सीट शेयरिंग से CM के चेहरे तक...पंजाब में BJP-SAD गठबंधन पर कहां फंस रहा पेंच?

Published on 26 अग॰ 2026

सीट शेयरिंग से CM के चेहरे तक...पंजाब में BJP-SAD गठबंधन पर कहां फंस रहा पेंच?

पंजाब में BJP-SAD गठबंधन पर पेंचImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)

पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. पंजाब की सत्ता में काबिज होने के लिए बीजेपी अपने पुराने NDA के सहयोगी शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन को लेकर चर्चा तेज कर दी है. बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन में अभी सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा जारी है। हालांकि गठबंधन ना होने की सूरत में पार्टी सभी 117 सीटों पर भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है.

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी और SAD के बीच अभी भी सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा हो रही है. दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर लगातार चर्चा चल रही है. सूत्रों का कहना है कि फिलहाल सबसे बड़ा पेंच सीटों की संख्या को लेकर है. बीजेपी के मुताबिक, अब बीजेपी पंजाब में पहले से ज्यादा मजबूत स्थिति में है, ऐसे में बीजेपी चाहती है कि राज्य में दोनों दलों के बीच में लगभग बराबरी का गठबंधन हो.

सीट शेयरिंग को लेकर पेंच

बीजेपी सूत्रों का कहना है कि BJP करीब 55 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि शिरोमणि अकाली दल BJP को 45 सीटें देने को तैयार है. दोनों दल अपने-अपने राजनीतिक प्रभाव और चुनावी तैयारियों के आधार पर सीटों को लेकर अपना पक्ष तैयार कर रहे हैं. अगर सब कुछ ठीक रहता है तो जल्दी ही दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर फैसला हो सकता है.

सूत्रों के मुताबिक, सीटों के बंटवारे को लेकर कोशिश की जा रही है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच एक ऐसा फॉर्मूला तैयार हो सके, जिस पर दोनों की सहमति बने और गठबंधन को अंतिम रूप दिया जा सके. एक बार जब सीटों की संख्या पर बात बन जाएगी तो उसके बाद कौन सी सीट किस पार्टी के खाते में जाएगी, उसको लेकर दोनों दलों के बीच चर्चा शुरू होगी.

बीजेपी अकेले दम पर लड़ेगी चुनाव?

हालांकि बीजेपी ने गठबंधन न होने की स्थिति में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी भी शुरू कर दी है. हाल ही में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने पंजाब का दौरा किया था और पार्टी नेताओं को अकेले अपने दम पर राज्य में चुनाव लड़ने को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं. इसको लेकर पार्टी ने राज्य में अपनी तैयारी भी शुरू कर दी है. यहां ये जानना जरूरी है कि पुराने फॉर्मूले में विधानसभा की 117 सीटों में शिरोमणि अकाली दल 94 और बीजेपी 23 सीटों पर लड़ती थी.

CM के चेहरे को लेकर भी फाइनल बातचीत बाकी

सूत्रों का कहना है कि पंजाब में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर भी अभी फाइनल बातचीत होना बाकी है. जानकारी के मुताबिक, बीजेपी चाहती है मुख्यमंत्री का चेहरा और नाम विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद तय हो, जबकि शिरोमणि अकाली दल चुनाव से पहले ही सुखबीर बादल को गठबंधन का चेहरा बनाकर चुनाव मैदान में उतरना चाहता है.

एक तीसरा मुद्दा उन सीटों को लेकर भी है, जो सेमी अर्बन क्षेत्र में पड़ते हैं. दरअसल, अर्ध शहरी क्षेत्र की अधिकतर सीटों पर बीजेपी अपना उम्मीदवार चाहती है, जबकि अकाली दल इन सीटों पर अपनी उम्मीदवारी चाहता है. एक जानकार के मुताबिक, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के जापान से लौटने के बाद पंजाब में एनडीए गठन को अंतिम रूप देने का मामला तेजी से बढ़ेगा.

ये भी पढ़ें: रक्षा बंधन पर महिलाओं को तोहफा…पंजाब में ‘मां-बेटी सम्मान योजना’ की तीसरी किस्त 28 अगस्त को

Amod Rai

Amod Rai

21 सालों से राजनीतिक, सामाजिक और पॉलिसी संबंधित विषयों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव। लगातार 2 दशक से बीजेपी, संघ परिवार, संसद और केंद्र सरकार की खबरों पर विशेष निगाह

Read More

google button