भूल गए पासवर्ड? सेल्फी वीडियो से ओपन करें Gmail, आ गया नया फीचर; देखें Video

Published on 23 जुल॰ 2026

Google अब Selfie Video फीचर नाम का एक धांसू फीचर लेकर आया है। इस फीचर की मदद से आप Gmail में सेल्फी वीडियो के जरिए साइन-इन कर सकेंगे। यानी अब पासवर्ड भूल जाने पर आपको परेशान नहीं होने पड़ेगा। कैसे काम करेगा नया सेल्फी वीडियो फीचर, चलिए बताते हैं

Gmail चलाने में अब यूजर्स को डबल मजा आने वाला है, क्योंकि लोगों का सबसे बड़ा टेंशन खत्म होने वाला है और वो है 'पासवर्ड याद रखना'। दरअसल, जीमेल का पासवर्ड भूल जाना तब सिरदर्द बन जाता है, जब आपके पास रिकवरी फोन, कंप्यूटर या टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन ऐप का एक्सेस न हो। अपने अकाउंट का एक्सेस वापस पाने को थोड़ा आसान बनाने के लिए, गूगल 'सेल्फी वीडियो' नाम का एक नया फीचर ला रहा है। यह फीचर यूजर्स को पासवर्ड रिकवरी करने के मौजूदा पारंपरिक तरीकों पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय, एक छोटे से सेल्फी वीडियो के जरिए अपनी पहचान वेरिफाई करने की सुविधा देता है। यानी चेहरा दिखाए और जीमेल में साइन-इन करें।

यह ऑप्शनल रिकवरी टूल

गूगल के अनुसार, सेल्फी वीडियो को स्टैंडर्ड साइन-इन ऑप्शन उपलब्ध न होने पर लोगों को उनके अकाउंट का दोबारा एक्सेस पाने के लिए डिजाइन किया गया है। कंपनी इस फीचर को गूगल अकाउंट यूजर्स के लिए ऑप्शनल अकाउंट रिकवरी टूल के रूप में पेश कर रही है। इसलिए, अगली बार जब आपका अकाउंट लॉक हो जाए, तो गूगल आपको वापस साइन इन करने से पहले यह साबित करने के लिए एक क्विक सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए कह सकता है कि यह वास्तव में आप ही हैं। लेकिन उस विकल्प के लिए आपको इसे सेट करना होगा।

गूगल सेल्फी वीडियो कैसे काम करता है

इंडियाटूड ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि इससे पहले कि आप इस फीचर का उपयोग कर सकें, आपको इसे तब सेट अप करना होगा जब आपके पास अपने गूगल अकाउंट का एक्सेस हो। सेटअप के दौरान, गूगल आपसे आपके डिवाइस के कैमरे को देखकर और कुछ सिंपल स्टेप्स को फॉलो करके एक छोटा सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए कहेगा, जैसे कि अपना सिर घुमाना या छोटी-छोटी हरकतें करना। यह वीडियो, रिफरेंस वीडियो बन जाएगा, यानी अकाउंट में सेव हो जाएगा।

एक बार रिफरेंस वीडियो सेट हो जाने के बाद, अगली बार जब भी आप अपना पासवर्ड भूल जाएंगे या अपने सामान्य साइन-इन तरीकों तक नहीं पहुंच पाएंगे, तो गूगल आपसे एक और छोटा सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए कहेगा। फिर सिस्टम आपकी पहचान वेरिफाई करने के लिए रिकॉर्ड किए गए नए वीडियो की तुलना अकाउंट में पहले से सेव रिफरेंस वीडियो से करेगा।

गूगल का कहना है कि इसके लिए गाइडेड मूवमेंट जरूरी हैं, क्योंकि इससे यह कंफर्म करने में मदद मिलती है कि रिकॉर्डिंग लाइव है, न कि यह सिर्फ कोई फोटो या पहले से रिकॉर्ड किया गया वीडियो है।

यह फीचर डीपफेक का भी पता लगा सकता है

AI से बने डीपफेक को ध्यान में रखते हुए, गूगल का कहना है कि उसने इस नए वीडियो ऑथेंटिकेशन सिस्टम में सुरक्षा की कई परतें बनाई हैं। आपके नए सेल्फी वीडियो को रेफरेंस वीडियो से मिलाने के अलावा, यह फीचर यह भी देखेगा कि कैमरे के सामने कोई असली व्यक्ति है, न कि कोई ऐसा व्यक्ति जो नकली इमेज, बदले हुए वीडियो या AI से बने चेहरों का इस्तेमाल कर रहा है।

कंपनी का कहना है कि उसने अपने मौजूदा सिक्योरिटी सिस्टम के साथ सेल्फी वेरिफिकेशन को भी जोड़ा है। यह सिस्टम कई तरह के सिग्नल को एनालाइज कर सकता है, जैसे कि यूजर कौन सा डिवाइस इस्तेमाल कर रहा है, ब्राउजर सेटिंग्स, IP एड्रेस, लोकेशन और क्या साइन-इन की कोशिश असामान्य लग रही है।

आपकी प्राइवेसी का क्या

क्योंकि चेहरा एक बायोमेट्रिक डेटा है, इसलिए गूगल का कहना है कि इसे कैसे स्टोर और इस्तेमाल किया जाए, इसका कंट्रोल यूजर्स के पास ही रहता है। रेफरेंस सेल्फी वीडियो सिर्फ यूजर की मंजूरी से ही रिकॉर्ड किया जाता है, स्टोर करते समय इसे एन्क्रिप्ट किया जाता है और इसे गूगल अकाउंट की सेटिंग्स से कभी भी डिलीट किया जा सकता है।

डिफॉल्ट रूप से, सेव किया गया वीडियो सिर्फ साइन-इन और अकाउंट रिकवरी के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यूजर चाहें तो Google को इसे दूसरे कामों के लिए भी इस्तेमाल करने की अनुमति दे सकते हैं, जैसे कि पहचान की पुष्टि करने वाले सिस्टम को बेहतर बनाने में।

हालांकि, गूगल अब भी दूसरे रिकवरी तरीके चालू रखने की सलाह देता है, जैसे कि पासकी, बैकअप कोड, रिकवरी फोन नंबर और रिकवरी ईमेल एड्रेस। इससे अगर कोई एक रिकवरी विकल्प उपलब्ध न हो, तो भी आपके पास अपने अकाउंट में वापस जाने के दूसरे तरीके मौजूद रहेंगे।

सभी यूजर्स को कब मिलेगा फीचर

सेल्फी वीडियो फीचर दुनिया भर में गूगल अकाउंट यूजर्स के लिए धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है।