Rohit Sharma: भारतीय क्रिकेट ही नहीं, बल्कि वर्ल्ड क्रिकेट में भी जब भी ICC वनडे वर्ल्ड कप का जिक्र होगा, तब एक नाम सबसे ऊपर गोल्डन अक्षरों में चमकेगा, रोहित शर्मा. क्रिकेट की दुनिया में उन्हें प्यार से 'हिटमैन' कहा जाता है, लेकिन वर्ल्ड कप के मंच पर वह एक ऐसे 'Cricketing Monster' में बदल जाते हैं, जिसका सामना करने से दुनिया का हर गेंदबाज खौफ खाता है. 28 मैच, 1575 रन, 60 से ज्यादा का औसत और रिकॉर्ड 7 शतक! ये सिर्फ आंकड़े नहीं हैं, बल्कि वर्ल्ड कप के इतिहास पर रोहित शर्मा के राज की गवाही हैं. हाल के समय में जब भी टीम इंडिया के भविष्य या सीनियर खिलाड़ियों के बिना आगे बढ़ने की बात होती है, तो क्रिकेट फैंस डर जाते हैं. सवाल उठना लाजिमी है कि जिस खिलाड़ी ने भारत को वर्ल्ड कप के मंच पर अकेले दम पर दर्जनों मैच जिताए, जो टीम इंडिया की रीढ़ की हड्डी रहा है, उसके बिना मैदान पर उतरने की कल्पना भी कोई कैसे कर सकता है? तो आइए, इस आर्टिकल में जानते हैं कि क्यों रोहित शर्मा वनडे वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे महान बल्लेबाज हैं और उनकी कौन सी पारियां क्रिकेट इतिहास में हमेशा के लिए अमर हो चुकी हैं.
वनडे वर्ल्ड कप के आंकड़ों पर रोहित शर्मा का राज
रोहित शर्मा ने साल 2015, 2019 और 2023 में अब तक कुल तीन वनडे वर्ल्ड कप खेले हैं. जब बात आईसीसी के इस सबसे बड़े टूर्नामेंट की आती है, तो रोहित गेंदबाजों के लिए विलेन साबित होते हैं. दुनिया के सबसे खतरनाक ओपनर्स में से एक रोहित ने घर और बाहर, हर जगह वनडे वर्ल्ड कप में अपने बल्ले से तहलका मचाया है. रोहित शर्मा ने वनडे वर्ल्ड कप में अब तक कुल 28 मुकाबले खेले हैं, जिनकी 28 पारियों में उन्होंने 60.57 के औसत से कुल 1575 रन बनाए हैं. इस दौरान रोहित के बल्ले से कुल 7 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं.
रोहित सिर्फ उन चार भारतीय प्लेयर्स की लिस्ट में शामिल हैं, जो वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में 1000 या उससे अधिक रन बनाने में कामयाब हुए हैं. ये आंकड़े साफ दर्शाते हैं कि हिटमैन न सिर्फ रन नहीं बनाते, बल्कि वह विपक्षी टीम को मैच से पूरी तरह बाहर कर देते हैं. 105 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट और 60 का औसत किसी भी ओपनर के लिए एक सपने जैसा होता है, लेकिन रोहित ने इसे हकीकत में बदला है.
जब रोहित शर्मा ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का महारिकॉर्ड
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम 2023 वनडे वर्ल्ड कप तक इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज था. उन्होंने कुल 6 वनडे वर्ल्ड कप खेलते हुए 6 शतक लगाए थे. लेकिन रोहित शर्मा ने 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ सिर्फ अपनी 19वीं वर्ल्ड कप पारी में अपना 7वां शतक जड़कर इतिहास रच दिया था. उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने के इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया. रोहित शर्मा का वर्ल्ड कप में शतक बनाने का अनुपात अविश्वसनीय है. उन्होंने हर 4 पारियों में लगभग एक शतक लगाया है. यही कारण है कि उन्हें वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा 'शतकवीर' कहा जाता है.
एक ही वर्ल्ड कप में रोहित का 5 शतक का वो अनोखा चमत्कार
इंग्लैंड की धरती पर खेला गया 2019 का वनडे वर्ल्ड कप रोहित शर्मा के करियर का सबसे सुनहरा दौर था. उस टूर्नामेंट में रोहित एक अलग ही रंग में नजर आ रहे थे. उन्होंने 9 मैचों में 81.00 के शानदार औसत से कुल 648 रन बनाए थे. इस दौरान उन्होंने एक ही वर्ल्ड कप में 5 शतक जड़ दिए, जो आज भी एक अटूट वर्ल्ड रिकॉर्ड है. साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान, इंग्लैंड, बांग्लादेश और श्रीलंका, दुनिया का कोई भी गेंदबाजी आक्रमण रोहित के बल्ले को रोक नहीं पाया था. इसे क्रिकेट इतिहास के सबसे दमदार व्यक्तिगत प्रदर्शनों में से एक माना जाता है.
