Bihar MLC Election 2026 : बिहार विधान परिषद चुनाव में अनंत के उम्मीदवार (जन सुराज ) के नामांकन के दौरान मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन सिर्फ भीड़ जुटाने की कवायद भर नहीं था। पटना में दिखे इस शक्ति प्रदर्शन ने जनता दल यूनाइटेड के भीतर चल रही खींचतान और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जदयू के भीतर गुटबाजी का वह दौर शुरू हो गया है, जिसकी आहट लंबे समय से सुनाई दे रही थी? और अगर ऐसा है तो क्या यह सीधे नीतीश कुमार के सामने खड़े होते एक नए राजनीतिक समीकरण की शुरुआत है?
अनंत सिंह के नामांकन में जिस तरह समर्थकों की भीड़ उमड़ी और जिस अंदाज में नारे लगे, उसने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी। खास तौर पर नीतीश कुमार, निशांत कुमार और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह के नाम के साथ लगे जयकारों ने इस पूरे शक्ति प्रदर्शन को सामान्य चुनावी कार्यक्रम से अलग कर दिया। सवाल इसलिए भी बड़ा है क्योंकि इन नारों को जदयू के भीतर बन रहे किसी समीकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। बड़े कैनवास पर देखें तो अनंत सिंह का यह शक्ति प्रदर्शन जदयू के अंदर चल रहे तमाम किंतु-परंतु का जवाब देता दिखाई पड़ा। राजनीति में भीड़ सिर्फ भीड़ नहीं होती। भीड़ के साथ लगे नारे, मंच पर मौजूद चेहरे और किन नामों का जयकारा लगाया जा रहा है, कई बार उससे ज्यादा कह जाते हैं जितना मंच से दिया गया कोई भाषण नहीं कह पाता। अनंत सिंह के कार्यक्रम में भी कुछ ऐसा ही हुआ।
एक तरफ जन सुराज के उम्मीदवार ( मुख्य रूप से अनंत सिंह का कैंडिडेट ) मैदान में थे, दूसरी तरफ जदयू के विधायक अनंत सिंह अपने समर्थकों की भारी मौजूदगी के साथ शक्ति प्रदर्शन करते दिखे। लेकिन इस पूरी तस्वीर में सबसे ज्यादा चर्चा उन नारों की हुई, जिनमें नीतीश कुमार, निशांत कुमार और ललन सिंह के नाम एक साथ सुनाई दिए। यही वह बिंदु है जहां से कहानी सिर्फ अनंत सिंह और उनके कैंडिडेट के नामांकन तक सीमित नहीं रहती, बल्कि जदयू की अंदरूनी राजनीति तक पहुंच जाती है।
इन नारों को लेकर राजनीतिक हलकों में एक पुराने घटनाक्रम की भी चर्चा होने लगी है। वह समय जब ललन सिंह की भूमिका को लेकर एक कार्यक्रम के दौरान यह बात सामने आई थी कि उन्होंने निशांत कुमार की तरफ इशारा करते हुए नीतीश कुमार से उन्हें आशीर्वाद देने की बात कही थी। इस प्रसंग को उस दौर की राजनीतिक तस्वीर में एक महत्वपूर्ण संकेत के तौर पर देखा गया था। इसी क्रम में निशांत कुमार को फ्लैट गिफ्ट किए जाने की चर्चा भी राजनीतिक गलियारों में होती रही है।
अब पटना में अनंत सिंह के शक्ति प्रदर्शन के दौरान जब नीतीश-निशांत-ललन के नाम एक साथ गूंजे तो पुराने घटनाक्रम और मौजूदा राजनीतिक संकेतों को जोड़कर नए समीकरण की चर्चा शुरू होना स्वाभाविक था। हालांकि नारे किसी राजनीतिक गठजोड़ का आधिकारिक ऐलान नहीं होते, लेकिन राजनीति में नारे भी कई बार संदेश का काम करते हैं। खासकर तब, जब वे ऐसे समय में सामने आएं जब पार्टी के भीतर कई स्तरों पर असहजता और सवालों की चर्चा चल रही हो।
