Hazaribagh : चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में बिहार भेजी जा रही 864 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने शराब ढुलाई में प्रयुक्त दो कारों को भी जब्त कर लिया है.


पुलिस अधीक्षक को 23 जुलाई को सूचना मिली थी कि कमलवार से अम्बाजीत जाने वाले मार्ग पर एक सफेद रंग की कार से शराब की खेप दूसरी कार में लोड कर बिहार भेजने की तैयारी की जा रही है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बरही) राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी दल जब कमलवार मोड़ से करीब 500 मीटर आगे अम्बाजीत रोड पर पहुंचा तो वहां दो कारें आमने-सामने खड़ी मिलीं. दोनों वाहनों की डिक्की खुली हुई थी और कुछ लोग एक वाहन से दूसरे वाहन में सामान स्थानांतरित कर रहे थे.
पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को मौके पर ही दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों में चौपारण थाना क्षेत्र के दबगर मोहल्ला निवासी सोनू कुमार दास (35 वर्ष), गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र अंतर्गत करमोनी गांव निवासी आशीष कुमार (20 वर्ष) तथा संतोष कुमार यादव (20 वर्ष) शामिल हैं.
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने शराब कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उन्होंने बताया कि शराब की खेप को बगोदर से हुंडई वरना कार में लाकर अल्टो कार के माध्यम से बिहार भेजा जाना था. पुलिस द्वारा दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर हुंडई वरना कार से ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की की 11 पेटी तथा अल्टो कार से 7 पेटी बरामद की गई.
कुल 18 पेटियों में 180 एमएल की 864 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसका कोई वैध दस्तावेज आरोपियों के पास नहीं मिला. पुलिस ने बरामद शराब के साथ दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है तथा तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.बरामद सामान मे ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की की 18 पेटियां (864 बोतल), एक अल्टो कार
एक हुंडई वरना कार शामिल है
छापेमारी दल में राधा प्रेम किशोर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बरही, पंकज कुमार थाना प्रभारी चौपारण,श्रवण कुमार पासवान पुलिस पदाधिकारी चौपारण थाना, बादल महतो पुलिस पदाधिकारी चौपारण थाना व सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे.
चौपारण पुलिस की इस कार्रवाई को बिहार में होने वाली अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें