What to Add in Diya: हिंदू धर्म में घर में रोजाना दीपक जलाने की परंपरा रही है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दीपक की रोशनी को सकारात्मक ऊर्जा, शुभता और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. मान्यता है कि नियमित रूप से पूजा स्थल पर दीपक जलाने से घर का वातावरण सकारात्मक रहता है और देवी-देवताओं की कृपा बनी रहती है. यही वजह है कि कई लोग सप्ताह के अलग-अलग दिनों में संबंधित देवी-देवताओं को प्रसन्न करने के लिए दीपक में विशेष चीजें डालकर जलाते हैं.
दीपक जलाते समय कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी माना जाता है. पूजा के लिए इस्तेमाल होने वाला दीपक साफ होना चाहिए और उसमें शुद्ध घी या उचित तेल का इस्तेमाल करना चाहिए. दीपक को पूजा स्थान पर श्रद्धा और विधि-विधान के साथ जलाना चाहिए. धार्मिक मान्यताओं में ये भी कहा जाता है कि दीपक में डाली जाने वाली सामग्री का संबंध उस दिन के ग्रह और देवी-देवता से माना जाता है.
दिन के हिसाब से दीपक में क्या-क्या डालकर जलाना चाहिए?
सोमवार:- सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित माना जाता है. इस दिन घी या तेल का दीपक जलाकर उसमें थोड़े से अक्षत यानी चावल डालने की मान्यता है. कहा जाता है कि इससे मन को शांति मिलती है और आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव के योग बनते हैं.
मंगलवार:- मंगलवार को भगवान हनुमान की पूजा की जाती है. इस दिन दीपक में एक लौंग डालकर जलाना शुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और व्यक्ति के अंदर साहस एवं आत्मविश्वास बढ़ता है.
बुधवार:- बुधवार का संबंध भगवान गणेश और बुध ग्रह से माना जाता है. इस दिन दीपक में एक चुटकी हल्दी डालकर जलाने की मान्यता है. कहा जाता है कि इससे बुद्धि, ज्ञान और सफलता की प्राप्ति के मार्ग खुलते हैं.
गुरुवार:- गुरुवार का दिन भगवान विष्णु और बृहस्पति देव को समर्पित माना जाता है. इस दिन घी के दीपक में थोड़ी हल्दी और चावल के कुछ दाने डालकर जलाना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इससे घर में बरकत बनी रहती है और गुरु की कृपा प्राप्त होती है.
शुक्रवार:- शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी की पूजा के लिए विशेष माना जाता है. इस दिन दीपक में चावल के दाने और एक लौंग डाल सकते हैं. इसके अलावा थोड़ा सा केसर डालकर दीपक जलाना भी शुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इससे घर में सुख-समृद्धि आती है और वैवाहिक जीवन में मधुरता बनी रहती है.
शनिवार:- शनिवार को भगवान शनि की पूजा की जाती है. इस दिन सरसों के तेल का दीपक जलाकर उसमें काले तिल और एक लौंग डालने की मान्यता है. कहा जाता है कि इससे शनि से जुड़ी बाधाओं को शांत करने और नकारात्मक प्रभाव कम करने में मदद मिलती है.
रविवार:-रविवार का दिन सूर्य देव को समर्पित माना जाता है. इस दिन शुद्ध घी या तेल का दीपक जलाकर उसे सूर्य देव को समर्पित करना शुभ माना जाता है. दीपक में लाल फूल की बाती या कुमकुम का इस्तेमाल भी शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इससे सूर्य देव की कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सकारात्मकता आती है.
दीपक जलाने के नियम
- दीपक की लौ का मुख हमेशा पूर्व या उत्तर दिशा की ओर होना चाहिए. पूर्व दिशा की लौ से स्वास्थ्य लाभ होता है और उत्तर दिशा की लौ से समृद्धि आती है.
- भगवान के दाहिने हाथ की तरफ घी का दीपक और बाएं हाथ की तरफ तेल का दीपक रखना शुभ माना जाता है. घी के दीपक के साथ रुई की बाती और तेल के दीपक के साथ लाल मौली की बाती का इस्तेमाल करना चाहिए.
- पूजा में कभी भी खंडित यानी टूटा-फूटा दीपक नहीं जलाना चाहिए. ऐसा करने से पूजा का फल नहीं मिलता है.
- सुबह 5 बजे से 10 बजे तक और शाम को 5 बजे से 7 बजे के बीच (गोधूलि बेला) दीपक जलाना सबसे शुभ माना जाता है.
- एक जलते हुए दीपक से दूसरा दीपक नहीं जलाना चाहिए. इसके अलावा, पूजा के बीच में दीपक को अपने आप बुझने नहीं देना चाहिए.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

सना चौधरी
सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया. इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.
Read More