Bihar STET Notification 2026: बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2026 का विस्तृत नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 अगस्त 2026 से शुरू होकर 31 अगस्त 2026 तक चलेगी। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी 31 अगस्त 2026 है।
एसटीईटी 2026 के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आधिकारिक आवेदन पोर्टल stateregistration.cbtexam.in पर जाना होगा। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। वहीं, परीक्षा कई शिफ्टों में आयोजित होने के कारण अंकों के निर्धारण में नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
बिहार STET 2026: दो पेपर में होगी परीक्षा
एसटीईटी परीक्षा दो पेपर में आयोजित की जाएगी। पेपर-1 माध्यमिक स्तर यानी कक्षा 9वीं और 10वीं के शिक्षकों के लिए होगा, जबकि पेपर-2 उच्च माध्यमिक यानी कक्षा 11वीं और 12वीं के शिक्षकों के लिए आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता और विषय के अनुसार एक या दोनों पेपर के लिए आवेदन कर सकते हैं।
पेपर-1 में इन विषयों की परीक्षा
माध्यमिक स्तर के पेपर-1 में हिन्दी, उर्दू, संस्कृत, बंगला, मैथिली, फारसी, भोजपुरी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान समेत कई विषय शामिल हैं। इसके अलावा शारीरिक शिक्षा, संगीत, ललित कला, नृत्य और विशेष विद्यालय अध्यापक के लिए भी परीक्षा होगी।
पेपर-2 में विषयों की लंबी सूची
उच्च माध्यमिक स्तर के पेपर-2 में हिन्दी, उर्दू, अंग्रेजी, संस्कृत, बंगला, मैथिली, मगही, अरबी, फारसी, भोजपुरी, पाली, प्राकृत, गणित, भौतिकी, रसायन शास्त्र, वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान, इतिहास, भूगोल, राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान, गृह विज्ञान, वाणिज्य, कंप्यूटर साइंस, कृषि और संगीत जैसे विषय शामिल हैं।
STET 2026 के लिए उम्र सीमा
अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी।
अनारक्षित पुरुष: अधिकतम 37 वर्ष
अनारक्षित महिला: अधिकतम 40 वर्ष
BC/EBC पुरुष और महिला: अधिकतम 40 वर्ष
SC/ST पुरुष और महिला: अधिकतम 42 वर्ष
नोटिफिकेशन में आरक्षित वर्ग के लिए लागू नियमों के अनुसार आयु सीमा का लाभ दिया जाएगा।
पेपर-1 के लिए शैक्षणिक योग्यता
सामान्य विषयों के लिए अभ्यर्थी के पास संबंधित विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री और B.Ed. होना चाहिए। NCTE के नियमों के तहत 45 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक/स्नातकोत्तर तथा B.Ed. की योग्यता भी मान्य होगी। इसके अलावा 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक और मान्यता प्राप्त संस्थान से चार वर्षीय B.A.Ed./B.Sc.Ed. की डिग्री वाले अभ्यर्थी भी पात्र होंगे।
पेपर-2 के लिए योग्यता
पेपर-2 के लिए संबंधित विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर डिग्री और B.Ed. जरूरी है। NCTE नियमों के तहत 45 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर और B.Ed. की योग्यता भी मान्य होगी। इसके अलावा 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर तथा चार वर्षीय B.A.Ed./B.Sc.Ed. डिग्री वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। 55 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड के साथ स्नातकोत्तर और तीन वर्षीय एकीकृत B.Ed.-M.Ed. वाले अभ्यर्थी भी पात्र होंगे।
कंप्यूटर साइंस वालों को B.Ed. में छूट
कंप्यूटर साइंस के विषय कोड 227 के लिए B.Ed. की अनिवार्यता नहीं रखी गई है। इसके लिए 50 प्रतिशत अंकों के साथ B.E./B.Tech (Computer Science/IT) या समकक्ष डिग्री/डिप्लोमा, M.Sc. Computer Science/MCA अथवा DOEACC के A/B लेवल के साथ स्नातकोत्तर योग्यता निर्धारित है।
विषय संयोजन भी बेहद महत्वपूर्ण
माध्यमिक स्तर पर गणित के लिए स्नातक में गणित के साथ फिजिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, केमिस्ट्री या स्टैटिस्टिक्स में से दो विषय होना जरूरी है। विज्ञान के लिए जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और रसायन शास्त्र का अध्ययन आवश्यक है। सामाजिक विज्ञान के लिए इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र और राजनीति शास्त्र में से दो विषय होने चाहिए, जिसमें इतिहास या भूगोल में से कम से कम एक विषय जरूरी है। उच्च माध्यमिक स्तर पर भी विषय के अनुसार निर्धारित पोस्टग्रेजुएट विषय संयोजन का पालन करना होगा।
STET 2026 परीक्षा पैटर्न
एसटीईटी परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। इनमें विषय से जुड़े 100 अंक के प्रश्न और शिक्षण कला एवं अन्य दक्षता से संबंधित 50 अंक के प्रश्न होंगे।
कुल प्रश्न: 150
कुल अंक: 150
परीक्षा अवधि: 150 मिनट
प्रश्न प्रकार: बहुविकल्पीय
नेगेटिव मार्किंग: नहीं
कई शिफ्ट में परीक्षा होने पर अभ्यर्थियों के अंकों का निर्धारण नॉर्मलाइजेशन के आधार पर किया जाएगा।
पास होने के लिए कितने अंक जरूरी?
