Bank Holidays Next Week: अगले हफ्ते 4 दिन बंद रहेंगे बैंक, सोमवार को ही निपटा लें जरूरी काम

Published on 23 अग॰ 2026

Bank Holidays Next Week: अगले हफ्ते 4 दिन बंद रहेंगे बैंक, सोमवार को ही निपटा लें जरूरी काम

अगले सप्ताह 4 दिन बंद रहेंगे बैंक

Bank Holidays Next Week: अगर आपको अगले हफ्ते बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो सोमवार, यानी 24 अगस्त का दिन आपके लिए बेहद अहम है. इस दिन बैंक खुलेंगे, लेकिन इसके बाद 25 से 30 अगस्त के बीच अलग-अलग राज्यों और शहरों में छुट्टियां रहेंगी. ऐसे में अगर आप बैंक जाने की सोच रहे हैं, तो छुट्टियों की लिस्ट देखकर ही घर से निकलें, वरना आपको निराश लौटना पड़ सकता है. हालांकि, कैश निकालने या डिजिटल लेन-देन के लिए एटीएम और नेट बैंकिंग जैसी सेवाएं पूरी तरह से चालू रहेंगी.

सोमवार को बढ़ सकता है कामकाज का दबाव

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के मुताबिक, सभी सरकारी, प्राइवेट, विदेशी और ग्रामीण बैंकों में हर रविवार को छुट्टी होती है. इसके साथ ही, महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को भी बैंकों में कामकाज नहीं होता है. आज (22 अगस्त) महीने का चौथा शनिवार है और कल रविवार है, जिसकी वजह से लगातार दो दिन बैंक बंद हैं. ऐसे में, दो दिन की छुट्टी के बाद जब सोमवार को बैंक खुलेंगे, तो वहां ग्राहकों की भारी भीड़ होने की संभावना है. आमतौर पर वीकेंड की छुट्टी के बाद सोमवार को बैंकों में ज्यादा काम होता है.

त्योहारों के कारण इन शहरों में नहीं खुलेंगे बैंक

अगले हफ्ते मंगलवार (25 अगस्त) को फर्स्ट ओणम, मिलाद-उन-नबी और मिलाद-ए-शरीफ के मौके पर कोच्चि और तिरुवनंतपुरम में बैंक बंद रहेंगे. इसके बाद, 26 अगस्त को ईद-ए-मिलाद या बरावफात के मौके पर दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, पटना, रांची, रायपुर, नागपुर और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में बैंकों की शाखाओं में ताला रहेगा. इन छुट्टियों का असर आम लोगों के उन कामों पर पड़ सकता है, जिनके लिए बैंक शाखा में जाना जरूरी है.

रक्षाबंधन पर कहां-कहां बंद रहेंगे बैंक?

उत्तर भारत में रक्षाबंधन का त्योहार बड़े स्तर पर मनाया जाता है. इस साल यह त्योहार शुक्रवार, 28 अगस्त को पड़ रहा है. इस दिन कानपुर, भोपाल, जयपुर और अहमदाबाद जैसे शहरों में बैंक बंद रहेंगे. इसके अलावा कुछ और क्षेत्रीय त्योहारों के कारण कोच्चि में भी छुट्टी रहेगी.

शनिवार को बैंक खुले रहेंगे, अगले दिन फिर छुट्टी

राहत की बात यह है कि इस महीने 29 अगस्त को शनिवार होने के बावजूद बैंक खुले रहेंगे. इसकी वजह यह है कि यह अगस्त का पांचवां शनिवार है, और आरबीआई के नियम सिर्फ दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी का प्रावधान करते हैं. हालांकि, इसके तुरंत बाद 30 अगस्त को रविवार आ जाएगा, जिस दिन देशभर के सभी बैंक बंद रहते हैं. इसलिए, बैंक जाने से पहले अपनी स्थानीय शाखा की हॉलिडे लिस्ट जरूर चेक कर लें, ताकि आपको किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

विभव शुक्ला

विभव शुक्ला

विभव शुक्ला वर्तमान में TV9 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर बिजनेस डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता में उन्हें छह वर्षों का अनुभव है. विभव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी. इसके बाद वह Inshorts और गुजरात फर्स्ट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े रहे हैं.

Read More

google button