BCCI पर मोहम्मद शमी ने कसा तंज, बोले- टीम इंडिया में दोबारा मौका न मिला तो इससे मेरा कोई नुकसान नहीं

Published on 10 अक्टू॰ 2026

Cricket News : टीम इंडिया में भुवनेश्वर कुमार की चार साल बाद वापसी हुई तो कई खिलाड़ियों के लिए उम्मीद किरण दिखी, जो लंबे समय से टीम में मौके के इंतजार में बैठे हुए हैं। इनमें सबसे प्रमुख नाम अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का है। लेकिन, शमी ने अपनी वापसी की संभावनाओं पर जो ताजा बयान दिया है वो शायद बीसीसीआई को पसंद नहीं आए।

पढ़ें :- जयंत चौधरी से मोहम्मद शमी ने की मुलाकात, तस्वीर वायरल होते ही चढ़ा सियासी पारा, क्या क्रिकेटर अमरोहा से नई पारी का करेंगे आगाज?

दरअसल, मोहम्मद शमी का कहना है कि अगर उन्हें टीम इंडिया में दोबारा मौका नहीं मिलता तो इससे उनका कोई नुकसान नहीं होगा। रेव स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के अनुसार, बंगाल कल्याणी में दिल्ली के ख़िलाफ़ रणजी ट्रॉफ़ी मैच की तैयारी कर रहे तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी से जब राष्ट्रीय टीम में भुवनेश्वर की वापसी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया।

शमी ने कहा, “भुवनेश्वर कुमार को भारत के लिए खेलने का मौका मिला, और यह उनके लिए अच्छी बात है। लेकिन उनके चयन से मुझे कोई फ़र्क नहीं पड़ता। मुझे जहाँ भी खेलने का मौका मिलेगा, मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूँगा। अभी मेरा पूरा ध्यान इस रणजी मैच पर है।” जब उनसे पूछा गया कि भुवनेश्वर की वापसी से क्या उन्हें भारतीय ड्रेसिंग रूम में वापसी की उम्मीद दिखाई दी है?

इस सवाल का बेबाकी से जवाब देते हुए तेज गेंदबाज ने कहा, “पिछले दो-तीन सालों से मेरे साथ भी यही हो रहा है। मैं लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा हूं और बंगाल के लिए अपनी फ़िटनेस साबित कर चुका हूँ। अगर मुझे दोबारा भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिलता, तो इसमें मेरा कोई नुकसान नहीं है।”

बता दें कि मोहम्मद शमी लंबे समय से टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच 2023 WTC फ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ ओवल में खेला था। वहीं, शमी ने अपना हालिया वनडे मैच 2025 चैंपियंस ट्रॉफ़ी फ़ाइनल में खेला था, जहां वे पांच मैचों में नौ विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ रहे थे।

पढ़ें :- दलीप ट्रॉफी फाइनल में साउथ जोन की हालत कमजोर, ईस्ट जोन के 708 रन के जवाब में 6 विकेट पर 242

शमी का ताजा बयान इस बात को दर्शाता है कि उन्होंने टीम में वापसी का इंतजार करना छोड़ दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि भुवनेश्वर के बाद शमी की टीम में वापसी हो पाती है या नहीं।