बारिश थमी, बढ़ा प्रदूषण; बिलासपुर में ज्यादा: AQI होना चाहिए 50 तक, बिलासपुर में 111, रायपुर में 75 और भिलाई में 62 - Raipur News

Published on 16 अक्टू॰ 2026

छत्तीसगढ़ से मानसून 12 अक्टूबर को विदा हो गया। इसके साथ ही प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगा है। वर्तमान परिस्थितियों में सबसे अधिक प्रदूषण बिलासपुर में दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण मंडल की रिपोर्ट के अनुसार 15 अक्टूबर को एयर क्वालिटी इंडेक्स

.

12 अक्टूबर को पूरे छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई के बाद दक्षिण-पश्चिमी हवा का प्रभाव खत्म हो गया। वातावरण शुष्क होने से धूल के गुबार उठने लगे हैं। इससे ही सबसे अधिक परेशानी हो रही है। गाड़ियों के पीछे धूल उड़ती हुई साफ देखी जा सकती है। लिहाजा बिलासपुर का एक्यूआई इस बार पिछले साल 15 अक्टूबर के मुकाबले 9 अंक अधिक है।

इसके पीछे वहां सड़क किनारे चल रहे निर्माण और सफाई का ना होना ही प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। रायपुर में यह पिछले साल के 64 से बढ़कर 75 पहुंच गया। वहीं कोरबा में एक्यूआई 36 से बढ़कर 48 हुआ, जबकि भिलाई में पिछले साल के 70 से घटकर 62 दर्ज किया गया। मानसून की विदाई के बाद रात का तापमान सामान्य से नीचे पहुंचने, हवा की गति कम होने और वातावरण की निचली परतों में प्रदूषकों के जमा होने से प्रदूषण बढ़ने लगा।

प्रमुख शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI)

तारीखरायपुर (2026)रायपुर (2025)बिलासपुर (2026)बिलासपुर (2025)कोरबा (2026)कोरबा (2025)भिलाई (2026)भिलाई (2025)
11 अक्टू.7478739237275770
12 अक्टू.6967806644266967
13 अक्टू.7291758845256487
14 अक्टू.7560899745306485
15 अक्टू.756411110248366270

रायपुर व बस्तर के मौसम में बदलाव के आसार

प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। रायपुर और सरगुजा संभाग से लेकर बस्तर के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 16 अक्टूबर को एक-दो स्थानों पर बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण तटीय तमिलनाडु से ओडिशा तट के पास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक दक्षिण-पश्चिम और मध्य-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से होकर गुजरने वाली द्रोणिका समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई तक फैली है।

दूसरी द्रोणिका उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वी-मध्य अरब सागर तक पूर्वी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से होकर गुजर रही है। यह समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर है। इन मौसमी प्रणालियों से समुद्र से नमी आने लगी है। बस्तर संभाग के सभी जिलों में बारिश की संभावना है। रायपुर में 16 अक्टूबर को आकाश साफ रहने, दोपहर या शाम को आंशिक बादल छाने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रह सकता है।