G7 देशों ने बढ़ती ऊर्जा कीमतों और सप्लाई की चिंता के बीच रणनीतिक भंडार से 100 मिलियन बैरल तेल और पेट्रोलियम उत्पाद जारी करने पर सहमति जताई है. इस फैसले में डीजल की सप्लाई को खास प्राथमिकता दी गई है.
20 दिनों में डीजल की बड़ी खेप बाजार में
G7 के मुताबिक, रिजर्व से तेल और ईंधन की निकासी तुरंत शुरू होगी और करीब चार महीने तक चलेगी. इसमें पहले 20 दिनों के भीतर डीजल की बड़ी मात्रा बाजार में उतारने की योजना है. इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय करेगी.
अमेरिका में डीजल की कीमत रिकॉर्ड स्तर पर
यह फैसला ऐसे समय आया है जब अमेरिका में डीजल की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं. 2 अक्टूबर को अमेरिका में डीजल की औसत कीमत 6.37 डॉलर प्रति गैलन थी, जबकि 22 सितंबर को यह 6.52 डॉलर प्रति गैलन के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी. यूरोप में भी डीजल की कीमतों पर दबाव बना हुआ है.
ट्रंप ने फैसले को बताया तत्काल कदम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यूरोप अपने बड़े डीजल स्टॉक से भारी मात्रा में ईंधन जारी करने पर सहमत हुआ है और इसकी प्रक्रिया तुरंत शुरू होगी. इससे अमेरिका में ईंधन की उपलब्धता बढ़ने और कीमतों पर दबाव कम होने की उम्मीद है.
G7 देशों के बीच ऊर्जा निर्यात पर रोक नहीं
G7 ने यह भी दोहराया है कि सदस्य देशों के बीच ऊर्जा और पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात पर प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा. साथ ही रिफाइनरी मेंटेनेंस कोऑर्डिनेट करने और जहां संभव हो वहां क्षमता का इस्तेमाल बढ़ाने की बात कही गई है.
तेल बाजार पर क्या असर?
घोषणा के बाद तेल की कीमतों में गिरावट देखी गई. Reuters के अनुसार, दिसंबर डिलीवरी वाला ब्रेंट करीब 1.1% गिरकर 101.23 डॉलर प्रति बैरल, जबकि WTI 2.3% गिरकर 90.70 डॉलर पर आ गया. यूरोपीय गैसऑयल फ्यूचर्स में भी 7% से ज्यादा की गिरावट आई.
हालांकि, 100 मिलियन बैरल की घोषणा में पहले से किए गए कुछ रिजर्व रिलीज कमिटमेंट शामिल हैं या यह पूरी तरह अतिरिक्त मात्रा है, इस पर बाजार में अभी कुछ स्पष्टता की जरूरत है.
यह भी पढ़ें-अंडे वाले ने भी कहा- कैश लाना! 15 अक्टूबर से UPI में क्या बदल रहा है?

कन्हैया पचौरी
कन्हैया पचौरी एक अनुभवी पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट, टीवी और ऑनलाइन मीडिया में 10 वर्षों का अनुभव है. उन्होंने प्रिंट पत्रकार के रूप में अपना करियर शुरू किया और पिछले कुछ वर्षों से उन्होंने टेक और ऑटो सेक्शन को कवर कर रहे हैं. वह टेक्नोलॉजी पर बारीकी से रिसर्च करते है और लेटेस्ट ट्रेंड्स और डेवलपमेंट्स पर नजर रखते हैं. वर्तमान में, कन्हैया टीवी9 के साथ जुड़े हुए हैं, यहां ये टेक और ऑटो सेक्शन कवर कर रहे हैं. उन्होंने इंडस्ट्री में लेटेस्ट डेवलपमेंट के गहन कवरेज करने को लेकर अपना नाम बनाया है. यूजर्स को किसी भी न्यूज की पूरी और सही जानकारी देने में तत्पर हैं. जब वह टेक्नोलॉजी पर काम नहीं कर रहे होते हैं तो अपने शौक पूरे करने में उन्हें अच्छा लगता है. उन्हें म्यूजिक सुनना और किताबें पढ़ना पसंद है. उनका मानना है कि काम में व्यस्त दिन के बाद म्यूजिक और किताबें आराम करने का एक शानदार तरीका है.
Read More