Dharavi Experience Centre: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया उद्घाटन, जानिए नए मास्टर प्लान की विशेषताएं

Published on 3 अक्टू॰ 2026

By Oneindia Staff

Time Published: Saturday, October 3, 2026, 13:08 [IST]

धारावी पुनर्विकास: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 'धारावी एक्सपीरियंस सेंटर' का किया उद्घाटन, जानिए क्या है खास

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को 'धारावी एक्सपीरियंस सेंटर' (Dharavi Experience Centre) का उद्घाटन किया। यह केंद्र धारावी निवासियों को महाराष्ट्र सरकार की धारावी पुनर्विकास परियोजना (DRP) के तहत प्रस्तावित नए मास्टर प्लान की पहली झलक और प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करता है। इस परियोजना का निष्पादन अदाणी ग्रुप से जुड़ी कंपनी अदाणी नवभारत डेवलपर्स द्वारा किया जा रहा है।

उद्घाटन महात्मा गांधी की 157वीं जयंती (गांधी जयंती) के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस मौके पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने धारावी को समर्पित एक एंथम (गीत) का अनावरण किया और धारावी के इतिहास, व्यवसायों और उद्यमशीलता का जश्न मनाने वाली एक 'कॉफी टेबल बुक' भी जारी की। धारावी 10 लाख से अधिक निवासियों का घर है।

Dharavi Redevelopment Inauguration

क्या है 'धारावी एक्सपीरियंस सेंटर'?

22,500 वर्ग फुट में फैला यह एक्सपीरियंस सेंटर निवासियों को नए बनने वाले टाउनशिप की वास्तविक तस्वीर दिखाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यहाँ निवासी 350 वर्ग फुट और 500 वर्ग फुट के अनफर्निश्ड और फर्निश्ड (सजे हुए) अपार्टमेंट का वॉक-थ्रू अनुभव ले सकते हैं। इससे उन्हें अपने भविष्य के घर के लेआउट और जगह के उपयोग का सटीक विचार मिलेगा।

सेंटर में इंटरैक्टिव डिस्प्ले और 3D वॉॉक-थ्रू के जरिए यह दिखाया गया है कि आवास, कार्यस्थल, परिवहन और सार्वजनिक स्थान कैसे एक साथ आएंगे। साथ ही, यहाँ डिजिटल और असिस्टेड चैनलों के माध्यम से निवासियों को सर्वे, पात्रता (Eligibility), दस्तावेज़ीकरण और पुनर्वास प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

मीठी नदी का पुनरुद्धार और ग्रीन स्पेस

पुनर्विकास योजना में पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस परियोजना के तहत मीठी नदी का पुनरुद्धार किया जाएगा और 3.3 किलोमीटर लंबा सार्वजनिक रिवरफ्रंट बनाया जाएगा। इसके अलावे, धारावी क्षेत्र में लगभग 40,000 पेड़ लगाए जाएंगे और सार्वजनिक पार्क/खुले स्थान बनाए जाएंगे।

इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी

मास्टर प्लान में धारावी के निवासियों के जीवन और आजीविका के बीच के संबंध को बनाए रखने के साथ-साथ आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। धारावी पुनर्विकास योजना में परिवहन के विभिन्न साधनों को जोड़ने और मुंबईकरों की कनेक्टिविटी में सुधार के लिए एक मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब प्रस्तावित है।

इस महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट में नागरिक सुविधाओं का उचित ध्यान रखा गया है। परिसर में स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, पूजा स्थल और पार्क जैसी सामाजिक बुनियादी ढांचा सुविधाएं शामिल होंगी।

यह परियोजना महाराष्ट्र सरकार और झुग्गी पुनर्वास प्राधिकरण (SRA) का एक संयुक्त उद्यम (Joint Venture) है, जिसे अदाणी नवभारत डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा पूरा किया जाएगा।