रोहित शर्मा की वो 4 पारियां, जो वनडे वर्ल्ड कप क्रिकेट इतिहास में हो गई अमर
रोहित शर्मा के बल्ले से निकले ऐसे तो सभी 7 शतक बेमिसाल हैं, लेकिन कुछ पारियां ऐसी थीं जिन्होंने मैच का पासा पलटकर क्रिकेट फैंस के दिलों पर अमिट छाप छोड़ दी.
140 रन बनाम पाकिस्तान (मैनचेस्टर, 2019): भारत-पाकिस्तान मैच के भारी दबाव के बीच रोहित ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी थीं. उन्होंने महज 113 गेंदों पर 14 चौकों और 3 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 140 रनों की क्लासिक पारी खेल भारत की जीत की मजबूत नींव रखी थी.
131 रन बनाम अफगानिस्तान (दिल्ली, 2023): 273 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने गेंदबाजों को खिलौना बना दिया. उन्होंने सिर्फ 84 गेंदों पर 131 रन बनाकर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा और वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
137 रन बनाम बांग्लादेश (मेलबर्न, 2015): क्वार्टर फाइनल के इस नॉकआउट मुकाबले में जब भारत संकट में था, तब रोहित ने एक छोर संभालकर 126 गेंदों में 137 रनों की धैर्यपूर्ण पारी खेली और भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया.
86 बनाम पाकिस्तान (अहमदाबाद, 2023): भले ही यह शतक नहीं था, पर 1 लाख से अधिक दर्शकों के सामने सिर्फ 63 गेंदों में 86 रनों की इस विस्फोटक पारी ने पूरे टूर्नामेंट का टोन सेट कर पाकिस्तानी टीम का मनोबल तोड़ दिया था.
निडर कप्तानी और 2023 वर्ल्ड कप का 'सेल्फलेस' अवतार
2023 वनडे वर्ल्ड कप को कोई भी भारतीय क्रिकेट फैन और टीम इंडिया कभी भूल नहीं पाएगी. यह वर्ल्ड कप भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के 'सेल्फलेस' अवतार की कहानी रहा. इसे रोहित का वर्ल्ड कप कहा जाए तो गलत नहीं होगा. बतौर कप्तान, उनके पास खुद के लिए खेलने और शतकों के रिकॉर्ड तोड़ने का पूरा मौका था, लेकिन उन्होंने व्यक्तिगत उपलब्धियों से ऊपर टीम को रखा. रोहित ने टीम इंडिया को 'फियरलेस क्रिकेट' का मंत्र दिया. वह हर मैच में पहली ही गेंद से विपक्षी गेंदबाजों पर टूट पड़ते थे. पावरप्ले में उनकी इसी आक्रामक बल्लेबाजी के कारण ही विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जैसे बल्लेबाजों को क्रीज पर सेट होने का समय मिलता था. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 125.94 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 597 रन बनाए. एक कप्तान का ऐसा निस्वार्थ प्रदर्शन क्रिकेट जगत में एक मिसाल है.
टीम इंडिया रोहित के बिना क्यों नहीं सोच सकती?
वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा की जगह भरना नामुमकिन है. वह सिर्फ बल्लेबाज नहीं, बल्कि एक मनोवैज्ञानिक हथियार हैं, जिनके क्रीज पर होने से विरोधी कप्तान रक्षात्मक फील्डिंग पर मजबूर हो जाते हैं. रोहित की अमर पारियां और रिकॉर्ड्स गवाह हैं कि वर्ल्ड कप इतिहास में उनके जैसा इम्पैक्ट वाला ओपनर दूसरा कोई नहीं हुआ. इसलिए टीम इंडिया बदलाव के किसी भी दौर से गुजर जाए, इस महान 'हिटमैन' के बिना वर्ल्ड कप में उतरने की सोच भी नहीं सकती.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी रचेंगे इतिहास, अफगानिस्तान सीरीज में सिर्फ इतने रन बनाकर ईशान और अभिषेक के रिकॉर्ड की करेंगे बराबरी