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 50 प्रतिशत यानी 75 अंक प्राप्त करने होंगे। BC के लिए 45.5 प्रतिशत यानी 68.25 अंक, EBC के लिए 42.5 प्रतिशत यानी 63.75 अंक और SC/ST, दिव्यांग तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 40 प्रतिशत यानी 60 अंक निर्धारित हैं।
आवेदन शुल्क कितना है?
एक पेपर के लिए सामान्य, EWS, BC और EBC अभ्यर्थियों को 960 रुपये, जबकि SC/ST और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 760 रुपये शुल्क देना होगा। दोनों पेपर के लिए सामान्य, EWS, BC और EBC अभ्यर्थियों का शुल्क 1,440 रुपये तथा SC/ST और दिव्यांग अभ्यर्थियों का शुल्क 1,140 रुपये है।
आवेदन के तीन चरण
आवेदन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी के माध्यम से रजिस्ट्रेशन होगा और OTP से सत्यापन किया जाएगा। दूसरे चरण में व्यक्तिगत और शैक्षणिक विवरण भरना होगा। तीसरे चरण में नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से परीक्षा शुल्क का भुगतान करना होगा। अभ्यर्थियों को हाल का रंगीन फोटो और हस्ताक्षर भी अपलोड करना होगा। फोटो का आकार 20 से 100 KB और हस्ताक्षर का आकार 10 से 50 KB निर्धारित किया गया है।
कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी?
आवेदन के दौरान मैट्रिक प्रमाण पत्र एवं अंकपत्र, इंटर प्रमाण पत्र एवं अंकपत्र, स्नातक प्रमाण पत्र एवं अंकपत्र, पेपर-2 के लिए स्नातकोत्तर प्रमाण पत्र एवं अंकपत्र, B.Ed. प्रमाण पत्र एवं अंकपत्र सहित अन्य शैक्षणिक प्रमाण पत्र अपलोड करने होंगे। इसके अलावा बिहार के स्थायी निवासियों के लिए आवासीय प्रमाण पत्र, SC/ST के लिए जाति प्रमाण पत्र, BC/EBC के लिए NCL प्रमाण पत्र, EWS और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए संबंधित प्रमाण पत्र भी जरूरी होंगे।
STET पास करने के बाद क्या फायदा होगा?
एसटीईटी 2026 पास करने वाले अभ्यर्थियों को पात्रता प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा, जिसकी वैधता लाइफटाइम होगी। पेपर-1 पास अभ्यर्थी कक्षा 9वीं-10वीं की शिक्षक भर्ती में और पेपर-2 पास अभ्यर्थी कक्षा 11वीं-12वीं की शिक्षक भर्ती में शामिल होने की पात्रता हासिल करेंगे।
यानी एसटीईटी पास करने वाले अभ्यर्थियों के लिए आगे होने वाली शिक्षक नियुक्ति प्रक्रियाओं में शामिल होने का रास्ता खुल जाएगा। बिहार में आगामी शिक्षक भर्ती परीक्षाओं, विशेषकर BPSC शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह परीक्षा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कब से करें आवेदन?
बिहार STET 2026 के लिए 17 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे और 31 अगस्त 2026 अंतिम तिथि होगी। अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले विषय, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और प्रमाण पत्रों से जुड़ी सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ लें। आवेदन में किसी तरह की गलती से बचने के लिए सभी दस्तावेज और आवश्यक जानकारी पहले से तैयार रखना बेहतर होगा।
महत्वपूर्ण: आवेदन और परीक्षा से जुड़ी अंतिम एवं आधिकारिक जानकारी के लिए BSEB द्वारा जारी STET 2026 नोटिफिकेशन को ही मान्य आधार मानें।