हरियाणा-पूर्व विधायक ने करणी सेना अध्यक्ष को बोलने से रोका: अम्मू बोले- BJP ने रावत को निपटा दिया; माइक छीना तो आपत्तिजनक शब्द कहकर निकले - Palwal News

Published on 7 सित॰ 2026

हरियाणा के पलवल में UGC इक्विटी रेगुलेशन 2026 के विरोध में सोमवार को बाजार बंद रखकर मीनार गेट पर प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू भी पहुंचे। मंच पर पूर्व विधायक नयनपाल रावत भी मौजूद थे।

.

अम्मू ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की चमचागिरी करने वालों को इस कार्यक्रम का आयोजन नहीं करना चाहिए था। रावत पहले भाजपा में थे और उस समय उन्होंने मजे किए, लेकिन अब भाजपा ने उन्हें ही निपटा दिया। तभी नयनपाल रावत मंच पर पहुंच गए। उन्होंने अम्मू को रोकते हुए कहा कि यहां केवल मुद्दे की बात की जानी चाहिए।

इसके बाद रावत ने अम्मू से माइक लिया और कहा कि अम्मू उनके भाई हैं, लेकिन सभी लोग यहां एक मुद्दे को लेकर एकत्रित हुए हैं। इसलिए व्यक्तिगत टिप्पणी से बचना चाहिए और UGC इक्विटी रेगुलेशन के विरोध की बात करनी चाहिए। इसके बाद अम्मू आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए धरने से चले गए।

बता दें कि 2019 में नयनपाल रावत पृथला से निर्दलीय विधायक बने थे। बाद में उन्होंने भाजपा सरकार को समर्थन दे दिया था। वहीं सूरजपाल अम्मू भी भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रहे हैं। 2024 में उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी।

मीनारगेट पर धरने पर बैठे लोग।

मीनारगेट पर धरने पर बैठे लोग।

मीनारगेट पर पांच घंटे चला प्रदर्शन

विरोध-प्रदर्शन के तहत मीनारगेट पर सवर्ण समाज के लोगों ने सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक पांच घंटे धरना दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में यूजीसी के नियमों को ‘काला कानून’ बताने वाले बैनर और पोस्टर थे। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि इन नियमों से छात्रों के बीच आपसी वैमनस्य बढ़ेगा और कानूनों का दुरुपयोग होगा। इसी दौरान मंच पर नयनपाल रावत और सूरपाल अम्मू के बीच विवाद हुआ।

अम्मू बोले- चमचागिरी करने वालों को कार्यक्रम नहीं करना चाहिए

कार्यक्रम छोड़कर जाते समय सूरजपाल अम्मू ने कहा, “भाजपा की चमचागिरी करने वाले लोगों को यह कार्यक्रम नहीं करना चाहिए। सरकार हमने चुनी है तो हम उनसे क्या मांग रहे हैं। यहां भाजपा के पदाधिकारी मेरे साथ भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। इनको टिकट चाहिए, सामान्य वर्ग को टिकट नहीं चाहिए। सामान्य वर्ग उठाना जानता है तो गिराना भी जानता है।”

पलवल में आज बाजार पूरी तरह से बंद रहे।

पलवल में आज बाजार पूरी तरह से बंद रहे।

रावत बोले- अम्मू को सवर्ण समाज देखेगा

विवाद पर पूर्व विधायक नयनपाल रावत ने कहा कि ये किसी एक का प्रोग्राम नहीं था। सूजपाल अम्मू के बयान को सवर्ण समाज देखेगा, लेकिन यहां सभी लोग राजनीति से ऊपर उठकर आए हैं। हम लोग समाज की लड़ाई लड़ रहे हैं। मैं इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता।

ब्राह्मण सभा के प्रधान बोले- मर्यादा नहीं भूलनी चाहिए

पलवल ब्राह्मण सभा के प्रधान अमन भारद्वाज ने अम्मू के बयान पर कहा कि यहां सभी लोग राजनीति से ऊपर उठकर पहुंचे थे। किसी को भी बयान देने से पहले मर्यादा नहीं भूलनी चाहिए। सूरजपाल अम्मू को इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए था। उन्होंने इसकी निंदा की।