अमेरिका और ईरान में जंग फिर शुरू हो गई है। अमेरिका ने ईरान के नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए कई हमले भी किए हैं। हालांकि, वायरल वीडियो मार्च 2022 में सऊदी अरब के जेद्दा पर हुए हमले का है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jul 17, 2026 at 05:51 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच जंग फिर शुरू हो गई है। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक इमारत में लगी भयंकर आग दिख रही है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो ईरान पर हुए अमेरिकी हमले का है।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो सऊदी अरब के जेद्दा का है, जहां तेल कंपनी ‘अरामको’ के पेट्रोलियम उत्पाद वितरण स्टेशन पर हमले में आग लग गई थी। इस वीडियो का हालिया जंग से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
एक्स यूजर ‘Deepak Sharma’ ने 16 जुलाई 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए इसे ईरान पर हुए हमले का बताया।
OH MY…….DOGGG 🚨
ईरान पर अबतक का सबसे बड़ा हमला…
500 से ज़्यादा मिसाइलों के एक साथ हमले से
दहल उठी इरान की धरती, चारों तरफ धुआँ….100 से ज़्यादा ईरानी सैनिकों के चीथड़े मिले
हज़ारो सैनिकों का अब भी सुराग नहीं ✍️ईरान अंत के करीब 🖐️ pic.twitter.com/S01CDi1qKW
— Deepak Sharma (@SonOfBharat7) July 16, 2026
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। ‘Reuters’ के यूट्यूब चैनल पर 26 मार्च 2022 को वायरल वीडियो पोस्ट किया गया था। जानकारी के अनुसार, यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की ऊर्जा सुविधाओं पर हमले का दावा किया। वहीं, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि जेद्दा में तेल कंपनी अरामको के पेट्रोलियम उत्पाद वितरण स्टेशन पर हमला हुआ, जिससे दो स्टोरेज टैंकों में आग लग गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।
‘Qatar Day’ के फेसबुक पेज से 25 मार्च 2022 को इसी घटना का दूसरे एंगल का वीडियो पोस्ट किया गया था। इसके अनुसार, ”सऊदी अरब के शहर जेद्दा में एक ऑयल डिपो में भीषण आग लगने की खबर है। यमन के हूती विद्रोहियों ने माना है कि उन्होंने सऊदी अरब पर कई हमले किए हैं। सऊदी की सरकारी मीडिया ने बताया कि यमन के ईरान समर्थित हूती समूह ने कई ड्रोन और रॉकेट हमले किए। जेद्दा में काले धुएं का गुबार उठता देखा गया।”

‘The Sun’ के यूट्यूब चैनल पर भी 26 मार्च 2022 को वायरल वीडियो को सऊदी अरब के शहर जेद्दा में हुए हमले का बताकर पोस्ट किया गया था।
इस बारे में हमने ‘दैनिक जागरण’ में विदेश मामलों को कवर करने वाले विशेष संवाददाता जय प्रकाश रंजन से संपर्क किया। उन्होंने इस वीडियो को पुराना और सऊदी अरब का बताया।
क्या है संदर्भ?
अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर 28 फरवरी 2026 को हमला शुरू किया था, जिसके बाद ईरान ने खाड़ी देशों पर हमले किए थे। अप्रैल में अस्थायी संघर्ष-विराम पर सहमति बनी थी, जिसे आगे बढ़ाते हुए जून के मध्य में अमेरिका और ईरान के बीच समझौता हुआ था। इसके बाद दोनों के बीच तनाव फिर से बढ़ गया है।
‘बीबीसी’ की 17 जुलाई 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, “अमेरिकी सेना ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण को लेकर दोनों पक्षों के बीच चल रही लड़ाई के बीच अमेरिका ने लगातार छठी रात ईरान पर कई हमले किए। इन हमलों का मकसद ‘ईरान की सैन्य क्षमताओं को और कमजोर करना’ था। अमेरिकी सेना ने बताया कि ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी के तहत उन्होंने एक जहाज पर कब्जा किया है। सरकारी मीडिया और प्रांतीय अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका ने नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है, जिसमें पुल, एक रेलवे स्टेशन और एक हवाई अड्डा शामिल हैं। वहीं, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का कहना है कि उसने ओमान में अमेरिकी समुद्री निगरानी रडार साइटों के साथ ही कुवैत और बहरीन में भी हमला करके जवाबी कार्रवाई की है। उन्होंने सीरिया में अमेरिकी स्पेशल ऑपरेशन्स कमांड सेंटर पर भी हमला करने का दावा किया है।”
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर एक खास विचारधारा से प्रभावित हैं। अक्टूबर 2023 में बने इस अकाउंट के करीब 1 लाख 62 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: अमेरिका और ईरान में जंग फिर शुरू हो गई है। अमेरिका ने ईरान के नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए कई हमले भी किए हैं। हालांकि, वायरल वीडियो मार्च 2022 में सऊदी अरब के जेद्दा पर हुए हमले का है।
- Claim Review : यह वीडियो ईरान पर हुए अमेरिकी हमले का है।
- Claimed By : X User- Deepak Sharma
- Fact Check : झूठ
Our Sources
- Video of YT Reuters, Dated 26 Mar 2022
- FB Post of Qatar Day, Dated 25 Mar 2022
- Video of YT The Sun, Dated 26 Mar 2022
- Report of Aljazeera, Dated 8 Jul 2026
- Report of BBC, Dated 17 Jul 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
Related Fact Check
- Fact Check: अरुणाचल में चीनी सेना के घुसपैठ के दावे से वायरल वीडियो थाई आर्मी का है
- Fact Check: केरल में रेप करने पर बेटियों ने नहीं काटा पिता का प्राइवेट पार्ट, बांग्लादेश की घटना मनगढ़ंत कहानी के साथ वायरल
- Fact Check: नीदरलैंड की गर्मी से जोड़कर कार, टायर, और कूड़ेदान के क्षतिग्रस्त होने की पुरानी क्लिप्स वायरल
टैग्स
- Iran attack fact check
- Iran US attack viral video
- old video viral claim
- Saudi Arabia old video
- US Israe lIran War
- US strike on Iran fake video
अपनी प्रतिक्रिया दें
Next Article