जदयू की अंदरूनी राजनीति का दूसरा सिरा हाल के एक प्रबोधन कार्यक्रम से जुड़ता है। नए विधायकों को लेकर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने एक बैठक की थी। बैठक का मकसद विधायकों को जानकारी देना और संगठनात्मक स्तर पर संवाद कायम करना था। लेकिन इसी बैठक में कुछ विधायकों ने पार्टी नेतृत्व के सामने ऐसा सवाल रख दिया, जिसने भीतर की खामोशी को आवाज दे दी। बताया जाता है कि रामानंद मंडल, नचिकेता मंडल समेत कई विधायकों ने सवाल उठाया कि केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह को इस कार्यक्रम में क्यों नहीं बुलाया गया। सवाल उठाने वालों की दलील थी कि ललन सिंह पार्टी के फाउंडर सदस्यों में रहे हैं और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। ऐसे में पार्टी के नए विधायकों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उनकी अनुपस्थिति पर सवाल उठना स्वाभाविक था।
यहीं से संजय झा और ललन सिंह के बीच मतभेद की चर्चा भी तेज हुई। बैठक में उठे सवालों ने यह संकेत जरूर दिया कि पार्टी के भीतर हर चीज उतनी सहज नहीं है, जितनी बाहर से दिखाई देती है। जदयू की राजनीति में लंबे समय से नीतीश कुमार के नेतृत्व के इर्द-गिर्द संगठन की पूरी संरचना रही है। ऐसे में किसी भी नेता को लेकर उठता सवाल सिर्फ उस नेता तक सीमित नहीं रहता, बल्कि धीरे-धीरे नेतृत्व, संगठन और भविष्य के समीकरणों तक पहुंच जाता है।अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन इसी पृष्ठभूमि में हुआ। इसलिए इसे केवल एक उम्मीदवार के नामांकन में जुटी भीड़ मानकर छोड़ देना राजनीतिक रूप से शायद तस्वीर का छोटा हिस्सा देखना होगा। असली तस्वीर उन संकेतों में है, जो भीड़ और नारों के बीच से बाहर आए।
सबसे अहम बात यह है कि जदयू की राजनीति में अब सिर्फ नीतीश कुमार बनाम दूसरे नेताओं की चर्चा नहीं है। निशांत कुमार का नाम लगातार राजनीतिक चर्चाओं में आ रहा है। ललन सिंह की भूमिका को लेकर भी पार्टी के भीतर और बाहर सवाल उठते रहे हैं। दूसरी तरफ संजय झा संगठन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में जब किसी शक्ति प्रदर्शन में नीतीश, निशांत और ललन के नाम एक साथ गूंजते हैं तो राजनीति अपने आप सवाल पूछने लगती है कि आखिर संदेश क्या है?
क्या यह महज समर्थकों का उत्साह था? क्या यह अनंत सिंह की अपनी राजनीतिक शैली थी? या फिर जदयू के भीतर अलग-अलग नेताओं और प्रभावशाली चेहरों के बीच बनते-बिगड़ते समीकरणों की झलक? इसका स्पष्ट जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है। लेकिन इतना जरूर है कि इस शक्ति प्रदर्शन ने सवालों को दबाया नहीं, बल्कि और तेज कर दिया है।
नीतीश कुमार के सामने जदयू की अंदरूनी राजनीति में यह नया अध्याय कितना बड़ा होगा, इसका फैसला आने वाले समय में होगा। फिलहाल इतना जरूर दिख रहा है कि पार्टी के भीतर सवाल अब बंद कमरों से निकलकर सार्वजनिक मंचों और राजनीतिक नारों तक पहुंचने लगे हैं। और राजनीति में जब अंदर की बेचैनी नारों की आवाज बन जाए, तो उसे महज शोर मानकर नजरअंदाज करना आसान नहीं होता। अनंत सिंह के शक्ति प्रदर्शन ने शायद कोई औपचारिक राजनीतिक घोषणा नहीं की, लेकिन उसने एक सवाल जरूर छोड़ दिया है—क्या जदयू में गुटबाजी की वह कहानी शुरू हो चुकी है, जिसकी पहली पंक्ति अब खुले मंच पर पढ़ी जा रही है?