सोनम वांगचुक और कॉकरोच जनता पार्टी के रिश्तों में आई खटास? CJP के सौरभ दास ने दिया जवाब

Published on 24 जुल॰ 2026

Jul 24, 2026 10:35 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली

Follow us on Google News

share

Sonam Wangchuk: कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन का चेहरा रहे सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर ली है। सरकार की तरफ से मिले आश्वासन के बाद वांगचुक ने मेदांता अस्पताल में हड़ताल खत्म की लेकिन उनके पीछे कॉकरोच जनता पार्टी अभी भी धर्मेंद्र प्रधान के अनशन पर अड़ी हुई है।

Sonam Wangchuk

सोनम वांगचुक और अभिजीत दीपके

Cockroach Janata Party: कॉकरोच जनता पार्टी को भूख हड़ताल के जरिए नई आवाज देने वाले सोनम वांगचुक ने देर रात अपना अनशन समाप्त कर लिया। 26 दिन तक अनशन करने वाले वांगचुक ने किसी विपक्षी नेता या सीजेपी के कार्यकर्ताओं के बीच में अनशन खत्म नहीं किया। बल्कि दो केंद्रीय मंत्री के सामने और सरकार के आश्वासन के साथ अपनी भूख हड़ताल को वापस लिया है। इसके बाद वांगचुक ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें पेपर लीक पर ऐक्शन लेने का भरोसा दिलाया है। वांगचुक ने भले ही सरकार को लेकर अपना हमला बंद कर दिया हो, लेकिन सीजेपी अभी भी मानने को तैयार नहीं है। कॉकरोच पार्टी की तरफ से साफ कर दिया गया है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं आ जाता, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को अमेरिका से सपोर्ट करने वाले वांगचुक आखिर पार्टी से अलग रुख क्यों ले रहे हैं। इसको लेकर अब लगातार सोशल मीडिया और लोगों के बीच में चर्चा तेज है। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि जिस कॉकरोच पार्टी को वांगचुक पहले दिन से सपोर्ट कर रहे हैं, वह एक दम से अलग हो गए हैं। वह भी तब, जब यह प्रदर्शन अब पूरे देश में फैल रहा है।

जिस मुद्दे के लिए आंदोलन शुरू किया उसे पूरा करेंगे।- CJP

इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने इस मुद्दे पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी और सोनम वांगचुक के बीच में कोई मतभेद नहीं हैं। उन्होंने कहा, "हम सभी धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा चाहते हैं और इसके साथ ही नीट की वजह से आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों के एक-एक करोड़ रुपए देने की मांग है। एक समय पर हमने जीरो के साथ कुछ शुरू किया था। आज हम बस उसे अंजाम तक पहुंचाना चाहते हैं।"

हमें सोनम वांगचुक के सेहत की चिंता- CJP

सोनम वांगचुक के अनशन तोड़ने और आंदोलन खत्म करने की अपील को लेकर सौरभ ने कहा कि हमें उनके सेहत की चिंता है। सौरभ ने कहा, "उनका ( सोनम वांगचुक) का वजन 11 किलो कम हो गया है। हमें उनके सेहत की चिंता है। उन्होंने अनशन और कुछ मांगों को लेकर हमें एक चिट्ठी लिखी थी। इसमें उन्होंने बताया था कि इस मामले पर उनकी राय क्या है। हम उनकी कोशिशों को बेकार नहीं जाने देंगे। इस आंदोलन को हमने जिस मुद्दे के साथ शुरू किया था, हम उस पर लेकर ही जाएंगे।"

बता दें, कॉकरोच जनता पार्टी की तरफ से यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब सोनम वांगचुक ने भाजपा नेताओं के सामने अनशन समाप्त कर लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से यह भरोसा दिलाया गया है कि वह इस मुद्दे को संसद के पटल पर उठाएंगे। वहीं धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के मुद्दे पर वांगचुक ने नरम रुख अपनाया। उन्होंने अपने बयान में इसकी मांग नहीं की, जबकि सीजेपी अपना पूरा आंदोलन इसी एक मांग पर रखे हुए है।

गुरुवार को हुए इस घटनाक्रम में सबसे बड़ा झटका कॉकरोच जनता पार्टी को ही लगा। क्योंकि पिछले एक महीने से जिन सोनम वांगचुक को वह अपना पोस्टर बॉय और नेता बनाए हुए थे। वह अब अनशन खत्म करके हिंसा की आशंका की वजह से आंदोलन खत्म करने की अपील कर चुके हैं। लेकिन सीजेपी अभी भी मैदान में है। इसी बीच देर रात पीएम मोदी ने भी जेन-जी को संबोधित करते हुए रील पोस्ट की। उन्होंने साफ तौर पर पेपर लीक को लेकर सरकार की तरफ से उठाए जा रहे कदमों की चर्चा की। उन्होंने बताया कि कैसे फास्ट ट्रैक कोर्ट के ऐलान के बाद सरकार अब पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ अलग से कानून लाने वाली है। इस कानून को इसी संसद सत्र में पारित किया जाएगा।