CBSE ने सितंबर 2026 सत्र की केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा को स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही बोर्ड ने उन पात्र अभ्यर्थियों को एक और मौका देते हुए ऑनलाइन आवेदन विंडो दोबारा खोल दी है, जो पूर्व में फॉर्म नहीं भर पाए थे। अभ्यर्थी अब 25 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक सीटीईटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
बोर्ड ने उन सभी अभ्यर्थियों के लिए 25 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक आवेदन पोर्टल फिर से खोल दिया है, जो पिछली समयसीमा में छूट गए थे।
- Published: 25 Aug 2026, 05:00 PM IST
- Last Updated: 25 Aug 2026, 05:02 PM IST
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बोर्ड ने सीटीईटी के 22वें संस्करण की प्रस्तावित परीक्षा को फिलहाल स्थगित करते हुए पंजीकरण पोर्टल को फिर से सक्रिय कर दिया है। यह कदम पात्र अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अतिरिक्त अवसर देने के उद्देश्य से उठाया गया है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दोबारा खुला आवेदन पोर्टल
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि आवेदन विंडो दोबारा खोलने और परीक्षा स्थगित करने का निर्णय हाल ही में आए सुप्रीम कोर्ट के एक अहम फैसले के अनुपालन में लिया गया है। शीर्ष अदालत ने अपने फैसले में कहा था कि सेवारत व पात्र शिक्षकों को निर्धारित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की कानूनी अर्हता पूरी करने के लिए उचित और पर्याप्त अवसर मिलना आवश्यक है।
इसी निर्देश को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने उन सभी अभ्यर्थियों के लिए 25 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक आवेदन पोर्टल फिर से खोल दिया है, जो पिछली समयसीमा में छूट गए थे।

पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को दोबारा फॉर्म भरने की जरूरत नहीं
सीबीएसई के अनुसार, सीटीईटी के 22वें संस्करण का पहला नोटिफिकेशन 8 मई 2026 को जारी हुआ था, जिसके तहत 11 मई से 10 जून 2026 तक आवेदन स्वीकार किए गए थे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने उस दौरान सफलतापूर्वक अपना फॉर्म और शुल्क जमा कर दिया था, उन्हें दोबारा पंजीकरण या आवेदन करने की कोई आवश्यकता नहीं है। यह विशेष अवसर केवल उन नए व छूटे हुए पात्र अभ्यर्थियों के लिए है जो पूर्व में आवेदन करने से वंचित रह गए थे।
1 सितंबर के बाद घोषित होगी संशोधित परीक्षा तिथि
परीक्षा स्थगित होने के कारण अब नई परीक्षा तिथि को लेकर स्थिति आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद साफ होगी। बोर्ड के मुताबिक, 1 सितंबर 2026 को दोबारा खोली गई आवेदन विंडो बंद होने के बाद उम्मीदवारों की कुल संख्या का आकलन किया जाएगा और उसके बाद सीटीईटी 2026 की नई और संशोधित परीक्षा तिथि जारी की जाएगी।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा कार्यक्रम, एडमिट कार्ड और आधिकारिक दिशा-निर्देशों के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।