने अभिषेक के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी युवा की सफलता में परिवार का सहयोग, अच्छे संस्कार और प्रोत्साहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल विकास और सकारात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति में लगानी चाहिए।
इस अवसर पर अभिषेक सरोहा के पिता जगबीर सरोहा, माता अनीता देवी, भाई विनय सरोहा, भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मबीर नांदल, समाजसेवी इंद्रजीत विरमानी, डॉ. ओमप्रकाश शर्मा, भूपेंद्र मुदगिल, प्रवीण खुराना, कृष्ण सैनी और नरेंद्र गहलावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।