Gadchiroli Floods: गढ़चिरौली में बाढ़ से भयानक तबाही, लोगों को बचाने उतारा गया हेलिकॉप्टर

Published on 27 सित॰ 2026

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में बाढ़ के कारण हालात बिगड़ गए हैं। प्रशासन बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एयरलिफ्ट कर रहा है। वहीं बाढ़ में फंसे लोगों को हेलिकॉप्टर के जरिए सुरक्षित जगह पहुंचाया जा रहा है।

गढ़चिरौली: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। जिला प्रशासन ने इस बीच भामरागढ़ तालुका से तीन गंभीर रूप से बीमार मरीजों को एयरलिफ्ट कर हेदरी पहुंचाया है, ताकि उन्हें बेहतर इलाज मिल सके। यह रेस्क्यू ऑपरेशन जिला कलेक्टर अविश्यांत पांडा की देखरेख में चलाया गया। प्रशासन को खबर मिली थी कि इन तीनों मरीजों की हालत बेहद नाजुक है और इन्हें तुरंत इलाज की जरूरत है।

7 साल की बच्ची को भी किया गया एयरलिफ्ट

सात साल की बच्ची संगीता चुक्कू उसेंडी भी बचाए गए मरीजों में शामिल है। संगीता को शनिवार के दिन बिनागुंडा से लहेरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। इसके बाद रविवार को उसे लहेरी से एयरलिफ्ट करके हेदरी के एक अस्पताल में शिफ्ट किया गया। संगीता के अलावा दो और मरीजों, अपेक्षा ऋषि आलम और रोशन चीना मडावी को भी हेदरी भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक मरीज सिकल सेल बीमारी से जूझ रहा है, जिसे तुरंत मेडिकल केयर की जरूरत थी।

तबाही ऐसी की उतारा गया हेलिकॉप्टर

प्रशासन ने इस रेस्क्यू के लिए लॉयड्स मेटल्स के हेलीकॉप्टर की मदद ली। यह हेलीकॉप्टर इलाके में मेडिकल इमरजेंसी के लिए हमेशा मौजूद रहता है। आदिवासी विकास परियोजना अधिकारी अमर राउत और भामरागढ़ के तहसीलदार किशोर बागड़े ने मरीजों को शिफ्ट करने का पूरा जिम्मा संभाला। रेस्क्यू के दौरान निर्मला आलम और चीना कुड़यामी भी मरीजों के साथ मौजूद थीं।

525 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया

बाढ़ की वजह से हालात काफी खराब थे, लेकिन इस इमरजेंसी ऑपरेशन के जरिए तीनों मरीजों को सही समय पर इलाज के लिए हेदरी पहुंचा दिया गया।भामरागढ़ में पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ की भारी बारिश के चलते भयानक बाढ़ आ गई है। जिला प्रशासन इसके बाद से ही यहां बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। प्रशासन ने गढ़चिरौली में इससे पहले करीब 525 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया है। भामरागढ़ में यह रेस्क्यू ऑपरेशन गुरुवार दोपहर को शुरू हुआ था और देर रात तक चलता रहा।

छत्तीसगढ़ की बारिश से बाढ़ जैसे हालात बने

  • एक दूसरे रेस्क्यू ऑपरेशन में, एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने बिनागोंडा आश्रम स्कूल की एक बीमार छात्रा को भी सुरक्षित निकाला। टीम ने उफनते गुंडेनूर नाले को पार कराने में उसकी मदद की और फिर उसे लहेरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि अब पानी का स्तर कम होने लगा है, लेकिन प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से अलर्ट रहने की अपील की है।
  • दूसरी तरफ, रायपुर और दुर्ग के कई हिस्सों में छत्तीसगढ़ की लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। खारुन नदी का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों में पानी भर गया है, सड़कें डूब गई हैं और आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है।

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।