गोविंदा की दूसरी शादी और तलाक की अफवाहों के बीच एक्टर ने लीगल नोटिस जारी किया है। फेक खबरें फैलाने वालों को 100 करोड़ तक हर्जाने की चेतावनी दी।
Goivnda Second Marriage
- Published: 23 Aug 2026, 11:59 AM IST
- Last Updated: 23 Aug 2026, 12:00 PM IST
Goivnda Reaction On Second Marriage: एक्टर गोविंदा की निजी जिंदगी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उन्होंने अब बड़ा कानूनी कदम उठाया है। एक्टर ने मीडिया संस्थानों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और कंटेंट क्रिएटर्स को नोटिस भेजकर उनके और परिवार से जुड़ी झूठी या बिना पुष्टि की खबरें फैलाने से चेतावनी दी है।
100 करोड़ तक हर्जाने की चेतावनी
गोविंदा के नोटिस में कहा गया है कि उनके या उनके परिवार को लेकर झूठी, मानहानि वाली या गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक्टर ने ऐसे मामलों में 100 करोड़ तक के हर्जाने का दावा करने की चेतावनी दी है। उन्होंने यह भी कहा है कि जरूरत पड़ने पर सिविल और क्रिमिनल दोनों तरह की कार्रवाई की जा सकती है।
दूसरी शादी की खबरों के बीच आया नोटिस
गोविंदा की यह कार्रवाई उनकी दूसरी शादी और पत्नी सुनीता आहूजा से तलाक को लेकर चल रही खबरों के बीच सामने आई है। दरअसल, एक वायरल फोन बातचीत में सुनीता आहूजा ने दावा किया था कि उन्होंने गोविंदा के खिलाफ दायर तलाक की अर्जी वापस ले ली है। उन्होंने कहा था कि उन्हें गोविंदा के दूसरी शादी करने की जानकारी मिली थी। इस बातचीत के बाद गोविंदा की निजी जिंदगी को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे और खबरें सामने आने लगी।
मैनेजर ने कहा- दूसरी शादी नहीं हो रही
इन खबरों के बीच गोविंदा के मैनेजर ने इंडिया टुडे से बातचीत में दूसरी शादी की खबरों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि गोविंदा की दूसरी शादी नहीं हो रही है।
मैनेजर के मुताबिक, अगर गोविंदा वाकई दूसरी शादी करने वाले होते तो तलाक के लिए सुनीता नहीं, बल्कि खुद गोविंदा आगे आते। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों समझदार हैं और अपने साथ-साथ बच्चों के हित के बारे में सोचते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि गोविंदा और सुनीता अपने मतभेद सुलझा लेंगे और परिवार के लिए साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे।
AI फेक कंटेंट पर भी चेतावनी
गोविंदा के लीगल नोटिस में सिर्फ लिखित खबरों की बात नहीं की गई है। इसमें फोटो, वीडियो, ऑडियो क्लिप, मॉर्फ्ड तस्वीरों, डीपफेक और AI से बनाए गए दूसरे कंटेंट का भी जिक्र है। गोविंदा ने कहा है कि उन्होंने किसी को भी AI या डिजिटल तकनीक के जरिए उनकी आवाज, तस्वीर, पहचान या निजी जिंदगी से जुड़ा कंटेंट बनाने या उसमें बदलाव करने की अनुमति नहीं दी है।
बैंक अकाउंट और प्रॉपर्टी पर भी कार्रवाई
नोटिस के मुताबिक, गोविंदा जरूरत पड़ने पर अदालत से कई तरह की राहत मांग सकते हैं। इसमें बैंक अकाउंट को लेकर कोर्ट के निर्देश, प्रॉपर्टी के लेन-देन पर रोक और पासपोर्ट से जुड़े कदम भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने ऐसे YouTube चैनलों और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी है, जो उनके बारे में जानबूझकर गलत जानकारी फैला रहे हैं।
बोले- छवि खराब करने की कोशिश
गोविंदा ने आशंका जताई है कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी अफवाहें उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की किसी संगठित कोशिश का हिस्सा हो सकती हैं।
फिलहाल, एक्टर ने अपने नोटिस के जरिए साफ कर दिया है कि उनके और उनके परिवार से जुड़ी बिना पुष्टि की खबरें या फेक कंटेंट फैलाने वालों के खिलाफ वह कानूनी रास्ता अपनाने के लिए तैयार हैं।
यह भी पढ़े- कोमल रानी से दूसरी शादी करने वाले थे Govinda: सुनीता अहूजा का बड़ा खुलासा; रखी सावंत ने खोली रिश्ते की पोल!