भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बोले-EWS आरक्षण की विसंगतियां होंगी दूर: जनता का विश्वास बीजेपी पर कायम, ट्रिपल इंजन की सरकार में देंगे विकास को रफ्तार - Jodhpur News

Published on 28 सित॰ 2026

भााजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार के जरिए विकास कार्यों को गति देने पर फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास भाजपा पर कायम है और EWS आरक्षण से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने की दिशा में काम किया जाएगा। उनके

.

रविवार रात को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ जोधपुर पहुंचे थे। सोमवार को पार्टी के युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद सर्किट हाउस पहुंचकर मीडिया से बात की। राठौड़ ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की बंपर जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सुशासन, जनकल्याणकारी नीतियों और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है।

वहीं, राज्य की भजनलाल सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि बिजली-चिकित्सा में सुधार, किसान सम्मान निधि में 3,000 रुपए का राज्य अंश जोड़ना, MSP में बढ़ोतरी, राइजिंग राजस्थान और सख्त कानून-व्यवस्था जैसे कदमों का ही नतीजा है कि जनता का विश्वास बीजेपी पर कायम है।

ट्रिपल इंजन सरकार में विकास को देंगे रफ्तार

स्थानीय निकायों के विजन पर बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी का लक्ष्य अब डबल इंजन सरकार को 'ट्रिपल इंजन' में बदलकर विकास को रफ्तार देना है। पार्टी के संकल्प पत्र के मुताबिक शहरों में ड्रेनेज, सड़कें, ओवरब्रिज, पेयजल, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं पर तेजी से काम किया जाएगा।

पंचायत चुनावों को लेकर उन्होंने दावा किया कि बूथ स्तर तक फैले मजबूत संगठन के दम पर बीजेपी ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

जोधपुर में सर्किट हाउस पहुंचने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

जोधपुर में सर्किट हाउस पहुंचने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

EWS आरक्षण की विसंगतिया होंगी दूर

EWS आरक्षण के सरलीकरण के सवाल पर बोलते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि ईडब्ल्यूएस व्यवस्था में जो भी विसंगतियां है, उन्हें दूर कर सामान्य वर्ग के जरूरतमंदों को राहत दी जाएगी।

इसके साथ ही कांग्रेस के प्रदर्शन पर चुनाव आयोग को स्वतंत्र संस्था बताते हुए उन्होंने विपक्ष द्वारा ईवीएम पर उठाए जाने वाले सवालों को उनकी हार की बौखलाहट करार दिया।

फायर फाइटर्स के साथ सरकार पूरी तरह से खड़ी

जोधपुर के बासनी क्षेत्र में केमिकल फैक्ट्री में हुए हादसे पर गहरा दुख जताते हुए राठौड़ ने कहा कि आग बुझाने के दौरान झुलसे फायर फाइटर्स के साथ सरकार पूरी तरह खड़ी है।

लापरवाही मिली तो दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

उन्होंने अग्निशामक उपकरणों की कमी की बातों को खारिज करते हुए कहा कि हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि कोई अवैध या जानलेवा लापरवाही पाई गई तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।