गोली लगने से घायल नाबालिग प्रिंस का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनसेट में बीजेपी नेता के जेठ का फोटो, इन पर ही गोली चलाने का आरोप लगा है।
हरियाणा के पानीपत में एक नाबालिग ने BJP नेता पर फायरिंग कर गोली मारने का आरोप लगाया है। उसने कहा- कूड़ा बीनने के बाद रास्ते में आकर रुका तो पार्षद कोमल के घर के बाहर झगड़ा हो रहा था।
.
इसी दौरान उसके जेठ लखन ने छत पर चढ़कर गोली चला दी। एक गोली उसके पेट में लग गई। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि गोली अभी भी प्रिंस के पेट में ही है। परिवार की सहमति के बाद ऑपरेशन कर इसे निकाला जाएगा।
बता दें कि भाजपा नेता ने 2 सितंबर को कुछ युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया था। इन युवकों पर ही फायरिंग का आरोप लगा था। जिसके बाद प्रिंस का ये बयान आया है। उधर, प्रिंस के परिजनों का कहना है कि एक पुलिस अधिकारी ने BJP नेता के परिवार से समझौते के नाम पर 7 लाख रुपए ऑफर किए हैं।
उधर, मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच चल रही है। जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर, भास्कर रिपोर्टर ने भाजपा नेता लखन पांचाल का पक्ष जानने के लिए कॉल और वॉट्सएप मैसेज किया, मगर उनकी तरफ से को ई जवाब नहीं मिला।

डॉक्टरों के मुताबिक, गोली अभी प्रिंस के शरीर में ही है। परिवार की सहमति के बाद ऑपरेशन कर इसे निकाला जाएगा।
पहले जानिए, लखन की तरफ से दर्ज FIR में क्या आरोप
- बाइक लगाकर रास्ता रोक रखा था: पानीपत की मोतीराम कॉलोनी में 2 सितंबर की रात BJP महिला पार्षद कोमल पांचाल के घर फायरिंग का मामला सामने आया था। उनके जेठ लखन पांचाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब 9:30 बजे वह हरि सिंह चौक के पास गली से गुजर रहे थे। इस दौरान वहां लव पंडित, उसका भाई चिनू पंडित, अमन पंडित और 4-5 अन्य लड़के बाइक लगाकर रास्ता रोककर खड़े थे।
- गाली- गलौज कर मारपीट की: लखन के अनुसार, रास्ता रोकने का कारण पूछने पर लव पंडित और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया। जाते समय लव पंडित ने जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद जैसे ही वह घर के पास पहुंचे, यहां लव भी करीब 30 लोग लेकर पहुंच गया।
- लखन पर फायरिंग कर दी: शिकायत के अनुसार, लव के साथियों पाले, कादिर राणा और सौरभ के पास हथियार थे। इनके साथ आए कई लोगों के हाथों में लाठी-डंडे थे। आरोप है कि इन चारों ने लखन को जान से मारने के लिए फायरिंग कर दी। गोली चलते ही लखन जान बचाने के लिए घर की तरफ भागा। हमलावर भी लाठी-डंडे लेकर उसके पीछे दौड़े।
- पिता से मारपीट, गाड़ियों में तोड़फोड़: लखन ने बताया कि वह घर के अंदर घुस गया, लेकिन हमलावरों ने बाहर बैठे उसके पिता ईशम सिंह पांचाल पर हमला कर दिया। उनके साथ मारपीट कर चोटें पहुंचाईं। इसके बाद हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार, भाई की वेन्यू कार और परिवार की बाइकों में तोड़फोड़ की। जान से मारने की धमकी देते हुए सभी हथियार लेकर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल के बाहर खड़े घायल नाबालिग के परिजन।
अब यहां पढ़िए… गोली लगने से घायल नाबालिग ने क्या बताया
- इशम पांचाल के घर के बाहर लगी थी भीड़: जाटल रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती प्रिंस ने बताया कि वह कूड़ा बीनने का काम करता है। 2 सितंबर की रात काम से घर लौट रहा था। इशम पांचाल के घर के बाहर पहुंचा तो वहां काफी भीड़ लगी थी। कुछ लोग आपस में झगड़ रहे थे। वह भी वहां खड़ा हो गया।
- मारपीट में गोली चली, एक प्रिंस को लगी: प्रिंस के मुताबिक, कुछ देर बाद वहां मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडे चलने लगे और तोड़फोड़ भी होने लगी। इसी दौरान अचानक गोलियां चल गईं। इनमें से एक गोली उसे लग गई। प्रिंस का दावा है ये गोली खुद BJP नेता लखन ने चलाई थी। गोली लगते ही वह नीचे गिर गया। इसके बाद देखा कि लखन ने छत पर चढ़कर भी फायरिंग की। उसने चार गोली चलाई।
- ASI ने 7 लाख रुपए का ऑफर दिया: प्रिंस की मां कविता और पिता ने बताया कि वे पुलिस को शिकायत देने के साथ SP से भी मिल चुके हैं। आरोप है कि इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। परिवार के मुताबिक, गुरुवार को तहसील कैंप थाने के जांच अधिकारी ASI धर्मराज अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने बताया कि लखन के परिवार की ओर से समझौते का ऑफर आया है। लखन के खिलाफ बयान न देने के बदले प्रिंस का इलाज कराने और 5 से 7 लाख रुपए देने की बात कही गई।

घटना के बाद मौके पर जांच करने पहुंची पुलिस टीमें। (फाइल)
मामले में SHO की 2 अहम बातें
- धर्मराज पर लगे आरोप गलत: SHO बंसीलाल ने बताया कि ASI धर्मराज पर लगाए गए आरोप झूठे हैं। प्रिंस के परिवार की ओर से लखन पर गोली चलाने के आरोप लगाते हुए दो शिकायतें मिली हैं। दोनों की जांच चल रही है। SP को दी शिकायत भी पुलिस के पास आ चुकी है।
- प्रिंस के शरीर में अभी गोली: SHO ने बताया कि गोली अभी प्रिंस के शरीर में ही है। परिवार की सहमति नहीं मिलने के कारण ऑपरेशन नहीं हो पा रहा है। डॉक्टर का ओपिनियन आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। जिसने भी गलत किया होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने लखन का पक्ष लेने के लिए कॉल और वॉट्सएप पर संपर्क किया, मगर उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला है।