विभिन्न किसान संगठन भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील (व्यापार समझौते) के विरोध में 23 जुलाई को दिल्ली के राजघाट पर एक बड़ा प्रदर्शन करने वाले थे।
कुरुक्षेत्र में हिरासत में लिए गए BKU अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी।
- Published: 20 Jul 2026, 04:14 PM IST
- Last Updated: 20 Jul 2026, 04:50 PM IST
BKU अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी डिटेन: हरियाणा में किसान आंदोलन को लेकर एक बार फिर सरगर्मी तेज हो गई है। कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में नेशनल हाईवे-152D (152D Express-way) पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन (BKU) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी को डिटेन (हिरासत में) कर लिया है। चढूनी अपने समर्थकों के साथ दिल्ली कूच की तैयारी में थे।
गुरनाम सिंह चढूनी के साथ-साथ BKU के प्रवक्ता राकेश बैंस को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस अधिकारी अभी इस मामले में आधिकारिक तौर पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
क्यों होना था दिल्ली में प्रदर्शन?
किसान संगठनों ने भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील (India-US Proposed Trade Deal) के विरोध में एक बड़े आंदोलन का बिगुल फूंका था। इस रणनीति के तहत 23 जुलाई को देशभर के किसानों को दिल्ली के राजघाट (किसान घाट) पर सुबह 8 बजे एकत्रित होना था। लेकिन इस बड़े प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए किसान नेताओं की धरपकड़ शुरू कर दी।
चढूनी के बेटे ने फेसबुक पर जारी किया वीडियो
गुरनाम सिंह चढूनी को हिरासत में लिए जाने के तुरंत बाद उनके आधिकारिक फेसबुक पेज से एक वीडियो संदेश जारी किया गया। वीडियो में उनके बेटे ने दावा किया कि चढूनी जी और संगठन के कई पदाधिकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन आंदोलन रुकेगा नहीं। चढूनी जी का संदेश है कि हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत जहां-जहां भी हमारे संगठन के साथी हैं, वे आज दोपहर 2 बजे अपने-अपने क्षेत्रों के टोल प्लाजा जाम करें।"
शंभू बॉर्डर पहुंचने की अपील
इस कार्रवाई के बाद किसानों में आक्रोश है। फेसबुक वीडियो के जरिए शाहाबाद और अंबाला के किसानों से विशेष अपील की गई है कि वे दोपहर 2 बजे अधिक से अधिक संख्या में शंभू बॉर्डर पर पहुंचें, ताकि पुलिसिया कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया जा सके।
फिलहाल, एहतियात के तौर पर पुलिस ने हाईवे और संभावित विरोध प्रदर्शन वाले स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।