मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र के भागवतपुर गांव के पास एनएच-722 पर दो ढाबा संचालकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा को लेकर विवाद था। इस मारपीट में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
घटना के बाद ढाबा संचालक फरार
घटना के बाद एक ढाबे का संचालक मौके से फरार हो गया, जबकि उसके मैनेजर को दूसरे पक्ष ने पकड़ लिया। आरोप है कि मैनेजर की लोहे की पाइप और लाठियों से बेरहमी से पिटाई की गई। इतना ही नहीं, उसके साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए कथित तौर पर थूक तक चटवाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
ढाबा संचालक और सहयोगियों ने पाइप और लाठियों से जमकर पीटा
घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मारपीट के बाद एक स्थानीय ढाबे के संचालक और उनके सहयोगी मौके से भाग निकले। इसी दौरान ढाबे के मैनेजर राम विनोद ठाकुर दूसरे पक्ष के हत्थे चढ़ गए। आरोप है कि डियर ढाबा के संचालक और उनके सहयोगियों ने उन्हें चौकी पर बैठाकर पाइप और लाठियों से जमकर पीटा। वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ मारपीट और कथित तौर पर थूक चटवाने जैसी अमानवीय हरकत भी दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह घटना तीन दिन पुरानी है, लेकिन इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
होटल की नकदी लेकर फरार हुए
इस मामले में एक ढाबे के संचालक कर्नल प्रसाद यादव ने करजा थाना में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि दूसरे ढाबे के संचालक देवेंद्र राय, जितेंद्र कुमार और अखिलेश राय देर रात उनके होटल पहुंचे, वहां तोड़फोड़ की, कर्मचारियों के साथ मारपीट की और होटल की नकदी लेकर फरार हो गए। साथ ही, जान से मारने की धमकी देने और होटल का सामान क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप लगाया गया है। वहीं, दूसरे ढाबे के संचालक ने भी यूपी ढाबा के संचालक और उनके सहयोगियों पर होटल में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज तथा होटल का सामान फेंककर नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।
ये भी पढ़ें- 27 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ धराए थानाध्यक्ष, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप
इस पूरे मामले को लेकर करजा थानाध्यक्ष राम एकबाल प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर अलग-अलग धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। करजा थाना पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।