Delhi Train Cancelled : दिल्ली में प्रदर्शन का असर! 24 ट्रेनें कैंसिल, राजधानी-शिवगंगा-प्रयागराज एक्सप्रेस भी शामिल

Published on 10 अक्टू॰ 2026

Delhi Train Cancelled: दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। राजधानी नई दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने यूपी से दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें सामान्य ट्रेनों के साथ-साथ राजधानी, शताब्दी, हमसफर और तेजस राजधानी जैसी वीआईपी ट्रेनें भी शामिल हैं। रेलवे के इस फैसले का सीधा असर हजारों यात्रियों पर पड़ा है। अचानक ट्रेनें रद्द होने से स्टेशन पहुंचे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ी।

दरअसल, नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित है। प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। इसी बीच सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से जुड़ी कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित किया है।

उत्तर मध्य रेलवे के अनुसार, 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने-जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द किया गया है। रद्द की गई ट्रेनों में मेल, एक्सप्रेस, स्पेशल, राजधानी, शताब्दी और ईएमयू/मेमू ट्रेनें शामिल हैं।

प्रयागराज से दिल्ली जाने वालों को बड़ा झटका

सबसे ज्यादा असर प्रयागराज से दिल्ली जाने वाले यात्रियों पर पड़ा है। प्रयागराज जंक्शन से नई दिल्ली के बीच चलने वाली प्रमुख ट्रेनों को रद्द किया गया है। इनमें प्रयागराज एक्सप्रेस (12417), हमसफर एक्सप्रेस (12275) और प्रयागराज-शकूरबस्ती स्पेशल (02417) शामिल हैं।इन ट्रेनों में बड़ी संख्या में यात्री रोजाना प्रयागराज से दिल्ली और आसपास के इलाकों की यात्रा करते हैं। ऐसे में अचानक परिचालन रद्द होने से यात्रियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती वैकल्पिक साधन तलाशने की है।कानपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली जाने वाली श्रमशक्ति एक्सप्रेस (12451) और शताब्दी एक्सप्रेस (12033) भी रद्द की गई ट्रेनों की सूची में शामिल हैं।

राजधानी और शिवगंगा भी नहीं जाएंगी दिल्ली

रेलवे के फैसले का असर सिर्फ सामान्य ट्रेनों तक सीमित नहीं है। दिल्ली जाने वाली कई प्रमुख वीआईपी ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है। दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12309) और बनारस-नई दिल्ली शिवगंगा एक्सप्रेस (12559) भी आज रद्द रहेगी।इसके अलावा मानिकपुर-हजरत निजामुद्दीन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12447), आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस (14211), प्रयागराज-दिल्ली स्पेशल (02275) और दिल्ली-प्रयागराज स्पेशल (02276) का संचालन भी रद्द किया गया है। यानी यूपी के अलग-अलग शहरों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को आज रेलवे की ओर से बड़ा झटका लगा है। खासकर उन यात्रियों के लिए परेशानी अधिक है, जिन्होंने पहले से टिकट बुक करा रखे थे और दिल्ली पहुंचने की तैयारी कर ली थी।

छोटी दूरी की ट्रेनें भी प्रभावित

दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन का असर लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ-साथ लोकल ट्रेनों पर भी पड़ा है। दनकौर-दिल्ली ईएमयू, खुर्जा-गाजियाबाद ईएमयू, अलीगढ़-दिल्ली ईएमयू, खुर्जा-शकूरबस्ती ईएमयू और हाथरस किला-दिल्ली मेमू जैसी ट्रेनों को भी रद्द किया गया है।इसके अलावा अलीगढ़-नई दिल्ली ईएमयू, दनकौर-शकूरबस्ती ईएमयू, आगरा फोर्ट-गाजियाबाद ईएमयू, कोसीकलां-गाजियाबाद ईएमयू, गाजियाबाद-मथुरा ईएमयू और टुंडला-दिल्ली मेमू का परिचालन भी प्रभावित हुआ है।

खुफिया इनपुट के बाद रेलवे ने उठाया कदम

बताया जा रहा है कि खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा संबंधी इनपुट दिए थे। आशंका जताई गई थी कि प्रदर्शन के दौरान राजधानी में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही हो सकती है, जिससे नई दिल्ली के आसपास भारी जाम और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां पैदा हो सकती हैं।इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे और प्रशासन की ओर से एहतियाती कदम उठाए गए हैं। रेलवे का फैसला यात्रियों की परेशानी बढ़ाने वाला जरूर है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।

स्टेशन पहुंचे यात्री हुए परेशान

ट्रेन कैंसिल होने की जानकारी कई यात्रियों को अंतिम समय में मिली। ऐसे में जिन लोगों को जरूरी काम से दिल्ली जाना था, उनके सामने बस या अन्य वैकल्पिक साधनों से यात्रा करने की मजबूरी पैदा हो गई। त्योहार और छुट्टियों के आसपास यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण वैकल्पिक परिवहन साधनों पर भी दबाव बढ़ने की संभावना है। रेलवे की ओर से यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। खासकर नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन जाने वाले यात्रियों को स्टेशन निकलने से पहले ट्रेन के परिचालन की पुष्टि कर लेनी चाहिए।

फिलहाल 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक लागू इस व्यवस्था के कारण यूपी से दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनों के पहिए थमे रहेंगे। अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रस्तावित प्रदर्शन के बाद रेल परिचालन कब सामान्य होता है।