Car AC Tips: मानसून में कार के AC से आने लगी है बदबू? जानें वजह और आसान तरीके - Haribhoomi

Published on 17 जुल॰ 2026

Car AC Tips: मानसून में कार के AC से सीलन जैसी बदबू आने या विंडशील्ड पर बार-बार कोहरा जमने को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। नमी से AC सिस्टम में फफूंद और बैक्टीरिया पनप सकते हैं।

Car Care Tips

कार के AC से बदबू क्यों आती है?

  • Published: 17 Jul 2026, 07:24 PM IST
  • Last Updated: 17 Jul 2026, 07:24 PM IST

Car AC Tips: बारिश का मौसम भले ही गर्मी से राहत देता हो, लेकिन यह कार के एयर कंडीशनिंग (AC) सिस्टम के लिए नई चुनौतियां भी लेकर आता है। अधिक नमी के कारण AC सिस्टम के अंदर फफूंद, बैक्टीरिया और सीलन पैदा हो सकती है, जिससे केबिन में बदबू आने लगती है। इसके अलावा, बारिश के दौरान विंडशील्ड पर कोहरा जमना भी आम समस्या है। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान उपाय अपनाकर इन दोनों परेशानियों से आसानी से बचा जा सकता है।

मानसून में विंडशील्ड पर कोहरा क्यों जमता है?
बारिश के मौसम में बाहर की हवा गर्म और नमी से भरी होती है, जबकि कार के अंदर AC की वजह से तापमान कम रहता है। बाहर और अंदर के तापमान में अंतर होने के कारण विंडशील्ड पर भाप जम जाती है, जिससे ड्राइविंग के दौरान विजिबिलिटी कम हो सकती है।

विंडशील्ड से कोहरा हटाने का सही तरीका
कोहरा हटाने के लिए AC को तेज स्पीड पर चलाने की बजाय सही तरीके से इस्तेमाल करना जरूरी है।

  • फैन की स्पीड कम या मध्यम रखें।
  • AC वेंट्स का रुख विंडशील्ड की ओर करें।
  • Recirculation Mode की जगह Fresh Air Intake Mode का उपयोग करें।
  • AC को चालू रखें ताकि केबिन की अतिरिक्त नमी कम होती रहे।
  • बादलों या ठंडे मौसम में भी कुछ मिनट AC चलाने से केबिन सूखा रहता है और अगली बार कोहरा बनने की संभावना कम हो जाती है।

कार के AC से बदबू क्यों आती है?
कार के AC सिस्टम में Evaporator नाम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है, जो हवा को ठंडा करने के दौरान नमी को बाहर निकालता है। मानसून में यह हिस्सा लंबे समय तक नम बना रहता है।

ऐसी स्थिति में धूल, परागकण, बैक्टीरिया और फफूंद इसकी सतह पर जमा होने लगते हैं। यही वजह है कि AC ऑन करते ही केबिन में सीलन या खट्टी बदबू महसूस होती है। यदि AC की ड्रेन ट्यूब ब्लॉक हो जाए, तो पानी जमा होने से यह समस्या और बढ़ सकती है।

बदबू और फफूंद से बचने के आसान उपाय

समय पर बदलें केबिन एयर फिल्टर
अगर आपकी कार 12,000 से 15,000 किलोमीटर चल चुकी है, AC की कूलिंग कम हो गई है या बदबू आने लगी है, तो केबिन एयर फिल्टर बदलवा देना चाहिए। यह कम खर्च वाला लेकिन बेहद जरूरी मेंटेनेंस है।

पार्किंग से पहले AC बंद करें
कार पार्क करने से लगभग एक मिनट पहले AC बंद कर दें और केवल फैन चलने दें। इससे Evaporator सूख जाता है और उसमें नमी जमा नहीं होती। यह फफूंद और बैक्टीरिया बनने की संभावना को काफी कम कर देता है।

मानसून में AC को बेहतर रखने के लिए अपनाएं ये आदतें

  • मौसम ठंडा होने पर भी समय-समय पर AC चलाते रहें।
  • केबिन की नमी कम करने के लिए Fresh Air Mode का इस्तेमाल करें।
  • विंडशील्ड पर कोहरा बनने पर फैन की स्पीड कम रखें।
  • अगर लगातार बदबू आती रहे तो AC सिस्टम की सर्विस और ड्रेन ट्यूब की जांच जरूर कराएं।

छोटी सावधानी, बड़ा फायदा
मानसून के दौरान कार के AC की नियमित देखभाल सिर्फ आराम के लिए ही नहीं, बल्कि सुरक्षित ड्राइविंग के लिए भी जरूरी है। साफ और सही तरीके से काम करने वाला AC बेहतर कूलिंग देता है, विंडशील्ड पर कोहरा बनने से रोकता है और केबिन की हवा को ताजा बनाए रखता है। साथ ही, जब AC सिस्टम बेहतर स्थिति में होता है तो कार की कार्यक्षमता भी बनी रहती है और ईंधन की खपत पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है।

(मंजू कुमारी)