Dhanbad News: प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे. दुर्गापुर के काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट पर उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया. उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं.
इसे भी पढ़ें:


धनबाद पहुंचने के बाद तरुण कपूर ने सबसे पहले मैथन स्थित प्रसिद्ध मां कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसके बाद वे कोयला भवन पहुंचे जहां बीसीसीएल के शीर्ष अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में खनन परियोजनाओं, अग्नि प्रभावित क्षेत्रों, पुनर्वास और झरिया क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई.
दो दिवसीय दौरे के दौरान तरुण कपूर बीसीसीएल की विभिन्न खनन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे. वे मुनीडीह क्षेत्र में संचालित कोल बेड मीथेन (सीबीएम) प्रोजेक्ट और लॉन्गवॉल प्रोजेक्ट का जायजा लेंगे. इसके अलावा कुसुंडा क्षेत्र स्थित एना फायर प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण करेंगे.
दौरे के दौरान वे उच्च जोखिम वाले अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों की जानकारी लेंगे. इससे क्षेत्र में चल रहे पुनर्वास कार्यों की जमीनी स्थिति का भी आकलन किया जाएगा.
मंगलवार 1 सितंबर को तरुण कपूर झरिया मास्टर प्लान के तहत बेलगड़िया और करमाटांड़ स्थित पुनर्वास स्थलों का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद समाहरणालय सभागार में झरिया मास्टर प्लान को लेकर संयुक्त समीक्षा बैठक होगी.
बैठक में जेआरडीए के साथ एनएचएआई, रेलवे, बीएसएनएल और टेलीकॉम विभाग से जुड़े अधिकारियों के भी शामिल होने की संभावना है.बैठक में पुनर्वास, विस्थापन, आधारभूत संरचना और संबंधित विभागों के बीच समन्वय से जुड़े विषयों की समीक्षा की जाएगी.
प्रधानमंत्री के सलाहकार के दौरे को लेकर उपायुक्त के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए हैं. संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. दौरे के दौरान झरिया मास्टर प्लान और अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास की प्रगति पर विशेष नजर रहेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.